- Home
- देश
-
छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत
मेरठ (उत्तर प्रदेश)। मेरठ शहर के मेडिकल थाना क्षेत्र में 10 वीं की एक छात्रा की गुरुवार को अपने घर में संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक छात्रा ने खुदकुशी की है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिये ले गयी और उसने मौके से पिस्तौल भी बरामद कर ली है। नगर पुलिस अधीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार में प्रदीप चौधरी की बेटी कक्षा 10 की छात्रा (16) के कमरे से दोपहर गोली चलने की आवाज सुनी गयी और जब उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उनके अनुसार परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ कर देखा तो छात्रा का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा था। मेडिकल थानाध्यक्ष अखिलेश गौड़ ने बताया कि परिवार के लोगों का कहना है कि छात्रा परीक्षा को लेकर अवसाद में थी। उनके अनुसार प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है लेकिन छात्रा के पास पिस्तौल कहां से और कैसे आई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। उनके मुताबिक बहरहाल, मामले की जांच की जा रही है।--- - नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक जनवरी, 2023 को केंद्रीय पूल में गेहूं का भंडार करीब 159 लाख टन का होगा जबकि बफर मानदंड के हिसाब से यह 138 लाख टन ही होना चाहिये था। एक सरकारी बयान में कहा गया, ‘‘भारत सरकार के पास एनएफएसए (राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम) और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ पीएमजीकेएवाई (प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना) के अतिरिक्त आवंटन की आवश्यकता को पूरा करने के लिए केंद्रीय पूल के तहत पर्याप्त खाद्यान्न स्टॉक है।'' एक जनवरी, 2023 तक लगभग 159 लाख टन गेहूं उपलब्ध होगा, जो 138 लाख टन के बफर मानक की जरूरत से कहीं अधिक है। 12 दिसंबर तक केंद्रीय पूल में करीब 182 लाख टन गेहूं उपलब्ध है। इसमें कहा गया है, ‘‘भारत सरकार गेहूं के मूल्य परिदृश्य से अच्छी तरह वाकिफ है और अन्य जिंसों के साथ-साथ साप्ताहिक आधार पर नियमित रूप से इसकी निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठा रही है।'' केंद्र ने आगे किसी भी मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं और 13 मई, 2022 से निर्यात नियम लागू किए गए हैं। बयान में कहा गया है कि इसके अलावा एनएफएसए के साथ-साथ पीएमजीकेएवाई के तहत आवंटन भी कल्याणकारी योजनाओं की आवश्यकताओं को पूरा करने के मकसद से केंद्रीय पूल में पर्याप्त गेहूं स्टॉक रखने के लिए चावल के पक्ष में संशोधित किया गया है। केंद्र ने इस साल गेहूं की फसल का एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जबकि पिछले साल आरएमएस (रबी विपणन सत्र) 2022-23 के लिए एमएसपी 2,015 रुपये प्रति क्विंटल था। इस प्रकार, एमएसपी में 110 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि के साथ-साथ काफी अच्छी जलवायु परिस्थितियों से यह उम्मीद की जाती है कि अगले सत्र के दौरान गेहूं का उत्पादन और खरीद सामान्य रहेगी। बयान में कहा गया है, ‘‘अगले सत्र में गेहूं की खरीद अप्रैल, 2023 से शुरू होगी और शुरुआती आकलन के मुताबिक पिछले साल की तुलना में गेहूं की बुवाई में बढ़ोतरी हुई है।'' सरकार ने कहा कि उसने यह सुनिश्चित किया है कि सभी कल्याणकारी योजनाओं की आवश्यकता को पूरा करने के लिए केंद्रीय पूल में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार उपलब्ध हो और कीमतें नियंत्रण में रहें। सरकार ने कहा, ‘‘हालांकि भू-राजनीतिक परिस्थितियों के चलते खुले बाजार में किसानों द्वारा एमएसपी से अधिक कीमतों पर बिक्री के साथ-साथ कम उत्पादन के कारण पिछले सत्र के दौरान गेहूं की खरीद कम थी, फिर भी केंद्रीय पूल में गेहूं का पर्याप्त स्टॉक अब भी उपलब्ध होगा जिससे अगली गेहूं की फसल आने तक देश की जरूरतों को पूरा किया जा सकता है।'' रबी विपणन सत्र 2022-23 (अप्रैल-जून) में गेहूं की खरीद वर्ष 2021-22 के 433.44 लाख टन के मुकाबले घटकर 187.92 लाख टन रह गई, क्योंकि गेहूं का बाजार मूल्य एमएसपी से कहीं अधिक था। भारत का गेहूं उत्पादन फसल वर्ष 2021-22 (जुलाई-जून) में पिछले वर्ष के 10.96 करोड़ टन से घटकर 10 करोड़ 68.4 लाख टन रह गया। इसकी वजह पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में गर्मी की वजह से उपज घटना है।
