केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और कर्नाटक से भाजपा सांसद सुरेश अंगड़ी का आज एम्स में निधन हो गया। वो 65 साल के थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर ट्वीट कर कहा है, श्री सुरेश अंगड़ी एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता थे जिन्होंने पार्टी को कर्नाटक में मज़बूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की थी। वो एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे। सभी तबक़ों में उनकी सराहना की जाती थी। उनका निधन दुखदायी है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। ओम शांति।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री बघेल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दु:ख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट किया-केंद्रीय रेल राज्यमंत्री श्री सुरेश अंगाड़ी जी के आकस्मिक निधन का बेहद दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजन व शुभचिंतकों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति !!
गौरतलब है कि 11 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्होंने ख़ुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट किया था, मेरी कोरोना रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। मैं अभी ठीक हूं, डॉक्टरों से सलाह ले रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे कऱीब संपर्क में आए वो अपनी सेहत का ख्याल रखें और किसी भी लक्षण के दिखने की हालत में अपना टेस्ट करवाएं।

Leave A Comment