- Home
- देश
-
इंदौर .घनी बस्तियों और तंग जगहों में लगी आग बुझाने में अग्निशमन दल को होने वाली मुश्किलों का हल खोजने के लिए इंदौर में इंजीनियरिंग के एक विद्यार्थी ने ‘मिनी रोबोट' बनाया है। विकास के अगले चरण में इस रोबोट को कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से कुछ इस तरह उन्नत बनाया जा रहा है कि यह किसी स्थान पर लगी आग का खुद पता लगा कर उसे बुझा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि मिनी रोबोट को इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के शुरू किए गए ‘‘इन्टर्नशिप विद मेयर'' कार्यक्रम के तहत विकसित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के जरिये शहर के युवाओं को नवाचारी अनुसंधान के लिए सरकारी मदद मुहैया कराई जाती है। ‘‘इन्टर्नशिप विद मेयर'' कार्यक्रम से जुड़े मनुज जायसवाल (21) ने मंगलवार को बताया कि उनके द्वारा विकसित मिनी रोबोट को कोई भी प्रशिक्षित व्यक्ति मोबाइल फोन से जुड़े रिमोट कंट्रोल की मदद से चला सकता है। उन्होंने बताया कि यह रोबोट आग बुझाने के लिए फोम (झाग) की बौछार करता है। जायसवाल, शहर के एक निजी महाविद्यालय में ऑटोमेशन और रोबोटिक्स में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया, ‘‘मैं कृत्रिम मेधा (एआई) पर आधारित मशीन लर्निंग मॉडल की मदद से रोबोट को लगातार विकसित कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि रोबोट किसी स्थान पर लगी आग को बिना किसी मानवीय दखल के खुद ढूंढकर बुझा सके।'' इंजीनियरिंग के विद्यार्थी ने बताया कि तीन महीने के अनुसंधान से तैयार मिनी रोबोट को बनाने में करीब दो लाख रुपये की लागत आई है। जायसवाल ने बताया, ‘‘मेरी योजना है कि निवेशकों की मदद से मिनी रोबोट का बड़े पैमाने पर निर्माण किया जाए। यह रोबोट अग्निशमन विभाग के साथ ही कारखानों, दफ्तरों और अन्य स्थानों पर तैनात किया जा सकता है।'' उन्होंने बताया कि वह आग बुझाने वाले मिनी रोबोट के लिए पेटेंट हासिल करने की प्रक्रिया महीना भर पहले ही शुरू कर चुके हैं।
-
जम्मू. अमरनाथ गुफा मंदिर जाने के लिए आगे की यात्रा के वास्ते जम्मू के आधार शिविर से 451 तीर्थयात्रियों का एक जत्था मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर घाटी की ओर रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक का सबसे छोटा जत्था 18 वाहनों के काफिले में भगवती नगर आधार शिविर से पहलगाम और बालटाल में आधार शिविरों के लिए सुबह तीन बजकर 30 मिनट से तीन बजकर 45 मिनट के बीच रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 303 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान - पहलगाम मार्ग से यात्रा कर रहे हैं। इनमें 26 महिलाएं और 20 साधु संत शामिल हैं। कुल 148 श्रद्धालु गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से मंदिर की ओर जा रहे हैं। इस जत्थे में 25 महिलाएं शामिल हैं। एक जुलाई को शुरू हुई 62 दिवसीय इस वार्षिक यात्रा के दौरान अब तक 4.23 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी। -
बेंगलुरु. कर्नाटक उच्च न्यायालय ने कहा कि अपने पति की त्वचा का रंग ‘‘काला'' होने के कारण उसका अपमान करना क्रूरता है तथा यह उस व्यक्ति को तलाक की मंजूरी दिए जाने की ठोस वजह है। उच्च न्यायालय ने 44 वर्षीय व्यक्ति को अपनी 41 वर्षीय पत्नी से तलाक दिए जाने की मंजूरी देते हुए हाल में एक फैसले में यह टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच करने पर निष्कर्ष निकलता है कि पत्नी काला रंग होने की वजह से अपने पति का अपमान करती थी और वह इसी वजह से पति को छोड़कर चली गयी थी। उच्च न्यायायल ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ए) के तहत तलाक की याचिका मंजूर करते हुए कहा, ‘‘इस पहलू को छिपाने के लिए उसने (पत्नी ने) पति के खिलाफ अवैध संबंधों के झूठे आरोप लगाए। ये तथ्य निश्चित तौर पर क्रूरता के समान हैं।'' बेंगलुरु के रहने वाले इस दंपति ने 2007 में शादी की थी और उनकी एक बेटी भी है। पति ने 2012 में बेंगलुरु की एक पारिवारिक अदालत में तलाक की याचिका दायर की थी। महिला ने भी भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए (विवाहित महिला से क्रूरता) के तहत अपने पति तथा ससुराल वालों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया था। उसने घरेलू हिंसा कानून के तहत भी एक मामला दर्ज कराया और बच्ची को छोड़कर अपने माता-पिता के साथ रहने लगी। उसने पारिवारिक अदालत में आरोपों से इनकार कर दिया और पति तथा ससुराल वालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पारिवारिक अदालत ने 2017 में तलाक के लिए पति की याचिका खारिज कर दी थी जिसके बाद उसने उच्च न्यायालय का रुख किया था। न्यायमूर्ति आलोक अराधे और न्यायमूर्ति अनंत रामनाथ हेगड़े की खंडपीठ ने कहा, ‘‘पति का कहना है कि पत्नी उसका काला रंग होने की वजह से उसे अपमानित करती थी। पति ने यह भी कहा कि वह बच्ची की खातिर इस अपमान को सहता था।'' उच्च न्यायालय ने कहा कि पति को ‘‘काला'' कहना क्रूरता के समान है।
