बेटी के प्रेमी के परिवार के चार सदस्यों की हत्या की! आरोपी फरार
चंडीगढ़ । पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के प्रेमी के परिवार के चार सदस्यों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी की पहचान बटाला के बलरवाल गांव निवासी सुखजिन्दर सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सुखजिन्दर को जब पता चला कि उसकी बेटी का गांव के ही जरमनजीत सिंह के साथ प्रेम संबंध है, तो वह नाराज हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी रविवार की सुबह जरमनजीत सिंह के परिवार के खेत पर पहुंचा, जहां युवक अपने पिता सुखविन्दर सिंह के साथ मौजूद था। पुलिस ने बताया कि कहासुनी के बाद आरोपी सुखजिन्दर सिंह ने कथित रूप से गोलियां चलायीं, जिसमें सुखविन्दर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और जरमनजीत घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जरमनजीत सिंह के दादा मंगल सिंह, चाचा जसबीर सिंह, चचेरा भाई बबनदीप और एक अन्य रिश्तेदार जशन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी सुखजिन्दर सिंह ने उन सभी पर भी गोलियां चलायीं, जिसमें मंगल सिंह, जसबीर सिंह और बबनदीप की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना में घायल हुए जरमनजीत सिंह और जशन की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी सुखजिन्दर सिंह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बटाला के पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
-file photo










Leave A Comment