-
राजग सरकार में एमबीबीएस सीट 87 प्रतिशत, पीजी सीट 105 प्रतिशत बढ़ीं: मांडविया
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले आठ साल में देश में एमबीबीएस सीट की संख्या 87 प्रतिशत बढ़ी है, वहीं चिकित्सा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की (पीजी) सीट की संख्या 105 प्रतिशत बढ़ी है। मांडविया ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 2014 से देश में युवा पीढ़ी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिहाज से अनेक कदम उठाये गये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या आज लगभग दोगुनी हो चुकी है। 2014 में जहां 387 मेडिकल कॉलेज थे। आज देश में 648 मेडिकल कॉलेज हैं।'' मांडविया ने कहा कि 2014 से अकेले सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 96 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज की संख्या में 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि इस समय देश के 648 मेडिकल कॉलेजों में 355 सरकारी क्षेत्र के और 293 निजी हैं।मांडविया ने कहा, ‘‘एमबीबीएस सीट 2014 में 51,348 थीं जो 87 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि के साथ 2022 में 96,077 हो गयीं। इसी तरह चिकित्सा पाठ्यक्रम की पीजी सीट 2014 में 31,185 थीं जो 105 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2022 में 63,842 हो गयीं।'' उन्होंने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 10,000 सीट सृजित करने की सोच के साथ 16 राज्यों में 58 मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गयी है और इनके साथ एमबीबीएस की सीटों की संख्या 3,877 बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह पीजी सीट में वृद्धि के लिए पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 72 मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दी गयी है और 4,058 पीजी सीट की बढ़ोतरी होगी। उन्होंन ट्वीट किया, ‘‘देश को अच्छे डॉक्टर मिल रहे हैं। सभी लोगों को शिक्षा के लिए अवसर मिले उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने प्रयास किया है, उसकी सराहना देश में हो रही है।'' उन्होंने कहा कि देश के ढाई लाख स्कूलों में 4.5 लाख से अधिक शौचलाय बनाए गए। जिससे बेटियों में शिक्षा बीच में छोड़ने का अनुपात 17 प्रतिशत से कम होकर 13 प्रतिशत हो गया है। -
लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ कराने से पैसों की बचत होगी : सरकार
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि चुनाव बड़े बजट वाले और खर्चीले हो गए हैं और लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ कराने से पैसों की बचत होगी। विधि और न्याय मंत्री किरेन रीजीजू ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं के चुनाव साथ-साथ कराए जाने की आवश्यकता महसूस की गई है क्योंकि चुनाव बड़े बजट वाले और खर्चीले हो गए हैं। विधि आयोग ने अपनी एक रिपोर्ट में शासन में स्थिरता के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव साथ-साथ कराने का सुझाव दिया है।'' रीजीजू ने कहा कि एक साथ निर्वाचन कराने से सरकारी खजाने में भारी बचत होगी वहीं बार-बार चुनाव कराने में प्रशासनिक और विधिक व्यवस्था तंत्र के प्रयासों की पुनरावृत्ति से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राजनैतिक दलों तथा उम्मीदवारों को उनके चुनाव अभियानों में भी काफी बचत होगी तथा चुनावों के दौरान आदर्श आचार संहिता के लंबे समय तक लागू रहने के कारण पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव पर भी रोक लगेगी। -
एम्स को ‘तंबाकू मुक्त क्षेत्र' घोषित किया गया
