- Home
- देश
-
चंडीगढ़. पंजाब के मुक्तसर जिले में एक ट्रक से गेहूं की दो बोरी चोरी करने के आरोपी को ट्रक के बोनट से बांधकर पुलिस थाने ले जाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल इस घटना के एक वीडियो में देखा गया कि एक शख्स को रस्सी से बांधा हुआ है जबकि उसके बगल में ट्रक चालक का एक सहायक बैठा था। सहायक को एक अन्य अज्ञात व्यक्ति से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि बंधे हुए व्यक्ति ने गेहूं की दो बोरी चुरा ली है और उसे बस स्टैंड थाने ले जाया जा रहा है। इस बीच, मुक्तसर पुलिस ने कहा कि उन्हें घटना से संबंधित दो वीडियो मिले हैं।
एक वीडियो में व्यक्ति को ट्रक से गेहूं की बोरियां चुराते देखा जा सकता है और दूसरे वीडियो में उसी व्यक्ति को ट्रक के बोनट से बांध कर पुलिस थाने ले जाया जा रहा है। मुक्तसर के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -
नयी दिल्ली. पूर्वी दिल्ली में एक पुल के नीचे कथित तौर पर कचरा बीन रहे 15 वर्षीय एक लड़के के सिर पर रविवार को लोहे का भारी टुकड़ा गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना सुबह ठोकर नंबर 18 पुश्ता रोड के पास हुई। उन्होंने बताया कि उन्हें घटना के बारे में सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर पता चला। पुलिस के अनुसार, लड़का पुश्ता रोड के निकट एक फुट-ओवर ब्रिज के नीचे कचरा बीन रहा रहा था, तभी भारी लोहे का एक टुकड़ा उसके ऊपर गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुल को एक ठेकेदार द्वारा गिराया जा रहा था, जो दिल्ली-देहरादून फ्लाईओवर पर भी काम कर रहा है। पुलिस ने कहा कि लड़के के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसडीएन अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304 ए (लापरवाही के कारण मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
महू. मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की महू छावनी में 16 दिसंबर को देश के पहले इंफेंट्री संग्रहालय का शुभारंभ किया जाएगा। सेना के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। लेफ्टिनेंट कर्नल विकास त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया, “महू छावनी में इंफेंट्री अनुसंधान केंद्र एवं संग्रहालय के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। संग्रहालय का उद्घाटन 16 दिसंबर को होगा। 17 दिसंबर से इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।” त्रिपाठी ने कहा कि यह संग्रहालय 1747 से 2020 तक इंफेंट्री कोर के इतिहास को प्रदर्शित करेगा, जिसमें मूर्तियों, भित्ति चित्रों और फोटो गैलरी के जरिये वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि संग्रहालय में प्लासी, सारागढ़ी, बक्सर और 1965 व 1971 के भारत-पाक युद्ध के इतिहास के साथ-साथ छत्रपति शिवाजी महाराज और सुभाष चंद्र बोस महान जैसी हस्तियों के इतिहास को संरक्षित किया गया है। त्रिपाठी के मुताबिक, करगिल वॉर रूम में फोटो और फतेह गैलरी के जरिये वीरों की गाथाओं को दर्शाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संग्रहालय में सेना की 27 रेजीमेंटों के इतिहास को प्रदर्शित किया गया है। त्रिपाठी के अनुसार, अनुसंधान केंद्र और संग्रहालय का निर्माण 2009 में शुरू हुआ था और 2019 में इसे पूरा कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि आगंतुक ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे और एक दिन में लगभग 100 लोग इसका दौरा कर पाएंगे। त्रिपाठी के मुताबिक, इस संग्रहालय में घूमने में दर्शकों को कम से कम ढाई घंटे का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि आगंतुकों को 40 के समूह में संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा।
-
