उपचुनाव से पहले कांग्रेस विधायक का इस्तीफा, भाजपा में शामिल
1 घंटे बाद भाजपा में शामिल
भोपाल। मध्य प्रदेश में उपचुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। मतदान से 8 दिन पहले दमोह से कांग्रेस विधायक राहुल सिंह लोधी ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा को रविवार सुबह इस्तीफा सौंपा। इसके 1 घंटे बाद ही वह भाजपा में शामिल हो गए। इस्तीफा देने के बाद राहुल लोधी सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में वह भाजपा में शामिल हो गए। राहुल लोधी के पार्टी छोडऩे की अटकलें पहले से ही थीं। इसके मद्देनजर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनसे मुलाकात भी की थी। राहुल लोधी दमोह सीट से पहली बार विधायक बने थे। भाजपा के जयंत मलैया को हराया था।
कांग्रेस विधायक के इस्तीफे पर प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर ने कहा कि राहुल लोधी ने दो दिन पहले इस्तीफा दे दिया था। लेकिन, उन्हें दो दिन का समय दिया था, ताकि विधायकी छोडऩे के पहले वे अच्छे से सोच-विचार कर लें। दो दिन बाद भी उन्होंने अपना फैसला नहीं बदला। राहुल बड़ामलहरा से भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह लोधी के चचेरे भाई हैं। प्रद्युम्न भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। तब राहुल ने कहा था कि कांग्रेस ने ही उन्हें राजनीतिक रूप से सक्षम बनाया है, इसलिए वह हमेशा कांग्रेस के साथ रहेंगे। परिस्थितियां कैसी भी आ जाएं, वह कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ेंगे।
Leave A Comment