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी नयी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को ‘तंबाकू मुक्त क्षेत्र' घोषित किया गया है। अस्पताल परिसर में धूम्रपान या तंबाकू चबाने पाए जाने वाले चिकित्सकों, स्थायी या संविदा कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एम्स के निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास द्वारा जारी एक कार्यालय ज्ञापन (ओएम) के अनुसार यदि कोई अनुबंधित कर्मचारी या सुरक्षा कर्मचारी अस्पताल परिसर में सिगरेट या बीड़ी पीते हुए या किसी तंबाकू उत्पाद को चबाते हुए पाया जाता है, तो उसकी सेवा को समाप्त कर दिया जाएगा। ओएम के अनुसार, यदि कोई स्थायी कर्मचारी या चिकित्सक अस्पताल परिसर में धूम्रपान या तंबाकू उत्पाद चबाता पाया जाता है, तो एक ज्ञापन जारी किया जाएगा और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, एम्स के परिसर में धूम्रपान और तंबाकू थूकना रोगियों, परिचारकों और आगंतुकों के लिए 200 रुपये के जुर्माने के साथ दंडनीय अपराध होगा। सभी विभागाध्यक्षों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों को दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहें। -
महिला कांस्टेबल के साथ बदमाशों ने की लूटपाट
नोएडा (उप्र). रबूपुरा थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला कांस्टेबल से कुछ अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में रबूपुरा के थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और सहायक पुलिस आयुक्त से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रबूपुरा थाना में तैनात एक महिला आरक्षी दो दिन पूर्व स्कूटी से जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने महिला को पकड़ लिया तथा उसे झाड़ियों में खींच कर ले गए। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट कर लूटपाट की।'' सिंह ने बताया कि उसी समय ट्रैक्टर पर सवार होकर कुछ लोग आ गए, जो महिला पुलिसकर्मी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां पहुंचे और उसे बचाया।'' आरोप है कि मामले को दर्ज करने के बजाए रबूपुरा थाने की पुलिस ने दो दिन तक मामला दबाए रखा। बृहस्पतिवार को मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रबूपुरा के थाना प्रभारी को पुलिस आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा सहायक पुलिस आयुक्त जेवर से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। - कोल्लम (केरल)। निकटवर्ती वाणिज्यिक शहर कोल्लम की व्यस्त जीवनशैली से अछूता मुनरोतुरुत्तु केरल का एक ऐसा द्वीप है, जहां पर्यटक नौकाओं में बैठकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने और सुकून की तलाश में आते हैं, लेकिन उनके लिए यह यकीन कर पाना संभवत: मुश्किल होगा कि इस द्वीप पर रहने वाले सैंकड़ों स्थानीय लोग इसे छोड़कर जा रहे हैं।अष्टमुडी झील में कल्लड़ा नदी के विलय स्थान पर स्थित यह द्वीप 2004 में हिंद महासागर में आई सुनामी के बाद से असाधारण ऊंची लहरों के कारण जीवन के लिए खतरनाक हो गया है और लोग इसे छोड़कर जा रहे हैं।अनौपचारिक आंकड़ों के अनुसार, द्वीप की आबादी हाल के वर्षों में 12,000-13,000 से घटकर लगभग 8,000 रह गई है। इस द्वीप का नाम पूर्व ब्रिटिश निवासी कर्नल मुनरो के नाम पर रखा गया है।उच्च ज्वार और घरों में खारे पानी के रिसाव, जलभराव और संपर्क सुविधाओं की कमी संबंधी परेशानियों के कारण यहां सैकड़ों परिवार विस्थापन की समस्या से जूझ रहे हैं।धूल-मिट्टी एवं दुर्गंध से भरे खाली पड़े मकान, आंशिक रूप से पानी में डूबे रास्ते, इमारतों की सीलन भरी दीवारें और टखनों तक भरे पानी में खड़े होकर दैनिक काम-काज करते लोग इस द्वीप में अकसर दिखाई दे जाते हैं।द्वीप में रहने वाली सुशीला नाम की महिला ने कहा, ‘‘पानी हमारे घरों में बिन बुलाए मेहमान की तरह है।’’उसने कहा कि ऊंची लहरों के कारण हर वक्त घरों में रिसने वाला खारा पानी घरों के कंक्रीट के ढांचे को नुकसान पहुंचा रहा है।सुशीला ने कहा, ‘‘आजकल लगभग हर दिन पानी आता है और कुछ घंटे बाद चला जाता है और फिर आ जाता है। अब हमारे चारों तरफ पानी ही पानी है। हमारे छोटे बच्चे इस गंदे पानी के बीच से होते हुए स्कूल जा रहे हैं।’