देश में कोविड-19 से ठीक होने की दर 92 प्रतिशत से अधिक हुई
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92 प्रतिशत से अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 53 हजार से अधिक कोविड रोगी स्वस्थ हुए हैं। कोविड से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 78 लाख से अधिक हो गई है। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से मौजूदा संक्रमित लोगों की संख्या 5 लाख 16 हजार ही रह गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 77 प्रतिशत नए मामले 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। दिल्ली ने महाराष्ट्र और केरल को पीछे छोड़ दिया है जहां पिछले 24 घंटों में सात हजार 178 नए मामले दर्ज किए गए हैं। केरल में 7002 और महाराष्ट्र में 6 हजार 870 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान 50 हजार 357 नए मामलों की खबर है। इसे मिलाकर देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 84 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 के मामलों से निपटने की रणनीति, लगातार जांच संक्रमित लोगों की पहचान और उनके उपचार के कारण स्वस्थ होने वाले लोग बढ़े हैं और मृतकों की संख्या कम हुई है। फिलहाल पूरे देश में मृतकों की दर 1.48 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान पांच सौ 77 लोगों की मृत्यु हुई है। इसे मिलाकर देश में कोरोना से अब तक एक लाख 25 हजार 562 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से मरने वालों की सर्वाधिक संख्या 161 महाराष्ट्र में रही। इसके बाद दिल्ली और पश्चिम बंगाल का स्थान है जहां क्रमश: 64 और 55 लोगों की मौत हुई। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान 11 लाख 13 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई। इसे मिलाकर अब तक 11 करोड़ 65 लाख नमूनों की जांच की चुकी है।
Leave A Comment