देश में अब तक नौ करोड़ से अधिक नमूनों की कोविड जांच की गई
- स्वस्थ होने की दर 87 प्रतिशत से अधिक हुई
नई दिल्ली। देश में अब तक रिकार्ड 9 करोड से अधिक नमूनों की कोविड जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटे के दौरान 11 लाख 45 हजार से अधिक जांच की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि इस साल जनवरी में पुणे में केवल एक प्रयोगशाला में कोविड जांच की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन जांच सुविधा बढ़ाकर अब तक 9 करोड़ 90 हजार से अधिक जांच की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।
देश में कोविड संक्रमण से मुक्त होने की दर 87.05 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 74 हजार से अधिक कोविड मरीज ठीक हुए। अब तक 63 लाख से अधिक लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। कोविड से स्वस्थ लोगों की संख्या निरंतर बढऩे से देश में कोविड उपचार करा रहे लोगों की संख्या कम करने में मदद मिली है। इस समय कुल संक्रमित लोगों की संख्या के केवल 11.42 प्रतिशत मरीज ही उपचार करा रहे हैं। अब 8 लाख 26 हजार मरीजों का उपचार चल रहा है।
पिछले 24 घंटे में 63 हजार 509 लोग संक्रमित हुए। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की संख्या 72 लाख से अधिक हो गई। जांच, निगरानी और उपचार की केंद्र की नीति प्रभावी ढंग से लागू करने के कारण कोरोना से स्वस्थ लोगों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर घटी है। इस समय देश में मृत्यु दर 1.53 प्रतिशत है जो विश्व में सबसे कम मृत्यु दर में से एक है। पिछले 24 घंटे में 730 लोगों की मृत्यु के साथ मृतकों की संख्या एक लाख 10 हजार 586 हो गई है।
Leave A Comment