ब्रेकिंग न्यूज़

देशभर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार; मुंबई में विमान सेवाएं प्रभावित, केरल, ओडिशा और झारखंड में अलर्ट

नयी दिल्ली. देश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मानसूनी गतिविधियां और तेज हो गईं। मुंबई में भारी बारिश के कारण विमान परिचालन बाधित हुआ जबकि केरल, ओडिशा और झारखंड में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी व्यापक बारिश हुई है। इस मानसून में मुंबई पर सबसे तगड़ी मार पड़ी है जहां रातभर हुई भारी बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक विमानों का परिचालन रोकना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को मुंबई के लिए 'रेड अलर्ट' बरकरार रखा है और आगे भी लगातार बारिश तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने का अनुमान जताया है। विमान परिचालन बाधित होने से कई उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को विमानों के प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में कम से कम 28 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एक बयान में कहा, "सुबह करीब 10.17 बजे खराब मौसम, जिसमें 42 नॉट तक की तेज हवाएं और भारी बारिश के कारण कम दृश्यता शामिल थी, की वजह से रनवे का संचालन प्रभावित हुआ।" हालांकि, मौसम में सुधार के बाद एक घंटे के भीतर हवाई पट्टी पर परिचालन सामान्य कर दिया गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मुंबई के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में 200 मिमी से अधिक और कुछ जगहों पर 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवदाब में बदल गया है, जिसके बाद राज्य प्रशासन ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यह प्रणाली अगले एक दिन में चांदबली और दीघा के बीच उत्तरी ओडिशा तट को पार कर सकती है, जिससे ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश होने की संभावना है। केरल के भी अधिकांश हिस्सों में रविवार को व्यापक वर्षा हुई जिसके बाद कई क्षेत्रों में 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने छह जुलाई को कन्नूर और कासरगोड तथा सात जुलाई को कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन, मिट्टी धंसने और अचानक आने वाली बाढ़ के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। दिल्ली के कई हिस्सों में रविवार को हुई मध्यम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2.30 बजे तक छतरपुर में सबसे अधिक 49 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद गुरुग्राम में 35 मिमी, महरौली में 18 मिमी, ग्रेटर नोएडा में 17 मिमी, नजफगढ़ में 8 मिमी और जनकपुरी में 7 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिन के समय आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। उधर झारखंड में, आईएमडी ने छह से नौ जुलाई तक सभी 24 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम केंद्र ने कहा, ''राज्य में बादल छाए रहने और अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ सुदूर स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।'' सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची में भारी बारिश होने का अनुमान है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english