उसने पारिवारिक अदालत के फैसले को रद्द करते हुए कहा, ‘‘पत्नी ने पति के पास लौटने की कोई कोशिश नहीं की और रिकॉर्ड में उपलब्ध साक्ष्य यह साबित करते हैं कि उसे पति का रंग काला होने की वजह से इस शादी में कोई दिलचस्पी नहीं थी। इन दलीलों के संदर्भ में यह अनुरोध किया जाता है कि पारिवारिक अदालत विवाह भंग करने का आदेश दें। - -नई दिल्ली में 9 और 10 सितम्बर को आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए जरूरी और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की-शिखर सम्मेलन के लिए 3200 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय मीडियाकर्मियों ने पंजीकरण करवायानई दिल्ली। प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा ने मंंगलवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित भारत मंडपम में भारत की जी-20 अध्यक्षता पर समन्वय समिति की 7वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जरूरी और लॉजिस्टिक पक्षों को ध्यान में रखते हुए शिखर सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया गया।इस संबंध में शेरपा (जी-20) सचिव (आर्थिक कार्य विभाग) और सचिव (सूचना एवं प्रसारण) ने प्रस्तुतिकरण दिए। भारतीय अध्यक्षता की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई, जिनमें हरित विकास, सतत विकास लक्ष्यों को तेज करना, मजबूत सतत संतुलन और समावेशी वृद्धि, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, लैंगिग समानता और बहुपक्षीय संस्थानों में सुधारों को गतिशील बनाना शामिल था।शेरपा (जी-20) ने सूचित किया कि कुल 185 बैठकें आयोजित की गई है, जिनमें 13 बैठकें मंत्रिस्तरीय थीं। देश के सभी राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों को इसके दायरे में रखा गया था। कुल 12 परिणाम दस्तावेजों के अलावा सहमति के साथ 12 योग्य प्रस्तावों को अपना लिया गया है।सचिव (डीईए) ने बताया कि वित्त मामलों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें क्रिप्टो संपदा एजेंडा, वित्तीय समावेश, जलवायु वित्त को कार्यशील बनाना तथा सतत विकास लक्ष्यों के लिए वित्त पोषण शामिल हैं।सचिव (सूचना एवं प्रसारण) ने मीडिया के लिए किए जाने वाले बंदोबस्त के बारे में जानकारी दी, जैसे मीडिया सेंटर और मीडिया प्रत्ययन की व्यवस्था। अब तक शिखर सम्मेलन के लिए 3200 से अधिक मीडियाकर्मियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 1800 विदेशी और 1200 से अधिक भारतीय मीडियाकर्मी हैं। उन्होंने सूचित किया कि विदेशी और भारतीय मीडिया, दोनों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं।प्रमुख सचिव ने लॉजिस्टिक और सुरक्षा पक्षों से जुड़े पिछले निर्णयों को लागू करने के विषयों की भी समीक्षा की। दिल्ली सरकार और पुलिस आयुक्त (दिल्ली पुलिस) सहित सुरक्षा अधिकारियों ने सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आने वाले गणमान्यों की अगवानी, यातायात प्रबंधन योजना, हवाई अड्डे और सुरक्षा इंतजाम तथा दिल्ली एनसीआर में सौन्दर्यीकरण के कामकाज के बारे में बताया। अगले महीने जी-20 राष्ट्राध्यक्षों की अगवानी के संबंध में अब तक की जाने वाली सकारात्मक प्रगति को मद्देनजर रखते हुए प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित व्यक्तियों व विभागों को अगले कुछ दिनों के भीतर समस्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि रिहर्सल शुरू की जा सके।श्री मिश्रा ने समस्त शासकीय तंत्र की भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि समय पर समुचित तैयारियां सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन को एक महीना रह गया है, इसलिए सारे कामों को पूरी सटीकता के साथ पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि विस्तार से सारी रूपरेखा तैयार की जाए और कामकाज को सही ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी जाएं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देशभर के युवा अधिकारियों को शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने तथा संगठन से सीखने का अवसर मिल रहा है।दिल्ली के उपराज्यपाल, कैबिनेट सचिव और संबंधित मंत्रालयों/विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक के दौरान उपस्थित थे।
- नयी दिल्ली । केरल और उत्तर प्रदेश सहित छह राज्यों की सात विधानसभा सीट पर पांच सितम्बर को उपचुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को यह घोषणा की।इनमें कांग्रेस के दिग्गज नेता ओमन चांडी के निधन के कारण खाली हुई सीट भी शामिल है। चांडी केरल की पुथुपल्ली सीट से विधायक थे। उन्होंने पांच दशक से अधिक समय तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया।आयोग के अनुसार, त्रिपुरा की दो सीट तथा केरल, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की एक-एक सीट पर उपचुनाव होंगे तथा मतगणना आठ सितंबर को होगी।झारखंड में डुमरी विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक जगरनाथ महतो के निधन के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था।आयोग के अनुसार, विधायक शमशुल हक के निधन और प्रतिमा भौमिक के इस्तीफे के कारण त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।पश्चिम बंगाल में धुपगुड़ी विधानसभा सीट विधायक विष्णु पद राय के निधन के बाद खाली हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में घोसी सीट पर सपा विधायक दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है।उत्तराखंड की बागेश्वर सीट विधायक चंदन राम दास के निधन के बाद खाली हुई है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) अपने सहयोगियों के बीच विश्वास परखने के लिए उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है क्योंकि वह खुद अविश्वास से भरा हुआ है।प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन को ‘घमंडिया’ करार दिया और दिल्ली सेवा विधेयक पर मतदान में ‘सेमीफाइनल’ जीत के लिए पार्टी के राज्यसभा सदस्यों को बधाई दी।सूत्रों के अनुसार, मोदी ने कहा कि कुछ विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में मतदान को 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले सेमीफाइनल बताया था।