- Home
- देश
-
आगरा(उप्र)। आगरा में पढ़ाई को लेकर कथित तौर पर मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली छात्रा का शव यमुना नदी में मिला है। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आगरा के एत्मादपुर निवासी सुरेंद्र सिंह की बेटी साक्षी विमला देवी इंटर कालेज की 11वीं की छात्रा थी। तीन दिन पहले मां ने पढ़ाई को लेकर साक्षी को डांट लगाई थी। इससे गुस्सा होकर वह घर से चली गई। साक्षी का पता नहीं चलने पर पिता सुरेंद्र सिंह ने थाना एत्मादपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एत्मादपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि शनिवार को डौकी क्षेत्र के समोगर घाट स्थित यमुना में ग्रामीणों ने एक किशोरी के शव को देखा। उसकी पहचान 16 वर्षीय साक्षी के रूप में की गई। उन्होंने कहा कि साक्षी का शव यमुना में मिलने से लगता है कि उसने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
-
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बीएसईएस समूह की विद्युत वितरण कंपनियों के ग्राहकों ने छतों पर सौर-पैनल लगा कर 100 मेगावाट से अधिक सौर बिजली पैदा की है।
कंपनी के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इससे ग्राहकों को साल में 68 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हो रही है। बीएसईएस के एक प्रवक्ता ने कहा कि बीएसईएस राजधानी पावर लि. (बीआरपीएल) और बीएसईएस यमुना पावर लि. (बीवाईपीएल) ने अपने-अपने क्षेत्र में 3,100 से अधिक रूफटॉप सौर मीटरिंग कनेक्शन चालू किए। इनमें 1,805 कनेक्शन घरेलू, 665 विद्यालयों और 554 कनेक्शन वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के हैं।
अधिकारी ने कहा बीएसईस की ये अनुषंगी कंपनियां दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और मध्य दिल्ली के अपने इलाकों में लोगों को अपनी छतों पर सौर-बिजली पैनल लगाने को प्रोत्साहित कर रही हैं। उसने कहा, ''छतों पर कुल 3,140 सौरबिजली पैनलों की स्थापना की जा चुकी है, जिनसे कुल 106 मेगा वाट बिजली उपभोग के उपकरण जुड़े हैं। अगले वित्त वर्ष में बीएसईएस की इन कंपनियों ने अपने इलाकों में और 1000 रूफटॉप सौर कनेक्शन स्थापित कराने का लक्ष्य रखा है।'' अधिकारी ने विश्लेषण के आधार पर बताया कि इन सौर पैनलों की क्षमता में 43 मेगावाट बिजली का उपयोग शैक्षणिक संस्थानों, 28 मेगावाट का वाणिज्यिक संस्थानों, 23 मेगावाट घरों, 3 मेगावाट औद्योगिक प्रतिष्ठानों और 3 मेगावाट क्षमता के कनेक्शन अन्य उपयोग के लिए हैं। बीएसईएस के अनुसार दिल्ली में सहकारी सामूहिक आवास समितियों और अपार्टमेंटों में सौरबिजली पैनल की लोकप्रियता सबसे अधिक है। करीब 90 समितियां और अपार्टमेंट ने इसको अपनाया है। दिल्ली सौर विद्युत नीति के दस्तावेजों के अनुसार, राजधानी में 31 वर्ग किलो मीटर के दायरे में सौर पैनल स्थापित किए जाने की गुंजाइश है। राजधानी में साल में करीब 300 दिन धूप खिली रहती है। इस तरह यहां 2,500 मेगावाट सौर बिजली उत्पादित किए जाने की संभावना है।
-
अगरतला। त्रिपुरा के ढलाई जिले के लालचेरी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक चालक की कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
अम्बासा के उपसंभागिय पुलिस अधिकारी आशीष दासगुप्ता ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की शाम अज्ञात गिरोह ने ट्रक चालक को रोका और उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक की पहचान खोवाई जिले के तेलियामुरा निवासी प्रदीप देवनाथ के रूप में हुई है। दमकल विभाग के कर्मियों जब उसे देखा तो वह खून से लथपथ पड़ा था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि गिरोह ने देवनाथ से 4 हजार रुपये भी लूटे हैं। उन्होंने बताया कि देवनाथ के सिर और कानों पर गंभीर चोटों के निशान हैं।
-
ठाणे। महाराष्ट्र में भिवंडी से भाजपा सांसद कपिल पाटिल के कार्यक्रम स्थल के पास खड़ी एक कार में शनिवार दोपहर को आग लग गई। सांसद के प्रवक्ता ने बताया कि कार उनके काफिले का हिस्सा थी और ठाणे जिले में कल्याण के पास शाहद में कार्यक्रम स्थल के नजदीक सड़क के किनारे खड़ी थी। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ। प्रवक्ता ने बताया कि कार में अचानक अपने आप आग लग गई जिसमें पूरी गाड़ी जल कर राख हो गई।
-
ठाणे (महाराष्ट्र)। जिले के मीरा भायंदर इलाके में पुलिस ने 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य का गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मीरा भायंदर - वसई विरार पुलिस ने मुंबई अहमदाबाद राजमार्ग के वर्सोवा नाके पर यह सामग्री जब्त की और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। मीरा भायंदर - वसई विरार पुलिस के प्रवक्ता तुकाराम तत्कार ने बताया- पुलिस को गुटखा और अन्य प्रतिबंधित उत्पाद मुंबई ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस आधार पर जाल बिछाया गया। जांच के दौरान एक वाहन से 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य का गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किया है।'' उन्होंने बताया कि आरोपी वाहन चालक मोहम्मद अमीन जब्बार खान और आरोपी क्लीनर मोहम्मद जुनैद लियाकत खान