तमिलनाडु के कृषि मंत्री की कोरोना से मौत
चेन्नई। तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर. दुरईकन्नू का शनिवार को निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। वे अपनी सादगी, विनम्रता और किसान कल्याण के कामों के लिए जाने जाते हैं।
अस्पताल के बयान के मुताबिक कोरोना की वजह से वे गंभीर निमोनिया और दूसरी जटिलताओं से पीडि़त थे। सीटी स्कैन से पता चला था कि उनके फेफड़ों में 90 प्रतिशत संक्रमण फैल गया था। 13 अक्टूबर को मंत्री की तबीयत उस वक्त बिगड़ गई थी, जब वे मुख्यमंत्री के. पलनिसामी की मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसके बाद उन्हें विलुपुरम के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और बाद में उसी दिन कावेरी अस्पताल शिफ्ट किया गया था।
कावेरी अस्पताल के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर डॉ अरविंदन सेल्वाराज ने बयान जारी करते हुए कहा, 'गहरे दुख के साथ हमें कृषि मंत्री आर दुरईकन्नू के निधन की घोषणा करनी पड़ रही है। उन्होंने रविवार रात 11 बजकर 15 मिनट पर आखिरी सांसें लीं। इस मुश्किल घड़ी में हमारी शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।'
तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मंत्री आर. दुरईकन्नू के निधन पर दुख जताया है। राज्यपाल पुरोहित ने शोक संदेश में कहा, 'दुरईकन्नू को उनकी सादगी, विनम्रता, साफगोई , प्रशासनिक क्षमता और किसानों के कल्याण के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता था। उनका असम निधन तमिलनाडु की जनता के साथ-साथ एआईएडीएमके के लिए भी अपूर्णीय क्षति है।'
Leave A Comment