एक दिन में अब तक के रिकॉर्ड 81 हजार पांच सौ कोरोना मरीज स्वस्थ हुए
नई दिल्ली। कोविड-19 से पिछले चौबीस घंटों में 81 हजार 533 मरीज स्वस्थ हुए हैं। एक दिन में ठीक होने वालों की यह सबसे अधिक संख्या है। देश में अब तक 36 लाख 24 हजार से ज्यादा लोग वायरस संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। स्वस्थ होने वालों की दर 77.77 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि स्वस्थ होने वालों और सक्रिय मामलों की संख्या में तेजी से अंतर आ रहा है। कुल संक्रमित मरीजों में से तीन चौथाई मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि चौथाई मामले अभी सक्रिय हैं। स्वस्थ होने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि होने से अब कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बीस दशमलव पांच छह प्रतिशत रह गई है। स्वस्थ होने वालों की संख्या सक्रिय मामलों से लगभग चार गुणा अधिक है। पिछले 29 दिन में स्वस्थ होने वालों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि ठीक होने वालों की दर में लगातार वृद्धि नौ राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में स्वस्थ होने की दर 80 प्रतिशत से अधिक होने के कारण संभव हो पाई है। इन राज्यों में बिहार, तमिलनाडु, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और गुजरात शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया है कि संक्रमण का जल्दी पता लगाने, उपचार और सघन चिकित्सा कक्ष के डॉक्टरों की कुशलता से भारत में स्वस्थ होने वालों की दर में वृद्धि हो रही है। विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों से स्वस्थ होने की उच्च दर की रिपोर्ट मिली है। स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या का लगभग साठ प्रतिशत पांच राज्यों महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में है। सघन और विस्तृत जांच से संक्रमण का जल्द पता लगाने और अस्पतालों में उपचार तथा पृथकवास की सुविधा से स्वस्थ होने की उच्च दर हासिल की जा सकी है।
इस समय देश में कोविड-19 से मृत्यु दर 1.66 प्रतिशत है। विश्व में औसत मृत्यु दर तीन प्रतिशत से ऊपर है। इसके मुकाबले भारत में मृत्यु दर कम है। 17 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में मृत्यु दर एक दशमलव से भी कम है। पिछले चौबीस घंटों में 97 हजार पांच सौ 70 नए मामले आने से कुल मामलों की संख्या 46 लाख 59 हजार नौ सौ 85 हो गई है। देश में इस समय सक्रिय मामलों की संख्या नौ लाख 58 हजार तीन सौ 16 हो गई है। पिछले चौबीस घंटों में एक हजार दो सौ एक मौत होने से मरने वालों की संख्या 77 हजार चार सौ 72 हो गई है।

Leave A Comment