को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने शनिवार की सुबह पश्चिम दिल्ली में जखीरा फ्लाईओवर पर ड्यूटी के दौरान पीसीआर वैन में अपनी सर्विस पिस्तौल से कथित रूप से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बताया कि एएसआई तेज पाल (55) पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में तैनात थे। वह गाजियाबाद के राजनगर में रहते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना के बारे में सुबह करीब सात बजे सूचना मिली और घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एएसआई ने कथित रूप से अपने सीने में गोली मारी थी। उन्होंने बताया कि पीसीआर वैन के ड्राइवर एएसआई को एबीजी अस्पताल ले गये जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अपराध शाखा की टीम ने पीसीआर वैन का मुआयना किया। मामले की जांच जारी है।
-
मुंबई । वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीताराम कुंटे को शनिवार को महाराष्ट्र का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। वह संजय कुमार का स्थान लेंगे। कुंटे 1985 बैच के अधिकारी हैं और अभी वह अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) पद पर थे। इससे पहले उन्होंने मुंबई नगर निगम आयुक्त के रूप में भी कार्य किया है। -
बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी में एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाने के बिजासन चौकी क्षेत्र की है, जहां नेशनल हाईवे के बिजासन घाट पर एक युवक की दो वाहनों के बीच में दब जाने से मौत हो गई। ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण आगे चल रही पल्सर मोटरसायकल को ठोकर लग गई, जिसे आगे चल रही आयशर के बीच में मोटरसायकल सवार के दबने से युवक की मौत हो गई। हादसे में मोटरसायकल दोनों वाहनों के बीच दब कर चकनाचूर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक और आयशर पलट गई, जिसमें चालकों को भी चोट आई है। -
नयी दिल्ली । पश्चिमी दिल्ली के शकूर बस्ती इलाके में पटरी के पास 64 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में बताया। व्यक्ति की पहचान मुंडका निवासी बलदेव चौधरी के तौर पर हुई। वह रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। शव पर किसी तरह चोट के निशान नहीं मिले। चौधरी शुक्रवार को दिन में 11 बजे के करीब शकूर बस्ती में रेलवे कॉलोनी में अपने एक दोस्त से मिलने आए थे और साढ़े तीन बजे वहां से निकल गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वहां से वह अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकले थे लेकिन जब उनके परिवारवालों ने उनसे संपर्क का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। बाद में उनका शव मिला। पुलिस ने बताया कि अंत्यपरीक्षण से मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मडियांव के गायत्रीनगर में महिला की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि महिला की हत्या उसके आरोपी पति ने अवैध संबंध के शक में की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चाकू भी बरामद कर लिया है।
एसीपी अलीगंज अखिलेश सिंह के मुताबिक मूलरूप से सीतापुर निवासी आरोपी मो. रफीक मडियांव के गायत्रीनगर में परिवार के साथ रहता था। परिवार में पत्नी अफसाना व पांच साल की बेटी रहती थी। वह सिलाई का काम करता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रफीक को संदेह था कि उसकी पत्नी का दूसरे युवक से संबंध हैं। इसी को लेकर दोनों में अक्सर विवाद हुआ करता था। आरोपी रफीक अपनी पत्नी को गांव लेकर जाना चाहता था और वह इसका विरोध कर रही थी।
प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह के मुताबिक पूछताछ में आरोपी रफीक ने बताया कि उसकी पत्नी अफसाना सुबह से ही लापता थी। उसने कई जगह तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शाम को वह पास की गली में आती दिख गई। आरोपी रफीक ने सवाल किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी बात पर नाराज होकर आरोपी रफीक ने अफसाना पर चाकू से हमला बोल दिया। उसके पेट व सीने पर कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गई। आरोपी रफीक ने जब चाकू से अफसाना पर हमला किया तो उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। खून से लथपथ अफसाना सड़क पर तड़प रही थी। उसकी मदद कर अस्पताल पहुंचाने के बजाए लोग तमाशा देख रहे थे। कोई मदद को आगे नहीं आया। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अफसाना को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई।
--- -
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर के सरमथुरा में देर रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे पर बडागांव के पास कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कार ड्राइवर समेत 8 साल का बच्चा और 9 साल की बच्ची भी है। कार सवार 9 लोग भी गंभीर घायल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