दिल्ली सेवा विधेयक को सोमवार को संसद की मंजूरी मिल गई । राज्यसभा ने इस विवादास्पद विधेयक को 101 के मुकाबले 131 मतों से पारित कर दिया।लोकसभा में सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का विफल होना तय समझा जा रहा है। इसे देखते हुए मोदी ने पार्टी के सांसदों से 2024 के चुनाव से पहले अंतिम गेंद पर ‘‘छक्का’’ जड़ने के लिए कहा।उन्होंने 2018 के अपने भाषण का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने विपक्ष से 2023 में उनकी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कही थी।विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेता सामाजिक न्याय की बात करते हैं लेकिन उन्होंने वंशवादी, तुष्टिकरण और भ्रष्ट राजनीति से इसे सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यह समय भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म करने का है।
-
नई दिल्ली। संसद में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक-2023 पारित हो गया है। कल राज्यसभा में विधेयक के पक्ष में 131 सांसदों ने जबकि विपक्ष में 102 सांसदों ने वोट किया। यह विधेयक लोकसभा में पिछले सप्ताह ही पारित हो गया था। इस विधेयक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम 1991 में संशोधन का प्रावधान है। यह केंद्र सरकार को अधिकारियों के कार्यों, नियमों और सेवा की अन्य शर्तों सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के मामलों के संबंध में नियम बनाने का अधिकार देता है। इसमें राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण के गठन का भी प्रावधान है। इस प्राधिकरण में दिल्ली के मुख्यमंत्री, दिल्ली के मुख्य सचिव और दिल्ली के प्रधान गृह सचिव शामिल होंगे। प्राधिकरण अधिकारियों के स्थानांतरण और नियुक्तियों तथा अनुशासनात्मक कार्रवाईयों के मामलों के संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल को सिफारिशें देगा। केंद्र सरकार इस संबंध में इसी साल मई में अध्यादेश लाई थी।
चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस विधेयक का उद्देश्य दिल्ली में प्रशासन को भ्रष्टाचार-मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक उच्चतम न्यायालय के आदेश का उल्लंघन नहीं करता है। श्री शाह ने कहा कि दिल्ली में 2015 से पहले भाजपा और कांग्रेस की सरकार रही थी, लेकिन तब केंद्र के साथ कभी टकराव नहीं हुआ। गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली सेवा विधेयक आपातकाल लगाने या लोगों के अधिकार छीनने के लिए नहीं लाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार, दिल्ली के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए सेवा विधेयक लेकर आई है। श्री शाह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी अपने फैसले में कहा था कि केंद्र सरकार दिल्ली से संबंधित कानून बना सकती है। श्री शाह ने कहा कि दिल्ली अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से भिन्न है क्योंकि यह राष्ट्रीय राजधानी है और यहां संसद, उच्चतम न्यायालय और दूतावास स्थित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने द्वारा ही पहले लाए गए कानून का विरोध केवल राजनीतिक स्वार्थ और आम आदमी पार्टी को खुश करने के लिए कर रही है।श्री शाह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सतर्कता विभाग में तत्काल तबादलों का आदेश दिया क्योंकि यह उत्पाद शुल्क नीति घोटाले और मुख्यमंत्री आवास नवीकरण की जांच कर रहा था। श्री शाह ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सतर्कता विभाग को लेकर इतनी जल्दबाजी इसलिए दिखाई क्योंकि उसके पास घोटालों से जुड़ी फाइलें थीं।संसद को बाधित करने के लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए श्री शाह ने कहा कि सरकार मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है और सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कुछ छुपाने की कोशिश कर रहा है तभी वह चर्चा नहीं होने दे रहा। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चर्चा चाहता है तो 11 अगस्त को चर्चा कराई जा सकती है। -
बलिया (उप्र) । जिले के नगरा थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार को एक किशोर ने प्रेमिका के आत्महत्या करने से आहत होकर कथित रूप से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार नगरा थानाक्षेत्र के गोठवां गांव में सोमवार को अपराह्न रितिक राम (17) का शव उसकी मौसी के घर की छत से फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार घटना के समय रितिक की मौसी के घर के सभी लोग खेत व अन्य कार्य से बाहर गये थे। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि रितिक राम मऊ जिले के कोपागंज थानाक्षेत्र के इटौरा गांव का रहने वाला था और वह एक सप्ताह पहले अपने मौसी के घर आया था। एसएचओ ने बताया कि रितिक का अपने गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। उन्होंने बताया कि उसकी प्रेमिका ने गत 27 जुलाई को खुदकुशी कर ली थी। उन्होंने बताया कि प्रेमिका के आत्महत्या करने से रितिक आहत था।
-
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के चार जिलों में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग हादसों में सात लोगों की मौत हो गयी। सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि प्रदेश में सर्पदंश, डूबने और अतिवृष्टि आदि घटनाओं में कुल सात लोगों की मौत हो गयी। बयान के अनुसार रविवार, छह अगस्त की शाम छह बजे से सोमवार, सात अगस्त की शाम छह बजे के बीच पीलीभीत जिले में सर्पदंश और कीट आक्रमण से एक-एक, सुलतानपुर में डूबने से दो, अतिवृष्टि से आगरा में एक और बरेली में दो लोगों की मौत हो गई।