उसने कहा कि एक समय यह द्वीप अपने नारियल के पेड़ों के कारण जाना जाता था, लेकिन पानी के अत्यधिक खारे होने और जलभराव के कारण इन पेड़ों को काफी नुकसान पहुंच रहा है।सुशीला ने कहा कि इस क्षेत्र में कुछ निश्चित महीनों में ऊंची लहरें उठने की समस्या काफी पुरानी है, लेकिन 2004 में सुनामी आने के बाद से यह अत्यधिक बढ़ गई है।आठ छोटे द्वीपों से मिलकर बना पर्यटन का यह केंद्र 13.4 वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैला है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस द्वीप समूह के निचले इलाकों के डूबने का गंभीर खतरा पिछले कई साल से मंडरा रहा है।उन्होंने कहा कि मकानों में पानी भर गया है और कई इमारतें धीरे-धीरे ‘‘डूब रही’’ हैं।मुनरोतुरुत्तु की इस समस्या का कारण जानने के लिए कई अध्ययन किए जा रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञों की राय इस बारे में बंटी हुई है। कुछ लोग इसके लिए असाधारण रूप से ऊंची लहरों से लेकर ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार बताते हैं, जबकि अन्य सुनामी के बाद आए बदलावों को इसका कारण बताते हैं।इसके अलावा कुछ लोग तीन दशक पहले कल्लड़ा बांध के निर्माण और द्वीप से गुजरने वाली रेलगाड़ियों से होने वाले कंपन को भी इसका कारण मानते हैं।
-
नई दिल्ली। भारत ने कल परमाणु सक्षम बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-पांच का सफल रात्रि परीक्षण किया। यह मिसाइल पूरी सटीकता के साथ पांच हजार किलोमीटर तक लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। अग्नि मिसाइल श्रृंखला में यह नवीनतम रात्रि परीक्षण कल शाम लगभग साढ़े पांच बजे ओडिसा के समुद्र में ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। रक्षा सूत्रों के बताया कि इस दौरान मिसाइल में प्रयुक्त नई प्रौद्योगिकी और उपकरणों की सक्षमता की पुष्टि की गयी।
- बेंगलुरु। कर्नाटक के मंत्री डॉक्टर सी.एन. अश्वथ नारायण की अगुवाई में 150 श्रद्धालुओं का एक दल गुरुवार को अयोध्या पहुंचा और राम मंदिर के निर्माण में योगदान के लिए कर्नाटक के रामनगर जिले से लाई गई चांदी की ईंट भेंट की। बेंगलुरु में मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भगवती सीता के लिए रेशम की साड़ी और भगवान राम व लक्ष्मण के लिए रेशम की शॉल भेंट की गई। उच्च शिक्षा एवं आईटी/बीटी विभाग के मंत्री नारायण रामनगर जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। बयान में कहा गया है, “मंत्री नारायण ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव और राम जन्मभूमि न्यास के पदाधिकारियों को दान की पेशकश की।” बयान में कहा गया है कि कर्नाटक मूल के पुजारी गोपाल भट और उनके सहयोगियों ने चांदी की ईंट, रेशम की साड़ी और शॉल की पूजा की। बयान में कहा गया है कि पुजारियों ने भी अयोध्या की मिट्टी श्रद्धालुओं को सौंपी। मंत्री नारायण ने कहा कि मिट्टी को रामनगर जिले के रामदेवरा बेट्टा ले जाकर वहां की मिट्टी में मिलाया जाएगा।
- पुरी (ओडिशा)। ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने गुरुवार को कहा कि अगले महीने से मंदिर में स्मार्टफोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। एसजेटीए के मुताबिक 13वीं शताब्दी के प्रसिद्ध मंदिर में यह प्रतिबंध एक जनवरी, 2023 से लागू होगा।एसजेटीए ने कहा कि पहले इसी तरह का प्रतिबंध केवल श्रद्धालुओं के लिए लगाया गया था, लेकिन अब यह प्रतिबंध पुलिसकर्मियों सहित सभी के लिए लागू होगा। इसमें कहा गया है कि मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले सेवादारों को भी अपना स्मार्टफोन जमा करना होगा। एसजेटीए के मुख्य प्रशासक वीर विक्रम यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ लोगों के स्मार्टफोन की सुरक्षित अभिरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।'' हालांकि, अधिकारी और सेवादार सामान्य मोबाइल फोन ले जा सकते हैं, जिनमें फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की सुविधा नहीं है।
-