प्रयागराज. इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल मनोज कुमार के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है। कांस्टेबल ने फिरोजाबाद पुलिस लाइन के मेस में परोसे जा रहे घटिया भोजन का विरोध किया था। फिरोजाबाद से गाजीपुर स्थानांतरित किए गए मनोज कुमार द्वारा दायर याचिका पर न्यायमूर्ति पंकज भाटिया ने यह आदेश पारित किया। याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि 20 सितंबर 2022 के स्थानांतरण आदेश से भले ही प्रकट होता है कि यह आदेश प्रशासनिक आधार पर दिया गया है, लेकिन वास्तव में याचिकाकर्ता का स्थानांतरण इसलिए किया गया, क्योंकि उसने फिरोजाबाद में मेस में परोसे जा रहे घटिया भोजना का विरोध किया था। दलील पर विचार करते हुए अदालत ने पिछले मंगलवार को कहा, “इस मामले पर विचार किए जाने की जरूरत है। प्रतिवादियों को चार सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया जाता है। याचिकाकर्ता के पास इसके बाद रिज्वाइंटर हलफनामा दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय होगा।” मामले में अगली सुनवाई के लिए 28 फरवरी 2023 की तिथि निर्धारित की गई है। अदालत ने कहा, “सुनवाई की अगली तिथि तक 20 सितंबर 2022 का स्थानांतरण आदेश प्रभावी नहीं रहेगा, बशर्ते याचिकाकर्ता ने नए स्थान पर सेवा का दायित्व ग्रहण न कर लिया हो।
- कोटा (राजस्थान)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में बूंदी जिल से पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सोमवार को एक बार फिर शुरू हुई। गांधी के साथ पदयात्रा में उनकी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, पार्टी कार्यकर्ताओं और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं राहुल और प्रियंका गांधी व अन्य यात्रियों के साथ कोटा-लालसोट मेगा राजमार्ग पर पहुंचीं। वे बाबाई से सवाई माधोपुर जिले के पीपलवाड़ा तक मार्च करेंगे और फिर वहां विश्राम के लिए रुकेंगे। यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई थी। तभी से पदयात्रा कर रहे राहुल राव ने कहा, ‘‘ आज 96वें दिन की ‘भारत जोड़ा यात्रा’ नारी शक्ति के साथ सुबह करीब छह बजे बाबाई गांव में तेजाजी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने, राष्ट्रगान गाने और राष्ट्र ध्वज फहराने के बाद शुरू हुई। ’’उन्होंने बताया कि इस दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रियों का अभिवादन करने के लिए एकत्रित हुईं और मार्च का हिस्सा भी बनी।राजस्थान में आज यानी सोमवार को यात्रा का सातवां दिन है। बूंदी जिले में इसका आखिरी दिन है।तेजाजी मंदिर से करीब छह किलोमीटर का सफर तय करने के बाद यात्रा सुबह करीब सवा सात बजे टोंक जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद पीपलवाड़ा से होकर सवाई माधोपुर में प्रवेश करने से पहले टोंक में करीब पांच किलोमीटर का सफर तय करेगी।कांग्रेस के इंदरगढ़ (बूंदी) ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि आज सुबह जब यात्रा फिर से शुरू हुई तो पांच हजार से अधिक महिलाओं ने राहुल और प्रियंका गांधी के साथ यात्रा में शिरकत की और यात्रा के आगे बढ़ने के साथ भी बड़ी संख्या में कई महिलाएं इसमें शामिल हुईं।उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने पदयात्रियों के साथ बातचीत की।राज्य में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के सह-समन्वयक कपिल यादव ने बताया कि 96वें दिन की यात्रा महिला सशक्तिकरण को समर्पित है और इसीलिए इसे सोमवार को ‘नारी शक्ति पद यात्रा’ कहा जा रहा है।राजस्थान एकमात्र कांग्रेस शासित राज्य है जहां अभी तक यात्रा पहुंची है। यात्रा 21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश करने से पहले यहां 17 दिन में करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी।यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु में कन्याकुमारी से शुरू हुई और अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा तेलंगाना सहित पांच दक्षिणी राज्यों और महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश से होकर गुजर चुकी है। फरवरी की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर में यह यात्रा सम्पन्न होगी। यात्रा के तहत 150 दिन में 3,570 किलोमीटर का सफर तय करने का लक्ष्य है।
- भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने रविवार को देश के विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासी समुदायों द्वारा किए गए असाधारण योगदान को प्रमुखता से सामने लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। एक समारोह को संबोधित करते हुए संघ के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को भुला दिया गया था लेकिन अब उनकी प्रशंसा की जा रही है, उन्हें पहचान दी जा रही है और उन्हें उचित सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अन्य क्षेत्रों में आदिवासी लोगों के योगदान को प्रमुखता से सामने लाने एवं और प्रलेखित करने की आवश्यकता है।'' होसबाले ने कहा कि आदिवासी समुदायों ने व्यापार और वाणिज्य, शिक्षा, ज्ञान और स्वास्थ्य सभी क्षेत्रों में असाधारण योगदान दिया है। उन्होंने यहां वनवासी कल्याण परिषद के नए भवन में एक कौशल केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह इतिहास में दर्ज है, लेकिन यह भारत के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारी शिक्षा प्रणाली (उन्हें) समाज के सामने सफलतापूर्वक नहीं ला पाई।'' उन्होंने परिषद परिसर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी तांत्या भील की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
- वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर जोर देते हुए रविवार को कहा कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बहुत शीघ्र 'टेली कंसल्टेंसी' और 'टेलीमेडिसिन' जैसी सुविधाओं से लैस होंगे। वाराणसी में 'यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज (यूएचसी) दिवस 2022' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने यह बात कही। योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वाराणसी में आयोजित स्वास्थ्य मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन के समापन समारोह को सम्बोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘ प्रदेश के 4600 से अधिक पीएचसी को राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल के साथ ही एसजीपीजीआई तथा केजीएमयू से जोड़ दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित भी किया जाएगा।'' उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही उत्तर प्रदेश के हर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को टेली-परामर्श की सुविधा से जोड़ा जाएगा, इसके साथ ही टेलीमेडिसिन के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम भी लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 4600 से अधिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एटीएम से जोड़ा जाएगा, जिससे एक ही केंद्र पर 60 प्रकार की बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पैरामेडिकल स्टाफ को उचित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन की विषय वस्तु 'टू बिल्ड द वर्ल्ड, वी वांट हेल्दी फ्यूचर फॉर ऑल' (दुनिया का निर्माण करने के लिए, हम सभी के लिए एक स्वस्थ भविष्य चाहते हैं) को भारतीय भावना 'सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया' के साथ जोड़ा।
- नयी दिल्ली। भारत जी 20 प्रतिनिधियों को सदियों पुरानी अपनी स्थापत्य विरासत को दिखाने के लिये दिसंबर के मध्य से कई एएसआई संरक्षित स्थलों की सैर कराएगा और उनके लिये रात्रिभोज का आयोजन करेगा। इसमें महाराष्ट्र के अजंता और एलोरा की गुफाओं से लेकर दिल्ली के कुतुब पुरातात्विक पार्क समेत कई स्थल शामिल हैं। भारत ने औपचारिक रूप से एक दिसंबर को जी 20 की अध्यक्षता ग्रहण की। यह अध्यक्षता एक साल तक रहेगी और इस दौरान देश के 55 स्थानों पर 200 से अधिक बैठकें आयोजित की जायेंगी । भारत में जी 20 की पहली बैठक दिसंबर के पहले सप्ताह में उदयपुर में हुयी, जब संगठन के शेरपा की बैठक हुयी। एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य का अनुभव कराने के अलावा, इन प्रतिनिधियों को कुम्भलगढ़ किले के आधे दिन के भ्रमण पर भी ले जाया गया, जो यूनेस्को विश्व विरासत में शामिल है।