-
मुंबई. महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के एक गांव में पत्नी से झगड़ा होने के बाद गुस्साए 38 वर्षीय व्यक्ति ने अपने दो बच्चों को एक कुएं में फेंककर कथित रूप से उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे करजात के अल्सुंदे गांव की है। उन्होंने बताया कि आरोपी गोकुल क्षीरसागर का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह अपनी आठ साल की बेटी रुतुजा और चार साल के बेटे वेदांत को लेकर घर से निकल गया। अधिकारी ने बताया कि गुस्से से आग बबूला आरोपी बच्चों को गांव के एक कुएं पर ले गया और उन्हें उसमें फेंक दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक बच्चों को कुएं से बाहर निकाला जाता तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-
नयी दिल्ली. आयकर विभाग ने आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (आईटीएटी) में मुकदमों को अच्छी तरह लड़ने के लिए 50 युवा विधि और चार्टर्ड अकाउंटेंट (लेखाकार) स्नातकों को अस्थायी रूप से नियुक्त करने का फैसला किया है। ये पेशेवर मुकदमों की तैयारी में विभागीय अधिकारियों की मदद करेंगे।
हाल ही में अधिसूचित ‘युवा पेशेवर योजना, 2023' के तहत 35 वर्ष तक आयु के उम्मीदवारों को विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों में नियुक्त किया जाएगा। इन पेशेवरों को 40,000 रुपये के मासिक पारिश्रमिक पर नियुक्त किया जाएगा। आयकर विभाग के एक नीति पत्र के अनुसार, यह योजना ‘‘आईटीएटी में विभागीय प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए लाई जा रही है और इसमें विधि और चार्टर्ड अकाउंटेंट में युवा स्नातकों की भागीदारी होगी।'' नीति पत्र के अनुसार, ये पेशेवर विभागीय अधिकारियों को न्यायाधिकरण (आईटीएटी) में सुनवाई के लिए सहायता करेंगे। -
नयी दिल्ली. भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के चयरमैन पद का कार्यभार संभाल लिया है। सीबीआईसी ने ट्विटर पर लिखा है, 1988 बैच के सी एंड आईटी (सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर समूह) अधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने पांच अगस्त 2023 को केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर व सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के चेयरमैन पद का कार्यभार संभाला। अग्रवाल ने विवेक जोहरी की जगह ली है, जो 31 मई को सीबीआईसी प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए।
वित्त मंत्रालय ने पांच अगस्त को अग्रवाल की नियुक्ति का आदेश जारी किया था। इससे पहले, वह बतौर सीबीआईसी सदस्य (अनुपालन प्रबंधन) के रूप में कार्य कर रहे थे। सीबीआईसी में चेयरमैन के साथ छह सदस्य होते हैं। बोर्ड को प्रधान मुख्य आयुक्त/मुख्य आयुक्त और प्रधान महानिदेशक/महानिदेशक कामकाज में सहायता प्रदान करते हैं। -
पुडुचेरी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन में पुडुचेरी के सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता है। पुडुचेरी की अपनी पहली यात्रा के दौरान जवाहरलाल स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जेआईपीएमईआर) में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पुडुचेरी ‘आध्यात्मिक पर्यटन के लिए एक अद्भुत गंतव्य' है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक पर्यटन एक वैश्विक प्रवृत्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आध्यात्मिक पर्यटन में पुडुचेरी में सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता है।'' उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पुडुचेरी में पर्यटन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्वदेश दर्शन योजना के तहत कई कदम उठाए हैं। इससे पहले, जेआईपीएमईआर में कैंसर रोगियों के इलाज के लिए 17 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक उपकरण का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि यह सुविधा रेडियो थेरेपी जोखिम को कम करेगी। उन्होंने पड़ोसी विल्लियानूर में 10.51 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित आयुष अस्पताल का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत इसका निर्माण किया गया है और यह चिकित्सा की तीन प्रणालियों आयुर्वेद, सिद्ध और होम्योपैथी के तहत सस्ती और संपूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सुविधा प्रदान करेगा। साक्षरता और शिक्षा के क्षेत्र में पुडुचेरी द्वारा किए गए विविध विकास की सराहना करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पुडुचेरी ने विभिन्न संस्कृतियों के मिलन का प्रदर्शन किया और इस कहावत की भावना पर खरा उतरा कि यहां ‘अनेकता में एकता' है। पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने राष्ट्रपति का स्वागत पहले ओडिया में, फिर अंग्रेजी तथा तमिल में किया। मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने क्षेत्रीय सरकार द्वारा हाशिये पर पड़े और जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए लागू की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। इससे पूर्व, चेन्नई से पुडुचेरी हवाई अड्डा पहुंचने पर राष्ट्रपति का उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों ने स्वागत किया। मुर्मू पुडुचेरी की दो दिवसीय यात्रा पर हैं और राष्ट्रपति बनने के बाद केंद्र शासित प्रदेश की उनकी यह पहली यात्रा है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने सोमवार को कहा कि चंद्रयान-3 अच्छी हालत में है और इसका सर्वाधिक महत्वपूर्ण चरण कक्षा निर्धारण प्रक्रिया होगी, जब अंतरिक्षयान 100 किलोमीटर की वृत्ताकार कक्षा से चंद्रमा के करीब जाना शुरू करेगा। प्रक्षेपण यान मार्क-3 रॉकेट से 14 जुलाई को प्रक्षेपित किया गया चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान अब चंद्रमा की 4,313 किलोमीटर (किमी) दीर्घवृत्ताकार कक्षा में मौजूद है और इसे 100 किमी की वृत्ताकार कक्षा में ले जाने के लिए नौ से 17 अगस्त के बीच सिलसिलेवा प्रक्रियाएं किये जाने की जरूरत है। विक्रम लैंडर के चंद्रमा पर 23 अगस्त को उतरने की उम्मीद है।
