दूसरे के स्थान पर नीट परीक्षा दे रही आरोपी छात्रा सहित चार गिरफ्तार
वाराणसी (उप्र)। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए नीट की परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देने के आरोप में बीएचयू मेडिकल की छात्रा और उसकी मां सहित चार लोगों को वाराणसी क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से पटना के संदलपुर वैष्णवी कॉलोनी निवासी आरोपी जुली कुमारी बीएचयू के बीडीएस की दूसरे वर्ष की छात्रा है। उसके पिता पटना में सब्जी बेचते हैं। साल्वर गैंग ने आरोपी जुली की मां को पैसे का लालच देकर राजी कर लिया। रविवार को हुए नीट परीक्षा के दौरान सारनाथ स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में आरोपी जुली कुमारी दूसरी छात्रा के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। कक्षा निरीक्षक ने संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपी जुली और उसकी मां बबिता को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ में दो दलालों के पता चला। बबिता के मोबाइल के कॉल डिटेल की मदद से शहर से पुलिस ने बिहार के खगडिय़ा निवासी आरोपी विकास और गाजीपुर के मोहम्दाबाद निवासी आरोपी ओसामा शाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि छात्रा और उसका चेहरा मिलता- जुलता था जिसका फायदा उठाकर सॉल्वर गैंग ने फ़ोटोशॉप से एडमिट कार्ड का फोटो बदल दिया। साथ ही अभ्यर्थी के हस्ताक्षर का अभ्यास कराया गया था। पुलिस जांच में पता चला है कि गैंग का सरगना पटना के पी. के. नाम का शख्श है। साथ ही गैंग में केजीएमयू का एक डॉक्टर भी शामिल है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने बताया कि आरोपी मां-बेटी को जेल भेजकर अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।









.jpg)
Leave A Comment