सरमथुरा थानाप्रभारी अनिल गौतम ने बताया कि कार सवार परिवार उत्तरप्रदेश के धनौली से कैलादेवी दर्शन करने जा रहा था। हादसे में कार चालक देवेन्द्र (27) पुत्र प्रेम सिंह की मौके पर मौत हो गई। वहीं, उज्जवल (8) पुत्र दीपक और वैष्णवी (9) पुत्री राकेश की करौली अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में सुरेश (पुत्र ओमप्रकाश), कमलेश (पत्नी दीपक), गायत्री (पत्नी लज्जाराम), नव्या (पुत्री दीपक), दीपक (पुत्र लज्जाराम), राहुल की पत्नी पूजा , सौम्या (पुत्री राहुल), ईश्वरदेवी (पत्नी सुरेश निवासी धनौली) और मंजू (पत्नी राकेश) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ड्राइवर की मौत होने के कारण शव को सरमथुरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर देर रात जाम लग गया। जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से खुलवाया। -
मेवात। हरियाणा के मेवात के पुन्हाना होडल रोड पर घीड़ा मोड़ पर एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल है। हादसा ट्रक और बाइक के बीच टक्कर की वजह हुआ था।
पुलिस के अनुसार बिछोर थाना एरिया के गांव नई निवासी शाद (25) अपने मौसी के लड़के के उमेर (20) निवासी धौज को छोडऩे अपने भाई शाहरुख (23) को लेकर बाइक से पुन्हाना जा रहा था। जब वे पुन्हाना के घीड़ा मोड़ के पास पहुंचे तो पुन्हाना की तरफ से आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे तीनों को चोटें आई। घटना के वक्त एक युवक की ट्रक के नीचे आने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक घटना के बाद गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। -
फिरोजाबाद। उत्तरप्रदेश में फिरोजाबाद के रसूलपुर थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मृतक की प्रेमिका सहित सात लोगों को नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सीटी सीओ हरिमोहन ने बताया कि थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर आसफाबाद निवासी पवन कुमार जाटव (23) पुत्र किताब सिंह का प्रेम संबंध इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी आरोपी किरण के साथ पिछले एक साल से चल रहे थे। मृतक पवन कुमार के बड़े भाई आकाश ने आरोप लगाया कि करीब तीन बजे पवन को उसकी प्रेमिका किरण ने फोन कर अपने घर बुलाया जहां उसे मारा-पीटा गया। पवन की चीखें सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को पवन बेहोशी की हालत में मिला। होश आने पर उसने परिजनों का मोबाइल नंबर दिया जिस पर पुलिस ने सुबह करीब सात बजे पवन के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पवन का भाई आकाश अपनी मां आशादेवी के साथ रसूलपुर थाना पहुंचा तो पवन को पुलिस की गाड़ी में घायल अवस्था में पाया। पुलिस पवन को उसके परिवारजनों के साथ जिला अस्पताल लेकर आई। यहां उपचार के दौरान पवन की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पवन ने उपचार के दौरान अपने भाई को बताया था कि आरोपी किरण ने फोन करके उसे घर बुलाया था। आरोपी किरण ने परिवारजनों के साथ मिलकर उसके हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से पिटाई करने के साथ ही बाल भी काट दिए। इतना बताने के बाद पवन ने दम तोड़ दिया।
सदर विधायक मनीष असीजा पवन के परिवारजनों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। साथ ही परिवारजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों से बात की। वहीं बसपा के स्थानीय नेता भी अस्पताल में परिवारीजनों के पास पहुंचे।
रसूलपुर पुलिस ने मृतक पवन के भाई आकाश की तहरीर पर आरोपियों किरण, अशोक कुमार, सत्यवीर, जयवीर, अजय कुमार, हरीबाबू, और विशाल को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। -
कानपुर। कानपुर में सीसामऊ थाना क्षेत्र के द्वारिकापुरी निवासी वृद्धा लाखों रुपए की ठगी का शिकार हुई है। वृद्धा की बहन की बेटी और दामाद पर बैंक के तत्कालीन मैनेजर से मिलीभगत कर वृद्धा के खाते से 30 लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर कराने का आरोप है। पीडि़त वृद्धा ने चार लोगों के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि पीडि़ता कृष्णादेवी के मुताबिक पीएनबी की गांधीनगर शाखा में उनका खाता है। इकलौती बेटी मानसिक रूप से बीमार है। केस्को कर्मी वृद्धा के पति चंद्रपाल का नौ साल पहले निधन हो गया था। अनपढ़ होने की वजह से वृद्धा हर माह खाते से पेंशन निकालने बहन कमला की बेटी आरोपी सरोज उर्फ संजू, आरोपी दामाद राजेश के साथ बैंक जाती थीं।
पुलिस ने बताया कि वृद्धा का आरोप है कि दोनों आरोपियों एनइएफटी (नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर) फार्म पर अंगूठा लगवाकर अलग-अलग तारीखों में बैंक मैनेजर के पास ले गए। आरोपी बैंक मैनेजर ने अकाउंट से संबंधित सारे कागजात और पासबुक अपने पास रख लिए। इसके बाद से उसे पेंशन मिलना बंद हो गई।
बैंक के कई बार चक्कर लगाने पर पता चला कि आरोपी बेटी-दामाद व पड़ोसन देवरिया में तैनात शिक्षिका आरोपी हेमलता ने आरोपी तत्कालीन बैंक मैनेजर से मिलीभगत कर बीते साल 7 जुलाई से 3 अक्तूबर के बीच वृद्धा के पति के फंड की रकम 21 लाख, 54 हजार, 226 रुपये और पेंशन के आठ लाख 46 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। थाने में सुनवाई न होने पर वृद्धा ने डीआईजी से शिकायत की। डीआईजी के आदेश पर तीनों आरोपियों तत्कालीन बैंक मैनेजर, बेटी, दामाद और शिक्षिका के खिलाफ सीसामऊ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। -