सोमनाथ ने कहा, ‘‘100 किमी तक हम कोई कठिनाई नहीं देख रहे हैं। समस्या केवल पृथ्वी से लैंडर की स्थिति का अनुमान लगाने में है। यह माप एक बहुत महत्वपूर्ण माप है, हम इसे कक्षा निर्धारण प्रक्रिया कह सकते हैं। यदि यह सही है तो शेष प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।'' इसरो अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम इस बार इसे बहुत सही तरीके से नीचे उतारने में सक्षम हैं। योजना के अनुसार कक्षा में बदलाव किया जा रहा है। इसमें कोई भटकाव नहीं है। इसलिए, यह शानदार नतीजे दे रहा है और हमें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा।'' उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 से मिला अनुभव बहुत उपयोगी साबित हो रहा है क्योंकि अंतरिक्ष एजेंसी ने चंद्रमा पर एक अंतरिक्षयान उतारने की कोशिश की थी। 2019 में यह अभियान आंशिक रूप से सफल रहा था। सोमनाथ ने कहा, ‘‘चंद्रयान-2 से मिले अनुभव से काफी मदद मिलेगी। क्या कुछ गलत रहा, उस पर हमने काफी विस्तार से विचार किया। हमने फिर से परिदृश्य तैयार किया और चंद्रयान-3 में काफी संशोधन किया।'' उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 अभियान से मिली चंद्रमा की तस्वीरों का उपयोग चंद्रयान-3 की बेहतर अवस्थिति के लिए किया गया। सोमनाथ ने कहा, ‘‘हमने आकस्मिक स्थिति एवं गड़बड़ी से निपटने के लिए और अधिक सूचना जुटाई। हमने इन सभी चीजों पर व्यापक परीक्षण कार्यक्रम संचालित किया। -
नयी दिल्ली. लोकसभा ने सोमवार को ‘फार्मेसी संशोधन विधेयक, 2023' को मंजूरी दे दी जिसमें जम्मू कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश के संबंध में फार्मेसी अधिनियम, 1948 में संशोधन का प्रस्ताव है। लोकसभा में विधेयक को चर्चा एवं पारित करने के लिए रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद जम्मू कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 को लागू किया गया और इसके परिणामस्वरूप पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर राज्य में लागू अनेक कानून निरस्त हो गये। इनमें जम्मू कश्मीर फार्मेसी कानून, संवत 2011 (1955) भी शामिल है जो राज्य में फार्मेसी व्यवसाय का विनियमन कर रहा था। उन्होंने कहा कि इसके बाद जम्मू कश्मीर फार्मेसी परिषद का पुनर्गठन किया गया और केंद्रशासित प्रदेश में फार्मेसी अधिनियम, 1948 अपनाया गया। मंत्री ने कहा कि इसी क्रम में जम्मू कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश के संबंध में 1948 के फार्मेसी कानून में संशोधन की आवश्यकता हुई। विधेयक पर हुई संक्षिप्त चर्चा का जवाब देते हुए मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जम्मू कश्मीर में किसानों, मजदूरों और युवाओं को रोजगार देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से विकास की गति बढ़ी है।
मांडविया ने कहा, पहले जम्मू कश्मीर के युवा हाथ में पत्थर लेते थे, अब उनके हाथ में रोजगार है, टैबलेट हैं, कंप्यूटर हैं। वहां युवाओं को पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार मिल रहे हैं।'' उन्होंने इस दौरान कुछ विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि निजी राजनीति के लिए ‘‘कई परिवारों ने जम्मू कश्मीर को विकास की गति से जुड़ने नहीं दिया। लेकिन अनुच्छेद 370 हटते ही जम्मू कश्मीर का औद्योगिक विकास होने लगा है। आज विदेशी कंपनियां वहां निवेश को आ रही हैं।'' मांडविया ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आयुष्मान योजना के तहत पहली बार हृदय की सर्जरी की गयी। मंत्री के जवाब के बाद निचले सदन ने ध्वनिमत से विधेयक को मंजूरी दे दी। विधेयक पर संक्षिप्त चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि यह विधेयक जम्मू कश्मीर के फार्मेसी समुदाय के हित में है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के संजीव कुमार ने भी चर्चा में भाग लिया। - चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के चार दशक बाद तक पार्टी को यह समझ नहीं आया कि गांवों में पंचायती राज प्रणाली लागू करना कितना जरूरी है।प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो दिवसीय कार्यक्रम ‘हरियाणा क्षेत्रीय पंचायती राज परिषद’ का उद्घाटन करने के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के राज में पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने के कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए।’’मोदी ने कहा कि देश आज विकासित भारत के लक्ष्य को हासिल करने और ‘अमृत काल’ के प्रस्तावों को साकार करने की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा, ‘‘इस अमृत काल की 25 वर्ष की यात्रा के दौरान हमें पिछले दशकों के अनुभवों को भी याद रखना होगा।’’मोदी ने कहा, ‘‘विकसित भारत का मार्ग टियर-2, टियर-3 शहरों और गांवों से होकर गुजरता है। मुख्य शहरों से दूर के स्थानों और छोटे शहरों में उम्मीद की नयी किरण एवं ऊर्जा दिखाई देती है।’’प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के चार दशक बाद तक उसे यह समझ नहीं आया कि गांवों में पंचायती राज प्रणाली लागू करना कितना जरूरी है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिला पंचायत प्रणाली को भी भाग्य भरोसे छोड़ दिया था।फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख ओ पी धनखड़ और अन्य नेता मौजूद थे।
- नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा की सदस्यता बहाल होने के बाद सोमवार को संसद पहुंचे जहां उनकी पार्टी और कुछ अन्य सहयोगी दलों के सांसदों ने उनका स्वागत किया तथा उनके समर्थन में नारेबाजी की। संसद भवन पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने सबसे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन किया और फिर लोकसभा की कार्यवाही में शामिल हुए।लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में पार्टी के उप नेता प्रमोद तिवारी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एनके प्रेमचंद्रन और कई अन्य विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के प्रवेश द्वार पर राहुल गांधी का स्वागत किया।विपक्षी सांसदों ने ‘राहुल गांधी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी ने अपने ट्विटर प्रोफाइल का ब्यौरा बदला और संसद सदस्य लिखा। सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उन्होंने ‘डिस्क्वालीफाइड एमपी’ (अयोग्य ठहराए गए सांसद) लिखा था।‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय द्वारा शुक्रवार चार अगस्त को रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की लोकसभा सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई। इस संबंध में लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी की है।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजस्थान के अलवर जिले में 2.20 लाख रुपये की रिश्वत मामले में सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग (पीएचईडी) के दो अधिकारियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।एसीबी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी की एक टीम ने कार्यकारी अभियंता मायालाल सैनी (बहरोर) और कनिष्ठ अभियंता प्रदीप (नीमराना) को रविवार रात एजेंसी की तकनीकी शाखा द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के बाद जयपुर के एक होटल में छापा मारकर गिरफ्तार किया। एडीजी के मुताबिक, सैनी और प्रदीप को ठेकेदार पदम चंद जैन, सुपरवाइजर मलकीत सिंह और प्रवीण कुमार नामक एक निजी व्यक्ति से कथित तौर पर 2.20 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया।एडीजी के अनुसार, कथित रिश्वत पीएचईडी के बहरोर (अलवर) सर्कल में ठेकेदार की फर्म द्वारा निष्पादित निर्माण कार्यों के बकाया बिल को मंजूरी देने के लिए दी जा रही थी। अधिकारी ने बताया कि एसीबी की टीम ने आरोपियों के वाहन से 2.90 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि भी बरामद की। उन्होंने कहा कि पांचों आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
-
कोट्टयम. केरल के कोट्टयम में रविवार को एक नदी में नहाते समय एक ही परिवार के तीन सदस्य डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक अरायंकावु निवासी जॉनसन (59), उनका भतीजा अलोशी (17) और भतीजी जिस्मोल (15) यहां मुवत्तुपुझा नदी की जलधारा में फंस गए और डूब गए। उन्होंने बताया कि उनके साथ नदी में नहाने गए परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं। यह घटना पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे की है। पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने स्थानीय लोगों और अधिकारियों को घटना के बारे में सतर्क किया और दो घंटे तक चले लंबे तलाशी अभियान के बाद तीनों के शव बरामद किए गए।
- file photo
-
बेंगलुरु. चंद्रयान-3 के चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करने के एक दिन बाद, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को चांद का ‘चंद्रयान-3 द्वारा देखा गया एक वीडियो जारी किया। अंतरिक्ष एजेंसी ने वीडियो को कैप्शन के साथ जारी किया, ‘‘चंद्रयान -3 मिशन : चंद्रमा, जैसा कि चंद्रयान -3 द्वारा चंद्र कक्षा में प्रवेश के दौरान देखा गया ।'' वीडियो में दिख रहा है कि चंद्रमा पर नीले हरे रंग के कई गड्ढे हैं। यह वीडियो रविवार देर रात होने वाली दूसरी बड़ी गतिविधि से कुछ घंटे पहले जारी किया गया।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश भर में 508 स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखे जाने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि स्टेशन को पुनर्विकसित करने की परियोजना के नाम पर किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। वैष्णव ने कहा कि पुनर्विकास परियोजना के लिए आवश्यक लगभग 25,000 करोड़ रुपये वर्तमान बजट के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के यात्रियों के लिए निर्बाध यात्रा की सुविधा प्रदान करना है। वैष्णव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी आम लोगों के जीवन को ऊपर उठाने के लिए काम कर रहे हैं। स्टेशन पुनर्विकास का उद्देश्य भी यही है। हम चाहते हैं कि उन पर कोई बोझ डाले बिना विश्वस्तरीय स्टेशन हों। हमने स्टेशन पुनर्विकास के नाम पर किराया नहीं बढ़ाया है या कोई शुल्क नहीं लगाया है।'' रेलवे ने देश के लगभग 1,300 प्रमुख स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन' के रूप में पुनर्विकसित करने की योजना बनाई है। