जीआरएसई ने नौसेना के लिए गश्ती पोत का जलावतरण किया
कोलकाता. रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) लिमिटेड ने बुधवार को गश्ती पोत 'संघमित्रा' का जलावतरण किया। यह भारतीय नौसेना के लिए बनाए जा रहे अगली पीढ़ी के चार गश्ती पोत में पहला है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता स्थित जीआरएसई लिमिटेड परिसर में पारंपरिक अनुष्ठानों और श्लोकों के उच्चारण के बीच वाइस एडमिरल संजय वात्सयान की पत्नी सरिता वात्सयान ने इस पोत का जलावतरण किया। कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए वाइस एडमिरल संजय वात्सयान ने कहा कि भारतीय नौसेना केवल युद्ध की तैयारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि अब वह सहयोग, उपस्थिति और परिचालन तत्परता के माध्यम से एक स्थिर समुद्री वातावरण बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध बल के रूप में विकसित हुई है। उन्होंने कहा, ''इस व्यापक संदर्भ में, अगली पीढ़ी के गश्ती पोत संबंधी परियोजना का विशेष महत्व है।''
वाइस एडमिरल वात्सयान ने पिछले वित्तीय वर्ष में भारतीय नौसेना को आठ पोत सौंपने के लिए जीआरएसई की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि अगली पीढ़ी के ये गश्ती पोत पारंपरिक गश्ती जहाजों की तुलना में काफी बड़े हैं और इनकी मारक क्षमता भी अधिक है। उन्होंने कहा कि इस पोत की लंबाई लगभग 113 मीटर और चौड़ाई 14.6 मीटर है, जबकि इसका विस्थापन 3,000 टन है। अधिकारियों के मुताबिक, यह पोत लंबी दूरी तक परिचालन करने में सक्षम है और 14 नॉट की गति पर लगभग 8,500 नौटिकल मील तक की दूरी तय कर सकता है। उन्होंने बताया कि इसकी अधिकतम गति 23 नॉट तक है, जिससे यह तटीय और अपतटीय दोनों क्षेत्रों में तेजी से तैनाती और कार्रवाई करने में सक्षम होगा।


.jpg)







Leave A Comment