श्रीनगर । कश्मीर में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई जिससे घाटी में शीतलहर जैसी स्थिति पुनः उत्पन्न हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पिछले सप्ताह घाटी में दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया था।अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई है।
उन्होंने कहा कि कुपवाड़ा जिले के माछिल और जेड-गली इलाकों में एक फुट से ले कर18 इंच के बीच बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, बारामुला और सोनमर्ग में सात इंच तक बर्फबारी हुई।श्रीनगर में शुक्रवार रात से बारिश हो रही है। शनिवार को यहां ओले गिरे और बर्फबारी हुई।
बारिश और बर्फबारी के कारण दिन का तापमान कई डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साल के इस मौसम के दौरान पिछले सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से छह से सात डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार की शाम से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। -
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना अंतर्गत पौड़ी गांव में शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात स्कार्पियो से लौट रहे छपारा पुलिस थाना प्रभारी नीलेश परतेती का वाहन एक आरक्षक सहित सड़क से कुछ दूरी पर स्थित खेत के कुएं में जा गिरा। हादसे में स्कार्पियो वाहन में सवार जिले के छपारा थाने में पदस्थ पुलिस निरीक्षक नीलेश परतेती (40) व वाहन चला रहे आरक्षक चंदकुमार चौधरी (38) की मौके पर मौत हो गई। एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि इस दुखद हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने दोनों मृतक के परिवार को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक स्कार्पियो वाहन में सवार थाना प्रभारी व एक आरक्षक बीती रात कन्हीवाडा क्षेत्र से कलारबांकी- बंडोल होते हुए पुलिस थाना छपारा लौट रहे थे। कलारबांकी- बंडोल के बीच पौड़ी गांव के नजदीकी सड़क किनारे खेत में लगे ट्रांसफार्मर से टकरा कर कार अनियंत्रित होकर पास ही कुएं में जा गिरी। पानी से भरे कुएं में स्कार्पियो सहित गिरे छपारा थाना प्रभारी नीलेश परतेती व आरक्षक चंदकुमार चौधरी की मौके पर मौत हो गई। 27 फरवरी शनिवार सुबह 6-7 बजे के बीच खेत पहुंचे ग्रामीणों ने हादसे के निशान व कुएं में स्कार्पियो वाहन गिरा देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव व दुघर्टनाग्रस्त स्कार्पियो वाहनों को कुएं से निकाल लिया गया है। जिला अस्पताल में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे से पुलिस विभाग का महकमा हतप्रभ है। टीआई नीलेश परतेती छिंदवाड़ा जिले के निवासी थे। बीते दो साल से परतेती छपारा थाना प्रभारी की रूप में पदस्थ थे। वहीं आरक्षक चंदकुमार चौधरी मूलत: जिले के बखारी गांव निवासी बताया गया है, जो बीते कई सालों से बालाघाट जिले में परिवार के साथ रह रहे थे।
बंडोल थाना प्रभारी दिलीप पंचेश्वर ने बताया कि कुएं से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए है। दुघर्टनाग्रस्त स्कार्पियो वाहन को क्रेन की मदद से कुएं से निकाल लिया गया है। मर्ग कायम कर प्रकरण में जांच की जा रही है। हादसा कैसे हुआ इसकी तफ्तीश की जा रही है। -
देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां बरोठा थाना क्षेत्र के बरखेड़ा- सिरोल्या मार्ग पर बारातियों से भरी एक बस पलट गई है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल सात यात्रियों को उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है। - मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई और अन्य भागों में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर एक मार्च से सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।मंदिर के प्रबंधन से जुड़ी एक पदाधिकारी ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि अगले महीने से ऑनलाइन पंजीकरण कराने वालों को ही दर्शन की अनुमति दी जाएगी और एक घंटे में मंदिर के भीतर 100 श्रद्धालुओं को ही जाने की इजाजत होगी।श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका छपवले ने बताया कि वर्तमान में दर्शन के लिए पंजीकरण नहीं कराने वाले श्रद्धालुओं को मौके पर क्यूआर कोड दिए जाते हैं जिससे वे मंदिर में दाखिल हो पाते हैं। उन्होंने कहा, ''लेकिन हमने एक मार्च से इस व्यवस्था को पूरी तरह रोकने का फैसला किया है। अगले आदेश तक पहले से पंजीकरण नहीं कराने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।'' उन्होंने कहा, ''प्रत्येक घंटे केवल 100 श्रद्धालुओं को ही पहले से बुक क्यूआर कोड के साथ सुबह सात बजे से रात नौ बजे के बीच दर्शन के लिए जाने की अनुमति होगी।छपवले ने कहा कि अंगारकी चतुर्थी (दो मार्च) के दिन सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच दर्शन की अनुमति होगी। सिद्धिविनायक मंदिर शहर के प्रभादेवी इलाके में स्थित है। कोरोना वायरस महामारी के प्रसार के कारण पिछले साल कई महीनों तक मंदिर बंद रहा था। नवंबर में इसे फिर से खोला गया।
-
