वानती श्रीनिवासन बनीं भाजपा महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पार्टी की तमिलनाडु इकाई की उपाध्यक्ष वानती श्रीनिवासन को महिला मोर्चे का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही उन्होंने अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल इकाई के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई और कहा गया कि दोनों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पेशे से वकील श्रीनिवासन तमिलनाडु भाजपा में कई पदों पर रह चुकी हैं। वह विजया रहातकर की जगह लेंगी। पिछले महीने नड्डा ने अपनी नयी टीम की घोषणा करते हुए महिला मोर्चे को छोड़, अन्य सभी मोर्चों के अध्यक्ष बदल दिये थे। रहातकर को नड्डा की नयी टीम में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में राज्य की एक महिला नेता को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंप कर भाजपा नेतृत्व ने बड़ा दांव खेला है।
अमिताभ चक्रवर्ती पिछले कुछ सालों से पश्चिम बंगाल में भाजपा के सह संगठन मंत्री थे। सुब्रतो चट्टोपाध्याय के स्थान पर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का दम लगा रखा है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। चट्टोपाध्याय ने ट्वीट कर कहा, ''सात साल तक एक सिपाही की तरह मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का शुक्रगुजार हूं। मैं नवनियुक्त संगठन महामंत्री को बधाई देता हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
Leave A Comment