बोरे के अंदर 15 टुकड़ों में मिली महिला की सिर कटी लाश
मेरठ। मेरठ में एक महिला की हत्या करने के बाद उसके टुकड़े -टुकड़े कर फेंकने का मामला सामने आया है। महिला की लाश करीब 15 टुकड़ों में मिली है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस को आशंका है कि हत्याकांड को कहीं और अंजाम देकर शव को यहां फेंका गया है। इसके पीछे हत्यारोपियों की मंशा महिला की पहचान छिपाना रही होगी। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एसएसपी अजय साहनी, ने बताया है कि एक अज्ञात महिला की कई टुकड़ों में लाश मिली है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। महिला का सिर नहीं मिलने से शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल, टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में सौ फुटा रोड पर फातिमा कॉलोनी का है। सोमवार शाम करीब साढ़े बजे श्मशान और कब्रिस्तान के बीच में कूड़े के ढेर पर एक महिला का धड़ मिला। पुलिस को सूचना दी गई। छानबीन शुरू हुई तो कूड़े के ढेर पर ही प्लास्टिक का कट्टा मिला। पुलिस ने कट्टे को खोला तो उसमें शरीर के अन्य टुकड़े मिले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाश करीब 12 से 15 टुकड़ों में थी। सिर गायब है, इससे मृतका की पहचान नहीं हो पाई।
घटना की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, एएसपी किशन बिश्नोई, सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने बोरी का मुंह खोलकर देखा तो सबके होश उड़ गए। बोरी के अंदर एक महिला की लाश के लगभग 15 टुकड़े भरे हुए थे। महिला की गर्दन के ऊपर का हिस्सा गायब था। ये नजारा देखते ही पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
इस बारे में एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया देखने से लग रहा है कि महिला की हत्या किसी दूसरे स्थान पर करने के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े करके उसे वहां फेंका गया है। एसपी सिटी ने बताया पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के सहारे कातिलों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटना के खुलासे के लिये टीमें गठित कर दी हंै।
Leave A Comment