देश में कोविड-19 से ठीक होने की दर 92.49 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92.49 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 49 हजार से अधिक कोविड मरीज ठीक हुए हैं। इस प्रकार स्वस्थ होने वालों की संख्या 78 लाख 68 हजार से अधिक हो गई है। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या कुल मामलों का 6.03 प्रतिशत है। इस समय देश में कोविड मरीजों की संख्या करीब 5 लाख 12 हजार रह गई है।
बीते एक दिन में 45 हजार छह सौ 74 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 85 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड से निपटने की समग्र रणनीति, लगातार जांच, संक्रमित व्यक्तियों की पहचान और उनके उपचार के कारण स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है। फिलहाल भारत में मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है, जो कि विश्व में सबसे कम में से एक है। पिछले 24 घंटों के दौरान 559 कोविड रोगियों की मृत्यु हुई है। इसे मिलाकर देश में कोरोना से अब तक एक लाख 26 हजार 121 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार बीते एक दिन के दौरान 11 लाख 94 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। इसे मिलाकर अब तक 11 करोड़ 77 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है।
Leave A Comment