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने 508 अमृत भारत स्टेशन की आधारशिला रखी। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत से ऐसे 55-55 स्टेशन विकसित किए जाएंगे, मध्य प्रदेश में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से 34 स्टेशन तथा महाराष्ट्र में 1,500 करोड़ रुपये की लागत से 44 स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल सहित कई राज्यों के रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। वैष्णव ने कहा कि रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा बनने के लिए लगभग 9,000 इंजीनियरों को प्रशिक्षण दे रहा है, ताकि उन्हें परियोजना की बारीकियों से अवगत कराया जा सके, जिसमें अनुबंध दस्तावेजों, वास्तुकला, डिजाइन और सुरक्षा का विश्लेषण शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘इस परियोजना के लिए किसी भी राज्य के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया है।
अगले दो वर्षों में हम कार्य में समुचित प्रगति देख सकेंगे। हम समतामूलक विकास में विश्वास रखते हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा कहा है कि हम परियोजना की आधारशिला रखेंगे और हम इसका उद्घाटन भी करेंगे, इससे पता चलता है कि हमें किस गति से परियोजना को पूरा करने की आवश्यकता है।'' केरल में सबरीमला रेल जैसी लंबित परियोजनाओं पर एक सवाल के संबंध में रेल मंत्री ने कहा कि यह एक विशेष मामला है, क्योंकि राज्य सरकार की विकास में ‘‘बहुत कम रुचि'' है। उन्होंने कहा, ‘‘केरल सरकार की राज्य के विकास में उतनी दिलचस्पी नहीं है। यही कारण है कि सर्वेक्षण या विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए भी हमें इतना विरोध देखने को मिलता है कि कोई भी काम करना वाकई मुश्किल हो जाता है। फिर भी केंद्र केरल में रेल नेटवर्क के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।'' वैष्णव ने कहा, ‘‘मैं आपको एक उदाहरण दूंगा...केरल के राजनीतिक वर्ग ने एक पूरी तरह से काल्पनिक कथा गढ़ी कि वंदे भारत ट्रेन राज्य को नहीं दी जाएगी। लेकिन आप देखिए, वंदे भारत हर उस राज्य को दी गई है, जहां ब्रॉडगेज नेटवर्क (बड़ी लाइन) का विद्युतीकरण हुआ है। हमारा मानना है कि पूरे देश को एक साथ विकास करना चाहिए, लेकिन हमें राज्य सरकारों के सहयोग की आवश्यकता है।'' इससे पहले, पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में, देश में बिछाई गई रेल पटरी की लंबाई दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन, पोलैंड, ब्रिटेन और स्वीडन में संयुक्त रेलवे नेटवर्क से अधिक है। मोदी ने कहा कि पिछले साल ही भारत ने दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त रेलवे नेटवर्क से भी ज्यादा रेल पटरी बिछायी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने पूर्वोत्तर में रेलवे के विस्तार को भी प्राथमिकता दी है। रेल लाइन का दोहरीकरण, अमान परिवर्तन, विद्युतीकरण और नए मार्गों का निर्माण तेज गति से किया जा रहा है। जल्द ही, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की राजधानियाँ रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘नगालैंड में 100 साल बाद दूसरा रेलवे स्टेशन बनाया गया है। पूर्वोत्तर में पहले से तीन गुणा अधिक नयी रेल लाइन की शुरूआत की जा रही है।''
मोदी ने कहा कि आज सरकार रेल यात्रा को सुलभ बनाने के साथ-साथ सुखद बनाने के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने कहा, "ट्रेन में या स्टेशन पर यथा संभव सर्वोत्तम अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।'' उन्होंने रेल प्लेटफार्म पर बैठने की बेहतर व्यवस्था, उन्नत प्रतीक्षालय और हजारों स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने सारे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से देश में विकास का एक नया माहौल बनेगा क्योंकि वे आगंतुकों के बीच पहली बार में ही अच्छी छाप छोड़ेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘'उन्नत स्टेशनों से न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि आस-पास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।'' उन्होंने कहा कि बड़ी लाइन पर बिना फाटक की क्रॉसिंग की संख्या अब शून्य हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वर्ष 2014 से पहले 6,000 से भी कम रेल ओवरब्रिज और अंडरब्रिज थे, लेकिन आज, यह संख्या 10,000 से अधिक हो गई है।'' प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
-
गाजियाबाद (उप्र). ग़ाज़ियाबाद जिले की मुरादनगर पुलिस ने सुराना गांव के हिंडन नदी पुल के पास एक महिला की हत्या के मामले में पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। गत तीन अगस्त को हिंडन नदी पुल के पास एक महिला का शव मिला था जिसे गोलियां मारी गई थीं। मृतक महिला की पहचान उसके परिवार ने रागिनी (22) के रूप में की थी। मामले को लेकर पुलिस ने मुरादनगर थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) विवेक चंद्र यादव ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि हत्या में शामिल सभी पांचों आरोपियों को मुरादनगर की गंग नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ़्तार आरोपियों की पहचान अमित जाटव, करण, अंकुर, बंटी और उसकी पत्नी राखी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अमित ने पुलिस को बताया कि रागिनी उसके जीजा बंटी के साथ काम करती थी, जबकि बंटी प्रॉपर्टी डीलर है। उन्होंने बताया कि बंटी और मृतक महिला के बीच विवाहेतर संबंध था। पुलिस के अनुसार यह बात बंटी की पत्नी राखी को पता चली तो उसने रागिनी से छुटकारा पाने के लिए अपने भाई अमित जाटव से मदद मांगी। पुलिस के अनुसार बंटी भी रागिनी से कथित तौर पर छुटकारा पाना चाहता था क्योंकि वह उससे पैसे मांगने लगी थी। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने दो अगस्त की रात को रागिनी को एक कार में घटनास्थल पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पुल के नीचे फेंक दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिये गए हैं।