हमीरपुर। यूपी के हमीरपुर जिले में चार दिन पूर्व हुई मासूम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मौसा के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लेने पर आरोपी मां ने मासूम पुत्र की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राठ कोतवाली के एक गांव में सात वर्षीय बालक का शव 19 दिसंबर को पशुबाड़े में मिला था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के मामा की तहरीर पर आरोपी बहनोई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में सीओ राठ के साथ कोतवाल केके पांडेय को लगाया गया। एसपी ने बताया कि महिला के उसके आरोपी बहनोई से अवैध संबंध होने पर घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी को लेकर महिला ने अपने सात वर्षीय पुत्र को पति के पास छोड़कर करीब नौ माह पूर्व मायके में रहने लगी थी। इधर एक कार्यक्रम में मासूम अपने मामा के घर आया था। यहां पर मासूम ने मां को आरोपी मौसा के साथ आपत्तिजनक स्थित में देख मामा, पिता व नाना से शिकायत करने की बात कही।
इस पर आरोपी महिला ने बदनामी के डर से अपने पुत्र को पशुबाड़ा ले जाकर गला दबाकर व गले पर पैर रखकर हत्या कर दी थी और शव को अरहर के गठ्ठर में छिपा दिया था। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये पुरस्कार दिया है।
--
- जयपुर। राजस्थान के सांगानेर में आरोपी पिता ने प्रेमिका के प्यार में अपने पांच साल के बेटे को शहर के बाहर हाईवे पर छोड़ आया। अब सांगानेर सदर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ एक लिव इन रिलेशन में रह रहा था, जब उसकी प्रेमिका ने उसके बेटे को अपने साथ रखने से मना कर दिया, तो पत्थर दिल पिता प्रेमिका का प्यार हासिल करने के लिए पांच साल के बेटे को हाईवे पर लावारिस छोड़ आया। बच्चा स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस तक पहुंचा। वहां से चाइल्ड हेल्प लाइन की मदद से शेल्टर होम पहुंच गया था। पोते के गायब हो जाने के बाद उसके दादा ने अपहरण की रिपोर्ट सांगानेर सदर थाने में दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले प्रेमिका के घर पर दबिश दी, उसके बाद बच्चे को शेल्टर होम से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।पूरे प्रकरण पर जानकारी देते हुए डीसीसी (साउथ) हरेंद्र महावर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश खटीक मूल रूप से टोंक जिले में मोर तहसील, टोडारायसिंह गांव का रहने वाला है। वह यहां के मुहाना में कीरों की ढाणी में प्रेमिका के साथ लिव इन रिलेशन में रहता है।पुलिस ने बताया कि आरोपी की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। उसके पहली पत्नी से दो बेटियां और पांच साल का बेटा है। आरोपी का अपनी पहली पत्नी से झगड़ा चल रहा था, जिसके चलते वह पत्नी से अलग रहता था। आरोपी के सभी बच्चे गांव में शिकायतकर्ता दादा के पास ही रहते थे। कुछ दिन पहले अनबन के चलते आरोपी अपने मौसा के घर जयपुर के मुहाना में रहने आया था, यही पर वह एक युवती के प्यार में पड़ गया और उसे भगाकर टोंक ले गया। इस दौरान आरोपी ने अपने पांच साल के बच्चे को साथ ही रखा था, लेकिन प्रेमिका ने कहा कि अगर मेरे साथ रहना है तो पहली पत्नी के बेटे को मुझसे दूर हटाना होगा। ऐसे में आरोपी मुकेश ने योजना के मुताबिक बच्चे को अजमेर हाइवे पर 200 फीट बाईपास के पास सुनसान जगह पर छोड़ आया और फिर प्रेमिका के साथ रहने लगा।थाना प्रभारी हरिपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इस मामले में खुलासा तब हुआ जब बच्चे के दादा, मुकेश से मिलने जयपुर आए। इस दौरान उन्होंने पोते के बारे में पूछा, तो उसने बात टाल दी। इस पर दादा को शक हुआ कि उनके बेटे ने शायद रुपयों के लालच में पोते को बेच दिया है। इसके बाद उन्होंने सांगानेर सदर पुलिस को सूचना दी। रामस्वरूप ने पुलिस को बताया कि बेटा अपनी प्रेमिका के साथ कीरों की ढाणी में रहता है। इसके बाद पुलिस प्रेमिका को पकड़ लाई, लेकिन वह भी पूछताछ में गुमराह करती रही। प्रेमिका के सहारे जब पुलिस आरोपी तक पहुंची तो सख्ती से पूछने पर बताया कि उसने ही बच्चे को हाइवे के किनारे छोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां मौजूद स्थानीय लोगों और दुकानदारों से माले में पूछताछ की तो पता चला कि उस बच्चे को चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद से शेल्टर होम में भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को शेल्टर होम से मुक्त कराकर दादा को सौंप दिया और आरोपी पिता मुकेश को गिरफ्तार कर लिया।
- कानपुर। यूपी के कानपुर जिले के कलक्टरगंज में शुक्रवार को होटल संचालक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हमले में होटल का एक कर्मचारी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना पर एसपी पूर्वी और कलक्टरगंज थाने का फोर्स मौके पर पहुंची तब तक हत्यारोपी फरार हो चुके थे। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।पुलिस के अनुसार नौघड़ा निवासी रोहिणी बाजपेई का इकलौता बेटा अमन (32) कोपरगंज इलाके में होटल प्रिंस का संचालन करता था परिवार में पत्नी अल्पना और चार साल की बेटी है।पुलिस ने बताया कि प्रिंस होटल के पास ही होटल लग्जरी इन है जिसका संचालन श्याम नगर निवासी आरोपी अंशू गुप्ता और उसके भाई आरोपी हिमांशु गुप्ता करते हैं। आरोप है कि शुक्रवार देर रात अमन से किसी बात को लेकर आरोपी दोनों भाइयों से उनका झगड़ा हो गया। इस पर दोनों ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर अमन पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें अमन व कर्मचारी ललित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर एसपी पूर्वी शिवाजी और कलक्टरगंज इंस्पेक्टर संजीव कांत मिश्रा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार हैं।