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि न्याय विभाग, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के पीड़ितों को तुरंत न्याय दिलाने के लिए अक्टूबर 2019 से 1023 फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों की स्थापना के लिए एक केंद्र प्रायोजित योजना लागू कर रहा है। विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र ने राज्य सरकारों से भी फास्ट ट्रैक अदालतों की स्थापना के लिए धन आवंटित करने का आग्रह किया है। श्री रिजिजू ने कहा कि एक वर्ष के लिए शुरू की गई फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय योजना को 31 मार्च, 2023 तक जारी रखा गया है। इस योजना पर निर्भया कोष के तहत एक हजार 572 करोड़ रुपये से अधिक का कुल परिव्यय होगा।
-
पुणे. दक्षिणी महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में ट्रैक्टर-ट्राली के एक नहर में गिर जाने से उसपर सवार तीन महिला गन्ना श्रमिकों और दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। ये पांचों मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के रहने वाले थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार की रात करकंब गांव के पास तब हुई जब स्थानीय किसानों द्वारा गन्ने की कटाई के लिए लगाये गये प्रवासी श्रमिकों का एक समूह दिनभर के काम के बाद अपने शिविर लौट रहा था। सोलापुर के पुलिस अधीक्षक शिरीष सरदेशपांडे ने कहा, ‘‘ चालक की गलती के कारण ट्रैक्टर-ट्राली सड़क से फिसल कर सूखी नहर में गिर गई। ट्रॉली के गिरने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।'' उन्होंने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद उनके गृह नगर मध्य प्रदेश भेज दिया गया है।
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने घटना के बारे में ट्वीट किया और महाराष्ट्र सरकार से पीड़ितों को तत्काल हर संभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। -
जींद. हरियाणा के जींद जिले में करीब एक माह पहले 500 बोरी गेहूं लेकर गायब हुए ट्रक चालक को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को एक अदालत में पेश किया गया था जिसने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पांच लाख रुपये की राशि बरामद की है।
नरवाना अनाज मंडी के आढ़ती शिवकुमार ने गत सात नवम्बर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था की उन्होंने 18 अक्टूबर को जींद की नई अनाज मंडी से गेहूं के 500 कट्टे (लगभग 252 क्विंटल) खरीदे थे और एक ट्रक के जरिए उन्हें उत्तर प्रदेश के मेरठ भेजे थे जो वहां नहीं पहुंचे। शहर थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी चालक ने गेहूं को उत्तर प्रदेश की जहांगीराबाद अनाज मंडी में छह लाख रुपये में बेच दिया था। -
उज्जैन. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन के श्री महाकाल महालोक और महाकालेश्वर मंदिर में जियो ट्रू 5जी सेवा की शुरुआत की। रिलायंस जियो ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर और श्री महाकाल महालोक धार्मिक महत्व के स्थल हैं। देश और दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु भगवान शिव का आशीर्वाद लेने हर दिन इस मंदिर में आते हैं। मध्य प्रदेश और उसके लोग, जियो की ट्रू 5जी सेवा से अत्यधिक लाभान्वित होंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘जियो ट्रू 5जी आम आदमी, छात्र, व्यवसायी, आईटी, स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ-साथ कृषि, शिक्षा, चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में नए अवसरों के साथ रोजगार सृजित करेगा। इससे आमजन और सरकार आपस में वास्तविक समय में जुड़ सकेंगे। 5जी सेवा के जरिये सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर होगा और इसका लाभ हाशिए पर खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 दिन से भी कम समय में यानी जनवरी, 2023 के महीने में इंदौर भी जियो ट्रू 5जी नेटवर्क से जुड़ जाएगा। जियो के प्रवक्ता ने कहा, “...यह अब मध्य प्रदेश का पहला जियो ट्रू 5जी गलियारा है। जल्द ही, ट्रू 5जी नेटवर्क पूरे मध्य प्रदेश में तेजी से फैलेगा...हम मध्य प्रदेश सरकार के आभारी हैं कि उन्होंने डिजिटलीकरण को आगे बढ़ाने में अपना पूर्ण समर्थन दिया।
