केंद्र ने इन राज्यों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद जल्द शुरू करने का आदेश दिया
नई दिल्ली। केन्द्र ने पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की जल्दी खरीद करने का आदेश दिया है। इस कदम का उद्देश्य किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनके उत्पाद बेचने की सुविधा प्रदान करना है। धान की कटाई शुरू हो चुकी है और यह पंजाब तथा हरियाणा की मंडियों में पहुंच रहा है। इसीलिये सरकार ने भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से खरीद प्रकिया शुरू करने पर जोर दिया है। अन्य राज्यों में धान की खरीद पहली अक्तूबर से शुरू होगी। भारतीय खाद्य निगम सहित अन्य एजेंसियां खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलाने के लिए तैयार है।
सरकार कुल धान का 31 प्रतिशत हिस्सा हरियाणा और पंजाब से खरीदने की योजना बना रही है। सरकार खरीफ फसलों की खरीद के मौसम में पंजाब से 113 लाख टन और हरियाणा से 44 लाख टन चावल खरीदेगी। वर्ष 2020-2021 खरीफ मौसम के लिए देश में 495 दशमलव तीन सात लाख टन चावल खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
---
Leave A Comment