- प्रयागराज। अमृत से सिंचित और पितामह ब्रह्मदेव के यज्ञ से पवित्र पतित पावनी गंगा, श्यामल यमुना और अन्त स्वरूप सलिला के रूप में प्रवाहित सरस्वती के संगम क्षेत्र में माघी पूर्णिमा स्नान के साथ ही एक माह का संयम, अहिंसा, श्रद्धा एवं कायाशोधन का कल्पवास भी समाप्त हो गया। पुराणों और धर्मशास्त्रों में कल्पवास को आत्मा शुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति के लिए जरूरी बताया गया है। यह मनुष्य के लिए आध्यात्म की राह का एक पड़ाव है जिसके जरिए स्वनियंत्रण एवं आत्मशुद्धि का प्रयास किया जाता है। हर वर्ष श्रद्धालु एक महीने तक संगम के विस्तीर्ण रेती पर तंबुओं की आध्यात्मिक नगरी में रहकर अल्पाहार, तीन समय गंगा स्नान, ध्यान एवं दान करके कल्पवास करते है।हंडिया के टेला ग्राम निवासी रमेश चतुर्वेदी संगम लोअर मार्ग पर शिविर में रहकर 20 साल से पत्नी के साथ सेवा का कल्पवास कर रहे हैं। सेवा परमोधर्म : का भाव लेकर लोकतंत्र में धर्मतंत्र की स्थापना के लिए प्रयासरत है। इनका मानना है कि अकेला चना भाड़ नहीं तोड़ सकता लेकिन किसी को तो आगे बढ़कर प्रयास करना ही होगा।चतुर्वेदी ने बताया कि संगम क्षेत्र में एक माह तक जो भी आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव मिलता है, उसका वर्णन नहीं जा किया जा सकता केवल महसूस किया जाता है। यह सौभाग्य अब फिर 11 माह बाद मिल सकेगा भी या नहीं कुछ नहीं कह सकते। यह जरूर कह सकते है कि वह जब जिसे चाहेंगी। किसी भी परिस्थिति में अपने पास बुला ही लेंगी।उन्होंने बताया कि कल्पवास के पहले शिविर के मुहाने पर तुलसी और शालिग्राम की स्थापना कर नित्य पूजा करते हैं। कल्पवासी परिवार की समृद्धि के लिए अपने शिविर के बाहर जौ का बीज अवश्य रोपित करता है। कल्पवास समाप्त होने पर तुलसी को गंगा में प्रवाहित कर देते हैं और शेष को अपने साथ ले जाते हैं। चतुर्वेदी ने बताया कि भारत की आध्यात्मिक सांस्कृतिकए सामाजिक एवं वैचारिक विविधताओं को एकता के सूत्र में पिरोने वाला माघ मेला भारतीय संस्कृति का द्योतक है। इस मेले में पूरे भारत की संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने बताया कि शनिवार को माघी पूर्णिमा स्नान के साथ एक माह का कल्पवास समाप्त हुआ
- प्रयागराज। माघ मेले के पांचवे प्रमुख स्नान पर्व पर संगम तट पर खूब भीड़ जुटी। दोपहर 12 बजे तक प्रशासन का अनुमान है कि पांच लाख लोगों ने स्नान किया। स्नान का क्रम सुबह से शुरु हुआ तो दिन भर चला। कल्पवासियों का जत्था सुबह से स्नान कर निकलने लगा। ट्रैक्टर में सामान लादे लोगों ने गंगा मईया से अगले साल फिर आने का आशीष मांगा। स्नानार्थीयों पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा हुई। जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी दिन भर घाटों पर निरीक्षण करते रहे।
- नई दिल्ली। डिजिटल पेमेंट बाजार में रिलायंस-फेसबुक जैसी दिग्गज कंपनियां जल्द दस्तक दे सकती हैं। न्यू अंब्रेला एंटिटी की स्थापना के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने गूगल और फेसबुक के साथ साझेदारी की है। इससे कंपनी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस जैसा एक पेमेंट नेटवर्क बना सकेगी और भारत के डिजिटल पेमेंट मार्केट में हिस्सा प्राप्त कर सकेगी। यह एनयूई संयुक्त रूप से रिलायंस और इंफिबीम एवेन्यूज लिमिटेड की सहायक कंपनी सो हम भारत द्वारा प्रमोट किया जाएगा। इसमें फेसबुक और गूगल की हिस्सेदारी कम होगी। इस संदर्भ में कंपनियां जल्द ही भारतीय रिजर्व बैंक को अपना प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकती हैं।न्यू अंब्रेला एंटिटी की रेस में हैं ये कंसोर्टियम ऑफ कंपनीज-रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफिबीम एवेन्यूज, गूगल और फेसबुकटाटा समूह, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मास्टकार्ड, भारती, पे यूअमेजन, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, पाइन लैब्स, बिलडेस्क और वीजा कार्डपेटीएम, इंडसइंड बैंक, ओला फाइनेंशियल, सेंट्रम फाइनेंस, जेटापे और ईपीएसमामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि भुगतान उद्योग के दिग्गज नवीन सूर्या को प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी नियुक्त किया गया है। एनयूई की सहायता से ये कंपनियां यूपीआई की तरह पेमेंट नेटवर्क तैयार कर सकेंगी।भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जल्द ही कंसोर्टियम का प्लान केंद्रीय बैंक के समक्ष पेश किया जाएगा। बोली की औपचारिक प्रस्तुति के बाद अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ महीनों से इन कंपनियों के प्रतिनिधि केंद्रीय बैंक के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।केंद्रीय बैंक ने बढ़ाई थी एप्लिकेशन भरने की अंतिम तारीखमालूम हो कि भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू अंब्रेला एंटिटी यानी हृश्व के लिए एप्लिकेशन भरने की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 31 मार्च 2021 तक कर दिया है। जबकि इससे पहले एप्लिकेशन भरने की अंतिम तारीख 26 फरवरी 2021 थी। इस संदर्भ में आरबीआई ने कहा कि कोविड-19 से संबंधित व्यवधानों और असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अवधि को बढ़ाने के लिए भारतीय बैंक संघ सहित विभिन्न हितधारकों से अनुरोध प्राप्त हुए हैं। इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि आवेदन करने की अवधि को 31 मार्च 2021 तक बढ़ाया जाए
