65 साल की उम्र में पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे रचाएंगे दूसरी शादी
नई दिल्ली। भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और मशहूर अधिवक्ता हरीश साल्वे 65 साल की उम्र में दूसरी शादी करने जा रहे हैं। साल्वे अगले हफ्ते ब्रिटेन के एक चर्च में कैरोलिन ब्रॉसर्ड से शादी करेंगे। हरीश साल्वे और कैरोलिन की यह दूसरी शादी है। इससे पहले हरीश साल्वे ने मीनाक्षी साल्वे से शादी की थी। 38 साल तक दोनों साथ रहे। दोनों की दो बेटियां भी हैं। पिछले महीने की हरीश साल्वे और मीनाक्षी साल्वे का तलाक हुआ है।
खबर के अनुसार, हरीश साल्वे की तरह ही कैरोलिन की भी एक बार शादी हो चुकी है और उनकी एक बेटी भी है। कैरोलिन पेशे से कलाकार हैं और 56 साल की हैं। साल्वे कुलभूषण जाधव समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुकदमों में भारत सरकार की पैरवी कर चुके हैं। इनके अलावा देश के नामी उद्योगपतियों और कंपनियों जैसे वोडाफोन, रिलायंस, मुकेश अंबानी आदि से जुड़े मामलों की भी बतौर वकील कोर्ट में पैरवी कर चुके हैं।
महारानी के भी वकील
बता दें कि ब्रिटेन और वेल्स की अदालतों के लिए हरीश साल्वे को वहां की महारानी का वकील भी नियुक्त किया जा चुका है। ब्रिटेन के न्याय मंत्रालय ने 16 मार्च 2020 में उन्हें यह नियुक्ति दी थी। जिन वकीलों को वकालत के संचालन में विशेष कौशल और विशेषज्ञता होती है, उन्हें ब्रिटेन की महारानी का वकील नियुक्त किया जाता है।
नागपुर से की एलएलबी
हरीश साल्वे ने एलएलबी की पढ़ाई नागपुर विश्वविद्यालय से की थी और साल 1980 में उन्होंने जेबी दादाचांदजी एंड कंपनी से अपना वकालत का करियर शुरू किया था। साल 1992 में हरीश साल्वे को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया था। साल्वे 1999-2002 तक भारत के सॉलिसिटर जनरल रह चुके हैं।
--
Leave A Comment