-
सुलतानपुर (उप्र) . कोतवाली देहात इलाके में रविवार देर शाम बदमाशों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ में मौजूद अधिवक्ता के भाई को भी पैर में गोली लगी है, जिसे गंभीर अवस्था में राजकीय मेडिकल कॉलेज से ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमेन बर्मा घायल का हाल जानने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। एसपी ने कहा हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार जिले के कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के भुलकी गांव निवासी अधिवक्ता आजाद अहमद (28) अपने भाई मंसूर अहमद के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार जैसे दोनों भाई अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नकराही चौराहे पर पहुंचे कि बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गोली लगते ही दोनों भाई बाइक से गिर पड़े जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस के अनुसार गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कृष्ण मोहन सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से अधिवक्ता व उनके भाई को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने अधिवक्ता आजाद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मंसूर को पैर में गोली लगी है, जिन्हें लखनऊ भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही एसपी सोमेन बर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल का हाल जाना। उन्होंने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच पड़ताल चल रही है। एसपी ने कहा कि मामले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
-
रावुलापलेम .आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में एक लड़की को उसकी मां के प्रेमी ने रविवार तड़के रावुलापलेम गौतमी पुल से नदी में धक्का दे दिया लेकिन वह चमत्कारिक रूप से जिंदा बच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक नदी में बह गई लड़की की सौतेली बहन और मां की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि धक्का दिए जाने के बाद लड़की पुल के प्लास्टिक के एक पाइप को पकड़ने में कामयाब रही, उसने अपनी जेब से मोबाइल फोन निकाला और पुलिस को फोन कर मदद के लिए बुलाया। कोनासीमा जिले के पुलिस अधीक्षक पी श्रीधर ने एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, ‘‘फोन कॉल आने के करीब आधे घंटे के अंदर पुलिस लड़की को बचाने में कामयाब रही। जब पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे, वह खतरनाक स्थिति में फंसी थी और पाइप को पकड़े हुए थी। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। '' पुलिस के अनुसार लड़की की मां ताडेपल्ली में एक होटल में काम करने के दौरान एक व्यक्ति के संपर्क में आईं और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध पनपा। कुछ समय बाद युवती ने एक लड़की को जन्म दिया, जो अब एक साल की है। पुलिस अधीक्षक पी श्रीधर के मुताबिक रविवार तड़के 3.50 बजे, युवक ने युवती के परिवार के सदस्यों से कहा कि वे सभी राजामहेंद्रवरम जाएंगे और वह उन्हें कार में रावुलापलेम गौतमी पुल तक ले गया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार युवक ने सेल्फी लेने के बहाने तीनों को पुल से नदी में धक्का दे दिया। इस घटना में लड़की बच गई जबकि उसकी सौतेली बहन और मां पानी में बह गए और अभी तक नहीं मिले हैं। पुलिस युवक की तलाश कर रही है। -
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने चंद्रयान-3 को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कराने के एक दिन बाद उसे इसके और नजदीक पहुंचाने की कवायद सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इसरो ने कहा ‘अंतरिक्षयान ने चंद्रमा के और नजदीक पहुंचने की एक प्रस्तावित प्रक्रिया पूरी कर ली है। इंजनों की ‘रेट्रोफायरिंग’ ने इसे चंद्रमा की सतह के और करीब यानी अब 170 किलोमीटर गुणा 4,313 किलोमीटर तक पहुंचा दिया है।
अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि- चंद्रयान-3 को- चंद्रमा के और नजदीक पहुंचाने की अगली कवायद 9 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे से दोपहर दो बजे के बीच किये जाने का कार्यक्रम है। सत्रह अगस्त तक तीन और अभियान प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी जिसके बाद लैंडिंग मॉड्यूल ‘प्रपल्शन मॉड्यूल’ से अलग हो जाएगा। इसके बाद, लैंडर पर ‘डी-आर्बिटिंग’ कवायद की जाएगी। इसके बाद, चंद्रमा की सतह पर उतरने से पहले लैंडर पर ‘डी-ऑर्बिटिंग’ कवायद को अंजाम दिया जाएगा। इसरो के अनुसार, यह 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का प्रयास करेगा




.jpg)











.jpg)
.jpg)
.jpg)







.jpeg)