- नई दिल्ली। देश में 5 जी जल्द ही दस्तक दे सकता है। ऐसे में देश में कई स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां ऐसी हैं जो कि अपने 5जी स्मार्टफोन लेकर आ रही हैं और कई कंपनियां इन्हें लाने की तैयारी कर रही हैं। अगर आप भी कोई कम बजट वाला 5जी स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं तो यह समय आपके लिए काफी सही है।मार्केट में इस समय कई स्मार्टफोन मौजूद हैं जो कि 20 रुपये के करीब बजट में समाते हैं। फिलहाल कोई नया 5G Smartphone खरीदने के बारे में प्लान कर रहे हैं तो भारत में मौजूद OnePlus Nord, Xiaomi Mi 10i, Realme Narzo 30 Pro 5G, Realme X7 Pro 5G और Moto G 5G काफी किफायती और बेहतरीन विकल्प हैं।Realme Narzo 30 Pro 5G
स्पेशिफिकेशन की बात करें तो Realme Narzo 30 Pro 5G में 6.5 इंच की फुल HD+ डिस्प्ले दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। इस डिस्प्ले का ऑस्पेक्ट रेशियो 20:9 है और 120Hz रिफ्रेश रेट है। Realme Narzo 30 Pro 5G स्मार्टफोन Realme UI के साथ Android 10 पर काम करता है। इस स्मार्टफोन में पंच होल डिजाइन वाली डिस्प्ले दी गई है जो कि 600 निट्स तक पीक ब्राइटनेस के साथ आती है। प्रोसेसर की बात करें तो इस स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 800U SoC ऑक्टा कोर प्रोसेसर दिया गया है।स्टोरेज की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 8GB रैम और 128 जीबी इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया जा सकता है। कैमरा की बात करें तो इस स्मार्टफोन में f/1.8 अपर्चर के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमेरी कैमरा सेंसर, अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस के साथ 8 मेगापिक्सल का दूसरा कैमरा और 2 मेगापिक्सल का माइक्रो सेंसर दिया गया है। सेल्फी के लिए इस स्मार्टफोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।कनेक्टिविटी की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 5G, 4G LTE, वाई-फाई 802.11 ac, ब्लूटूथ v5.1, जीपीएस/ ए-जीपीएस और टाइप-सी यूएसबी पोर्ट दिया गया है। सेंसर की बात करें तो इस स्मार्टफोन में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, जायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी और मेग्नोमीटर सेंसर दिया गया है। कलर ऑप्शन की बात करें तो यह Sword Black और Blade Silver कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। कीमत की बात की जाए तो Realme Narzo 30 Pro 5G के 6GB RAM और 64GB इंटरनल स्टोरेज की कीमत 16,999 रुपये है। वहीं इसके 8GB RAM और 128GB स्टोरेज की कीमत 19,999 रुपये है।Realme X7 Pro 5G
स्पेशिफिकेशन की बात करें तो Realme X7 Pro में 6.55 इंच की 402 PPI, Super AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 120 Hz और रेजोल्यूशन 1080x2400 पिक्सलहै। यह स्मार्टफोन Android v10 (Q) पर काम करता है। प्रोसेसर की बात करें इस स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 1000 Plus ऑक्टा कोर 2.6 GHz, क्वाड कोर + 2 GHz, क्वाड कोर प्रोसेसर दिया गया है। स्टोरेज की बात की जाए तो Realme X7 Pro में 8 GB रैम और 128 GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 256 जीबी तक बढ़ा सकते हैं।बैटरी बैकअप की बात करें तो इसमें 4500mAh की बैटरी दी गई है, जिसके फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी से सपोर्ट मिलता है। सेंसर के मामले में इस स्मार्टफोन में एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, कंपास/मैगनेटोमीटर, जायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी सेंसर और फिंगरप्रिंट सेंसर हैं। कैमरा सेटअप की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 64 मेगापिक्सल + 8 मेगापिक्सल + 2 मेगापिक्सल + 2 मेगापिक्सल के क्वाड प्राइमेरी कैमरा दिए गए हैं। फ्रंट कैमरा की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 32MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है। कलर ऑप्शन के मामले में यह स्मार्टफोन Fantasy और Mystic black कलर में उपलब्ध है। कीमत के मामले में Realme X7 Pro की शुरुआती कीमत 29,999 रुपये है।Moto G 5G
