17 वर्षीय किशोर का अपहरण करने के मामले में महिला पर मामला दर्ज
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 17 वर्षीय किशोर का कथित तौर पर अपहरण करने के मामले में एक विवाहित महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला का किशोर के साथ कथित प्रेम संबंध था। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी।
नारपोली पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि महिला और किशोर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि 30 वर्षीय आरोपी महिला अपने पति के साथ भिवंडी की झुग्गी बस्ती में रहती थी जबकि कथित तौर पर अपहृत किशोर को वह आठ साल से जानती थी और वह भी पड़ोस में ही रहता था। अधिकारी ने बताया कि किशोर शुक्रवार की शाम को घर से कुछ काम के लिए निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि किशोर के माता-पिता ने उसकी तलाश की और आरोपी महिला के परिवार से भी पूछताछ की जिन्होंने बताया कि आरोपी महिला भी शुक्रवार से ही लापता है। अधिकारी ने बताया कि बाद में किशोर के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत की कि उनके लड़के का आरोपी महिला से प्रेम संबंध था। आरोपी महिला उनके बेटे का कथित तौर पर अपहरण कर किसी अज्ञात स्थल पर ले गई है। उन्होंने बताया कि नारपोली पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा- 363 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया है।अधिकारी के मुताबिक आरोपी महिला और किशोर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।









.jpg)
Leave A Comment