रामविलास पासवान के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित अनेक दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया
-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जताया शोक
नई दिल्ली। समाजवादी आंदोलन के स्तंभों में एक रामविलास पासवास के निधन से देश में शोक की लहर है। उनके निधन की ख़बर आते ही लोगों ने उनको श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के अलावा उनके सहयोगी केन्द्रीय मंत्रियों और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्री पासवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.।
शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा -केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे। उन्होंने लिखा है, आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेने वाले पासवान जी तेज तर्रार समाजवादी के रूप मे उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।
रामविलास पासवान के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, दुख बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं; हमारे देश में ऐसा शून्य पैदा हुआ है जो शायद कभी नहीं भरेगा। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, श्री रामविलास पासवान जी का निधन व्यक्तिगत क्षति है। मैंने एक ऐसा मित्र और सहकर्मी खोया है जो पूरे जुनून के साथ हमेशा यह सुनिश्चित करना चाहता था कि प्रत्येक गरीब व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करे।
प्रधानमंत्री ने कहा, पासवान कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर राजनीति में ऊपर आए। युवा नेता के रूप में आपातकाल के दौरान उन्होंने निरंकुशता और हमारे लोकतंत्र पर प्रहार का विरोध किया था। वह उत्कृष्ट सांसद और मंत्री थे, जिन्होंने विभिन्न नीतिगत क्षेत्रों में चिरस्थायी योगदान दिया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया-सदैव गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले हम सबके प्रिय राम विलास पासवान जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखा। उनके स्वर्गवास से भारतीय राजनीति में एक शून्य उत्पन्न हो गया है।
वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया -राष्ट्रीय राजनीति, ख़ासकर बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन का समाचार दु:खद है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं चिराग पासवान जी सहित समस्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
Leave A Comment