स्पेशिफिकेशन की बात की जाए तो स्मार्टफोन में Moto G 5G में 6.70 इंच की 402 PPI सुपर AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसका 1080x2400 पिक्सल रेजोल्यूशन है। प्रोसेसर की बात की जाए तो इस स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 750G ऑक्टा कोर प्रोसेसर दिया गया है। यह स्मार्टफोन Android 10 पर काम करता है। अगर स्टोरेज की बात की जाए तो Moto G 5G में 4 GB रैम और 128 GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 512 जीबी तक बढ़ा सकते हैं।बैटरी के मामले में इस स्मार्टफोन में 5000mAh की बैटरी दी गई है, जिसके VOOC चार्जिंग 2.0 है। कैमरा सेटअप की बात करें तो इस स्मार्टफोन में f/1.7 अपर्चर के साथ 48 मेगापिक्सल +f/2.2 अपर्चर के साथ 8 मेगापिक्सल + f/2.4 अपर्चर 2 मेगापिक्सल के ट्रिपल रियर कैमरे दिए गए हैं। सेल्फी कैमरे के मामले में इस स्मार्टफोन में f/2.2 अपर्चर के साथ 16MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। डाइमेंशन के मामले में इस स्मार्टफोन की लंबाई 166.00 mm, ऊंचाई 76.00 mm और थिकनेस 10.00 mm और वजन 212.00 ग्राम है। सेंसर के मामले में इस स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट सेंसर, एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, कंपास/मैगनेटोमीटर, जायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी सेंसर और फिंगरप्रिंट सेंसर हैं। कीमत की बात की जाए तो Moto G 5G की शुरुआती कीमत 20,999 रुपये है।Xiaomi Mi 10i
स्पेशिफिकेशन की बात की जाए तो Xiaomi Mi 10i में 6.67 इंच की फुल एचडी डिस्प्ले दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है और 20:9 ऑस्पेक्ट रेशियो है। बैटरी बैकअप की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 4,820mAh की बैटरी दी गई है। प्रोसेसर की बात की जाए तो इस स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 750G 1.8GHz ऑक्टा कोर प्रोसेसर दिया गया है। यह स्मार्टफोन Android 10 पर काम करता है। अगर स्टोरेज की बात की जाए तो Xiaomi Mi 10i में 6 GB रैम और 128 GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 512 जीबी तक बढ़ा सकते हैं।कैमरा सेटअप की बात करें तो इस स्मार्टफोन में f/1.75 अपर्चर के साथ 108MP मेगापिक्सल, f/2.2 अपर्चर के साथ 8 मेगापिक्सल, 2 मेगापिक्सल और 2 मेगापिक्सल चार रियर कैमरे दिए गए हैं। सेल्फी कैमरे के मामले में इस स्मार्टफोन में f/2.45 अपर्चर के साथ 16MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। डाइमेंशन के मामले में इस स्मार्टफोन की लंबाई 165.38 mm, ऊंचाई 76.80 mm और थिकनेस 9.00 mm और वजन 214.50 ग्राम है। सेंसर के मामले में इस स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट सेंसर, एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, जायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी सेंसर हैं।कीमत की बात की जाए तो Xiaomi Mi 10i की शुरुआती कीमत 20,999 रुपये है। कलर ऑप्शन के मामले में यह स्मार्टफोन Pacific Sunrise और Midnight Black में उपलब्ध हो सकता है। कीमत की बात की जाए तो Moto G 5G की शुरुआती कीमत 21,999 रुपये है। कनेक्टिविटी की बात करें तो Xiaomi Mi 10i में वाई फाई 802.11 a/b/g/n/ac/Yes, जीपीएस, ब्लूटूथ v 5.10, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट, हैडफोन 3.5mm जैक, वाई-फाई डायरेक्ट और ड्यूल सिम सपोर्ट दिया गया है।OnePlus Nord
स्पेशिफिकेशन की बात की जाए तो OnePlus Nord में 6.44 इंच फुल एचडी प्लस AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसका ऑस्पेक्ट रेशियो 20:9 और रेजोल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। अगर स्टोरेज की बात की जाए तो OnePlus Nord में 8 GB रैम और 256 GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 256 जीबी तक बढ़ा सकते हैं। बैटरी के मामले में इस स्मार्टफोन में 4115mAh की बैटरी दी गई है।डाइमेंशन के मामले में इस स्मार्टफोन की लंबाई 158.30 mm, चौड़ाई 73.30 mm, थिकनेस 8.20 mm और वजन 184 ग्राम है। कैमरे के मामले में इस स्मार्टफोन में f/1.75 अपर्चर के साथ 48 मेगापिक्सल का कैमरा, f/2.25 8 मेगापिक्सल का कैमरा, f/2.4 अपर्चर के साथ 5 मेगापिक्सल का कैमरा और f/2.4 अपर्चर के साथ 2 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। सेल्फी कैमरे के मामले में इस स्मार्टफोन में इस स्मार्टफोन में f/2.45 अपर्चर के साथ 32 मेगापिक्सल का कैमरा और f/2.45 अपर्चर के साथ 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। यह स्मार्टफोन Android 10 पर काम करता है।पावर की बात करें तो इस स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 765G ऑक्टा कोर 2.4 GHz प्रोसेसर दिया गया है। कलर ऑप्शन के मामले में यह स्मार्टफोन Blue Marble और Gray Onyx में उपलब्ध है। कनेक्टिविटी की बात करें तो OnePlus Nord में 5 जी, वाई फाई 802.11 a/b/g/n/ac, जीपीएस, ब्लूटूथ v 5.10, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट, हैडफोन 3.5mm जैक, वाई-फाई डायरेक्ट और ड्यूल सिम सपोर्ट दिया गया है। सेंसर के मामले में इस स्मार्टफोन में फेस अनलॉक, इन डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, कंपास मैगनेटोमीटर, फिंगरप्रिंट सेंसर, एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, जायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी सेंसर हैं। कीमत के मामले में OnePlus Nord के 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 27,999 रुपये है



























