असम-मिजोरम सीमा विवाद : दो और धमाके
गुवाहाटी/आइजोल। असम के कछार जिले में निष्कासन अभियान के दौरान मिजोरम के कथित शरारती तत्वों द्वारा संदिग्ध 'आईईडी' धमाका करने के एक दिन बाद रविवार को मिजोरम की सीमा में एक के बाद एक दो धमाके हुए। असम पुलिस के सूत्रों ने यह जानकारी दी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व सरमा ने मिजोरम के अपने समकक्ष जोरामथांगा को नयी दिल्ली में दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक के कुछ दिन बाद हुई घटनाओं की जानकारी दी है।
जिले के खुलीचेरा इलाके में तनाव व्याप्त है और खबर है कि कुछ दिन पहले मिजोरम के कुछ लोग असम की सीमा में साढ़े छह किलोमीटर अंदर आ गए जिसके बाद असम पुलिस और नागरिक प्रशासन ने निष्कासन अभियान शुरू किया। असम पुलिस के सूत्र ने बताया, ''मिजोरम की सीमा से तड़के 2.40 बजे और 2.43 बजे दो धमाकों की आवाज सुनी गई। खुलीचेरा के प्वांइट-दो पर तटस्थ बल के रूप में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों से मिजोरम की सीमा में हुए संदिग्ध धमाकों का पता लगाने को कहा गया है।'' उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य है लेकिन अब भी तनाव बना हुआ है। सीमावर्ती इलाकों में असम पुलिस के जवान सतर्क हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीमा) हरमीत सिंह मौके पर डेरा डाले हुए हैं।


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)

Leave A Comment