मनमुटाव के चलते पत्नी रहती थी अलग, पति ने कर दी हत्या !
जयपुर। राजस्थान पुलिस ने हनुमानगढ़ जिले में विवाहिता की हत्या के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने मंगलवार को बताया कि झुंझुनूं निवासी कृष्ण कुमार को पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मनमुटाव के चलते उसकी पत्नी अलग रह रही थी और वह उससे बदला लेना चाहता था। उन्होंने बताया कि उसकी पत्नी 13 साल की बेटी के साथ गोलूवाला गांव में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी कृष्ण कुमार पत्नी के अलग से रहने के कारण नाराज था और वह उसके चरित्र पर भी संदेह करता था। पुलिस के अनुसार चार मार्च की सुबह आरोपी कृष्ण कुमार विवाहिता के घर में घुसा और उसने जमीन पर कैरोसिन छिड़क कर दरवाजा खटखटाया और महिला को उसके नाम से आवाज लगाई। उन्होंने बताया कि महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला आरोपी ने जमीन पर जलती लकड़ी फेंक दी जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। उन्होंने बताया कि महिला की बाद में जयपुर में मौत हो गयी। पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद महिला के पति और आरोपी कृष्ण कुमार के घटना में शामिल होने की पुष्टि की और उसे गिरफ्तार कर लिया।






.jpg)


.jpg)
Leave A Comment