-
औरंगाबाद. महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे की सुरंग के समीप हवा में गोली चलाने को लेकर एक व्यक्ति के विरूद्ध बुधवार को मामला दर्ज किया गया । इस एक्सप्रेसवे का हाल ही में उद्घाटन हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें सुरंग के समीप यह व्यक्ति अपनी एसवीयू कार से बाहर निकलकर हवा में गोलियां चलाता हुआ दिख रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आयी है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार एक्सप्रेस के फुलंबरी तालुका खंड के समीप यह घटना घटी और पुलिस ने आरोपी का पता लगाने दो टीम बनायी हैं।
-
नोएडा (उप्र). कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए गौतम बुद्ध नगर पुलिस आयुक्त जोन प्रथम ने 44 उप-निरीक्षकों का तबादला किया है। वहीं, 16 पुलिसकर्मियों का भी तबादला हुआ है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरिश चंदर ने बताया कि कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए उपनिरीक्षक दीनानाथ यादव को थाना सेक्टर 20 का वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि एसआई संसार सिंह को थाना एक्सप्रेसवे का वरिष्ठ उपनिरीक्षक, राजकुमार को थाना फेज-वन का वरिष्ठ उपनिरीक्षक, उप-निरीक्षक राजकुमार चौहान को थाना सेक्टर 113 का वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र सिंह को चौकी प्रभारी जीआईपी मॉल, हरि सिंह को चौकी प्रभारी सेक्टर 60, जितेंद्र बालियान को चौकी प्रभारी एनआईबी, उदयवीर सिंह को चौकी प्रभारी सर्फाबाद, अरुण वर्मा को चौकी प्रभारी परथला, अमित कुमार को चौकी प्रभारी निठारी के रूप में तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरक्षी अवनीश को थाना सेक्टर 24 में, आरक्षी विवेक बालियान को थाना फेस वन, महिला कांस्टेबल श्वेता को थाना फेस वन, महिला कांस्टेबल प्रीति को थाना फेस वन, महिला कांस्टेबल रीता यादव को थाना सेक्टर 20 में और इसी तरह अन्य पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है।
-
फिरोजाबाद . जिले में नगला खंगर क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बुधवार सुबह एक बस के सड़क किनारे खाई में गिर जाने से एक बच्चे समेत छह यात्रियों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) (ग्रामीण) रणविजय सिंह ने कहा, लुधियाना से रायबरेली जा रही बस बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय पुलिस की एक टीम बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पहुंची।'' अधिकारी ने कहा, ‘‘छह लोगों की इस हादसे में मौत हुई है जिसमें एक महिला और 15 माह का बच्चा भी शामिल है। करीब 21 लोग घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
-
पटना. बिहार के सारण जिले में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना इसुआपुर थाना इलाके में हुई।
पुलिस ने कहा कि कुछ लोग मंगलवार को स्थानीय दुकान पर देर रात तक शराब पीते रहे और घर जाने के बाद वे बीमार पड़ गए। इसके बाद पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने घटना को लेकर विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस घटना में हुई मौतों के लिए पुलिस और अवैध शराब कारोबारियों की “साठगांठ” को जिम्मेदार ठहराया। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा, “हमने हमेशा शराब पर प्रतिबंध का समर्थन किया है, तब भी जब हमारे विपक्ष में रहते प्रतिबंध का प्रस्ताव पेश किया गया था। लेकिन इसका कार्यान्वयन पूरी तरह से विफल रहा।” नीतीश कुमार की सरकार ने अप्रैल 2016 में बिहार में शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया था। -
नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने कहा कि चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के पूरी तरह से लागू होने तक तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम को बंद नहीं किया जाएगा। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए नये क्रेडिट और पाठ्यक्रम ढांचे की घोषणा इस सप्ताह की शुरुआत में की गई थी और यह ऑनर्स डिग्री पाठ्यक्रमों को चार साल के कार्यक्रम के रूप में परिभाषित करता है। हालांकि, कुमार ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय तीन और चार साल के कार्यक्रमों के बीच चयन कर सकते हैं। उन्होंने बुधवार को कहा, ‘‘यह विश्वविद्यालयों पर छोड़ दिया गया है।'' उनसे पूछा गया था कि क्या विश्वविद्यालयों के लिए ऑनर्स डिग्री के चार साल के ढांचे की तरफ बढ़ना अनिवार्य है। यूजीसी अध्यक्ष ने कहा कि चार वर्षीय स्नातक डिग्री वाले उम्मीदवार सीधे पीएचडी कर सकते हैं और उन्हें मास्टर डिग्री की आवश्यकता नहीं होगी। चार साल के स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) के फायदों के बारे में कुमार ने कहा, ‘‘पहला फायदा यह है कि उन्हें पीएचडी प्रोग्राम में शामिल होने के लिए परास्नातक डिग्री लेने की जरूरत नहीं है। किसी विषय में गहरे ज्ञान के लिए वे एक से ज्यादा विषय भी ले सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि बहु-विषयक पाठ्यक्रम, क्षमता वृद्धि पाठ्यक्रम, कौशल वृद्धि पाठ्यक्रम, मूल्य वर्धित पाठ्यक्रम और इंटर्नशिप एफवाईयूपी में शामिल हैं, यह छात्रों के लिए रोजगार लेने या उच्च अध्ययन के लिए अवसरों को बढ़ाएगा।'' यूजीसी ने सोमवार को स्नातक कार्यक्रमों के लिए पाठ्यक्रम और क्रेडिट ढांचे को अधिसूचित किया जो छात्रों को प्रवेश और निकास के लिए कई विकल्प प्रदान करेगा। मौजूदा ‘च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम' को संशोधित करके प्रारूप विकसित किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार, छात्र मौजूदा समय की तरह तीन साल के पाठ्यक्रम के बजाय केवल चार साल की ऑनर्स डिग्री हासिल कर सकेंगे। ऑनर्स डिग्री भी दो श्रेणियों में-ऑनर्स और ऑनर्स विद रिसर्च प्रदान की जाएंगी।
- -
नयी दिल्ली. सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि देश के 38,901 गांव में मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं है। लोकसभा में सुमलता अम्बरीश के प्रश्न के लिखित उत्तर में संचार राज्य मंत्री देबुसिंह चौहान ने यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) की फील्ड इकाई और राज्य सरकारों से मार्च 2002 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देश में 6,44,131 गांव में से 6,05,230 में मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने बताया, ‘‘ 38,901 गांव में मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं है।
- -
बेंगलुरु. भारत को जी20 में 2023 के लिए ‘फाइनेंस ट्रैक' एजेंडा की प्रस्तावित प्राथमिकताओं पर व्यापक समर्थन मिला है। भारत की अध्यक्षता में पहली बार आयोजित जी20 के वित्त और केंद्रीय बैंक के उप-प्रमुखों की बैठक में यह रुझान देखने को मिला। आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव अजय सेठ ने यह जानकारी दी। यहां बुधवार को सेठ और भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर डॉ माइकल पात्रा की सह-अध्यक्षता में यह बैठक संपन्न हुई। बैठक में जी20 सदस्य देशों, आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों सहित 160 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस बैठक का एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए दृष्टिकोण और भारत की जी20 अध्यक्षता के विषय को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था। सेठ ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक आर्थिक माहौल के बीच जी20 के ज्यादातर प्रतिनिधिमंडलों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और अन्य आमंत्रित लोगों की उपस्थिति भारत की जी20 अध्यक्षता के लिए समर्थन को दर्शाती है।
-
