वह दिन दूर नहीं जब जम्मू कश्मीर में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी : नितिन नवीन
जम्मू. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि ''कश्मीर घाटी में भी कमल खिलेगा'' और वह दिन दूर नहीं जब जम्मू कश्मीर में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी। दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे नवीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ''वह दिन दूर नहीं जब भारतीय जनता पार्टी जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनाएगी।''
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को हटाए जाने से क्षेत्र के लोगों को वास्तविक आज़ादी मिली, जिससे श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ''लोग अक्सर पूछते हैं कि जम्मू कश्मीर में क्या बदला है। मेरा जवाब है कि बहुत कुछ बदला है। केवल वही लोग आज के भारत में आए इस परिवर्तन को नहीं देख पा रहे हैं, जिन्होंने खुले मन से देखने की क्षमता खो दी है।'' इस बीच, कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने नितिन नवीन से सवाल किया कि वह लोगों को यह बताएं कि मोदी सरकार की नाक के नीचे राम मंदिर में कथित ''लूट'' कैसे हो गई। कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष से जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा की गई ''देरी और विश्वासघात'' का स्पष्टीकरण देने को भी कहा।






.jpg)


Leave A Comment