जयपुर. भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन बुधवार को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुए। इस समय राजस्थान से गुजर रही यह यात्रा बुधवार सुबह सवाई माधोपुर के भाड़ौती से शुरू हुई। राजन इस चरण में राहुल गांधी के साथ चले। दोनों चलते चलते चर्चा भी करते दिखे। कांग्रेस पार्टी ने दोनों की फोटो शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदम मिलाते रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन... नफरत के खिलाफ देश जोड़ने के लिए खड़े होने वालों की बढ़ती संख्या बताती है कि हम होंगे कामयाब।'' उल्लेखनीय है कि डॉ. राजन सितंबर 2013 और सितंबर 2016 के दौरान भारतीय रिज़र्व बैंक के 23वें गवर्नर थे। इससे पहले 2003 से 2006 के बीच वे अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में मुख्य अर्थशास्त्री रहे। ‘भारत जोड़ो यात्रा' सुबह के चरण में बादशाहपुरा तक पहुंची। शाम को यह बागड़ी गांव चौक पहुंचेगी जबकि रात्रि विश्राम बिलोना कलां दौसा में होगा।
-
- मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फेरबदल करते हुए मंगलवार को पुणे, अमरावती और नवी मुंबई के पुलिस आयुक्तों समेत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 30 अधिकारियों को या तो पदोन्नत कर दिया या उनका तबादला कर दिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। पुणे के पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता को महाराष्ट्र के अतिरिक्त महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) के रूप में पदोन्नत किया गया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनकी जगह रितेश कुमार पुणे पुलिस आयुक्त का पदभार संभालेंगे। अमरावती की पुलिस आयुक्त आरती सिंह को अतिरिक्त आयुक्त शस्त्र (मुंबई पुलिस) के रूप में स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी नवीन चंद्र रेड्डी ने ली है। बड़े फेरबदल के तहत, मिलिंद भारंबे नवी मुंबई पुलिस बल के नए आयुक्त होंगे, जिसकी अध्यक्षता बिपिन कुमार सिंह कर रहे थे। मीरा-भायंदर-वसई-विरार (एमबीवीवी) आयुक्तालय के आयुक्त का प्रभार संभाल रहे सदानंद दाते को विशेष आईजी, आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) में पदोन्नत किया गया है। उनकी जगह मधुकर पांडे लेंगे जो एमबीवीवी के नए पुलिस आयुक्त होंगे।
- नयी दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली सरकार को सभी डीटीसी और क्लस्टर बसों में ‘पैनिक बटन' (आपात संदेश बटन) और ‘ट्रैकिंग डिवाइस' लगाने की परियोजना को पूरा करने का निर्देश दिया है। डीटीसी बसों में छिनैती, चोरी और छेड़खानी जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए एक जनहित याचिका पर उच्च न्यायालय का निर्देश आया। दिल्ली सरकार द्वारा उच्च न्यायालय को सूचित किया गया कि क्लस्टर योजना के तहत और डीटीसी बेड़े में शामिल की जा रहीं सभी नयी बस वैधानिक आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी, पैनिक बटन और वाहन निगरानी प्रणाली से लैस हैं। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने अपने हालिया आदेश में कहा कि दिल्ली सरकार ठेकेदार के साथ निष्पादित समझौते के नियमों और शर्तों के अनुसार समयसीमा के भीतर सभी बसों में पैनिक बटन और स्वचालित वाहन अवस्थिति निगरानी प्रणाली (एवीएलटीएस) स्थापित करने संबंधी परियोजना को पूरा करना सुनिश्चित करे।
- सूरत। गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने 15 साल की एक लड़की को अपने नवजात बेटे को एक इमारत से फेंककर मार डालने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लड़की के 20 साल के एक युवक के साथ शारीरिक संबंध थे। पुलिस उपायुक्त (जोन-4) सागर बागमार ने कहा, ‘‘शहर के मगदल्ला इलाके में सोमवार की सुबह लोगों ने एक नवजात बच्चे को घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा देखा। बच्चे को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि नवजात को एक इमारत से फेंका गया था और सीसीटीवी फुटेज में भी इसकी पुष्टि हुई है।'' पुलिस उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उस आरोपी लड़की का पता लगाया, जिसने पुलिस को बताया कि उसने सोमवार तड़के बच्चे को जन्म देने के तुरंत बाद एक इमारत से फेंक दिया। आरोपी लड़की के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 315 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इस संबंध में आरोपी 20 वर्षीय युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)


















.jpg)
.jpg)

.jpeg)