एक अधिकारी ने बताया कि अब भारत में होने वाली जी 20 बैठकों के लिये एक यात्रा कार्यक्रम तैयार किया गया है। (जी 20 के) प्रतिनिधियों को देश की सांस्कृतिक और स्थापत्य संपदा दिखाने के लिए दिसंबर-मार्च में होने वाली बैठकें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित कुछ बेहद प्रसिद्ध स्थलों पर होंगी। इन कार्यक्रमों में स्मारक के भ्रमण के साथ-साथ रात्रिभोज का भी आयोजन शामिल है। अधिकारी ने बताया कि उदयपुर में शेरपा की बैठक के तुरंत बाद दूसरा कार्यक्रम केंद्र द्वारा संरक्षित स्थल पर 12 से 15 दिसंबर तक होने वाला है। इसमें इन प्रतिनिधियों को आधे दिन के लिये महाराष्ट्र की एलीफैंटा गुफाओं का भ्रमण कराया जायेगा। सूत्रों ने बताया कि प्रतिनिधियों को दिखाने के लिये अस्थायी रूप से चुने गए स्मारकों में कर्नाटक का भोग नंदीश्वर मंदिर भी शामिल है, जहां एक भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि फिलहाल जी 20 प्रतिनिधियों का केवल दिसंबर-मार्च की अवधि का यात्रा कार्यक्रम ज्ञात है। देश में एएसआई संरक्षित विरासत स्थलों की कुल संख्या 3,693 है, जो केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अधीन आता है। जी 20 की बैठक केवल महानगरों में नहीं, बल्कि दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में भी होगी, और एएसआई भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने के लिये कमर कस रहा है। सूत्रों ने बताया कि 2023 के पहले तीन महीनों के लिए जी 20 प्रतिनिधियों की यात्रा का संभावित कार्यक्रम मध्य जनवरी (16-17 जनवरी) में पुणे के स्थलों के दौरे के साथ शुरू होगा । इसके बाद मध्य प्रदेश में सांची के स्तूप (19-20 जनवरी को) का भी आधे दिन के भ्रमण का कार्यक्रम है। जी 20 प्रतिनिधि पुणे में आगा खान पैलेस, शनिवारवाड़ा और शिवनेरी का किला जाएंगे।उन्होंने बताया कि जी 20 प्रतिनिधि 6-7 मार्च को बिहार की यात्रा पर भी जाएंगे, जहां उन्हें नालंदा विश्वविद्यालय का खंडहर, राजगीर और गया का भ्रमण कराया जायेगा । उन्होंने बताया कि जनवरी से मार्च के बीच जी 20 प्रतिनिधि जिन अन्य प्रमुख स्थानों का दौरा करेंगे, उनमें गुजरात के पाटन में स्थित रानी की वाव, मोढेरा का सूर्य मंदिर, त्रिपोलिया गेट अथवा तीन दरवाजा, हैदाराबाद का चारमीनार, गोलकुंडा का किला, तमिलनाडु के मालप्पुरम स्थित शोर मंदिर शामिल है । उन्होंने बताया कि इसके अलावा राजस्थान का मंडोर किला और मंडोर बाग तथा उत्तर प्रदेश के आगरा का विश्व प्रसिद्ध ताजमहल भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इसमें महाराष्ट्र की अजंता और एलोरा की गुफायें तथा लखनऊ का इमामबाड़ा और रेजीडेंसी भी शामिल है । इसके अलावा प्रतिनिधियों के अन्य स्थानों पर भी जाने का कार्यक्रम है ।सूत्रों ने बताया कि यह यात्रा का अस्थायी कार्यक्रम है और इसमें मामूली बदलाव भी किये जा सकते हैं ।
- नयी दिल्ली। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़ ने बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में सोमवार को शपथ दिलाई।कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश दिवंगत सलिल कुमार दत्ता के पुत्र और उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अमिताव रॉय के रिश्तेदार न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने पूर्वाह्न 10 बजकर 36 मिनट पर न्यायालय के अदालत कक्ष एक में शपथ ग्रहण की। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता के शपथ ग्रहण करने के साथ ही शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 28 हो गई है। प्रधान न्यायाधीश समेत उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों के कुल स्वीकृत पदों की संख्या 34 है।
-
पणजी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि दुनिया विभिन्न उपचार शैलियों को आजमाकर आयुर्वेद की प्राचीन उपचार पद्धति की ओर लौट रही है। प्रधानमंत्री ने गोवा स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, गाजियाबाद स्थित राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान और दिल्ली स्थित राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान का गोवा से उद्घाटन किया। मोदी नौवें विश्व आयुर्वेद सम्मेलन और आरोग्य ‘एक्सपो' के समापन सत्र को संबोधित करने के लिए आज दोपहर गोवा पहुंचे थे। आयुर्वेद सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा, “दुनिया ने उपचार के कई तरीके आजमाए हैं और अब यह आयुर्वेद की प्राचीन पद्धति की ओर लौट रही है। आयुर्वेद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि समग्र स्वास्थ्य की बात करता है।” प्रधानमंत्री ने 30 से अधिक देशों में आयुर्वेद को एक पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली के रूप में स्वीकार किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘ हमें इसका और देशों में प्रसार करना चाहिए और आयुर्वेद को मान्यता देनी चाहिए।'' मोदी ने कहा कि आयुष उद्योग आठ साल पहले (2014 में जब उन्होंने पीएम का पद संभाला था) 20,000 करोड़ रुपये का था, जो बढ़कर 1.50 लाख करोड़ रुपये का हो गया है। उन्होंने कहा, “वैश्विक बाजार और बढ़ रहा है तथा हमें औषधीय पौधरोपण से लाभ उठाने की कोशिश करनी चाहिए।” मोदी कहा कि इससे अधिक रोजगार पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने आयुर्वेद के लिए साक्ष्य-आधारित डेटाबेस के निर्माण की आवश्यकता को भी रेखांकित किया, जो आधुनिक विज्ञान के मापदंडों को पूरा करेगा। उन्होंने कहा, “आधुनिक विज्ञान व उपचार साक्ष्य-आधारित डेटाबेस पर भरोसा करते हैं। आयुर्वेद क्षेत्रों को इस तरह का एक डेटाबेस तैयार करने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार के आयुष पोर्टल पर पहले से ही करीब 40,000 शोध अध्ययन अपलोड किए जा चुके हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के दौरान मंत्रालय ने कम से कम 150 विशिष्ट शोध अध्ययन पेश किए।
उन्होंने घोषणा की कि देश में जल्द ही एक राष्ट्रीय आयुष अनुसंधान संघ स्थापित किया जाएगा। -
नागपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश को ‘‘शार्टकट राजनीति'' नहीं, बल्कि सतत विकास की आवश्यकता है। मोदी ने कुछ राजनीतिक दलों पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया। न्होंने कहा कि इससे पहले करदाताओं का धन भ्रष्टाचार एवं वोट बैंक की राजनीति में नष्ट हो जाता था।
मोदी ने यहां 75,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्ष में भारत में बुनियादी ढांचे के विकास में मानवीय पहलू शामिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत सभी राज्यों की एकजुट ताकत एवं प्रगति से एक वास्तविकता बन सकता है। जब विकास के प्रति हमारा दृष्टिकोण संकीर्ण होता है तो अवसर भी सीमित होते हैं।'' मोदी ने कहा, ‘‘हमने पिछले आठ साल में ‘सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के साथ मानसिकता और दृष्टिकोण को बदला है।'' उन्होंने कहा कि नागपुर में शुरू की गई परियोजनाओं ने विकास के समग्र दृष्टिकोण को पेश किया है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे ‘‘शार्टकट'' राजनीति करने, करदाताओं का पैसा लूटने और झूठे वादों के जरिए सत्ता हासिल करने वाले नेताओं से सतर्क रहें। उन्होंने कहा, ‘‘शॉर्टकट राजनीति से देश का विकास नहीं हो सकता।''
मोदी ने कहा, ‘‘कुछ राजनीतिक दल देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों को ऐसे नेताओं एवं दलों को बेनकाब करना चाहिए। मेरा सभी नेताओं से आग्रह है कि वे शॉर्टकट राजनीति के बजाय सतत विकास पर ध्यान दें। आप सतत विकास के साथ चुनाव जीत सकते हैं।' -
महराजगंज. उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोल्हुई क्षेत्र में दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि रामजी गिरि (30) और संतोष (28) नाम के दो युवक शनिवार देर रात मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी कोल्हुई क्षेत्र में उनका वाहन सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गया। दूसरी मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार पांचों युवक जख्मी हो गए। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान रामजी और संतोष की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल तीन अन्य लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मृत युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
-
मुंबई। पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को शनिवार को यहां सार्वजनिक नेतृत्व के लिए एसआईईएस राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विभिन्न श्रेणियों में अन्य पुरस्कार विजेताओं में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा, प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ मार्तंड वर्मा शंकरन वलियानाथन, भारत सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार अजय सूद और प्रसिद्ध हरिकथा कलाकार विशाखा हरि शामिल थे। इस अवसर पर, नायडू ने कहा कि श्री चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती की आध्यात्मिक यात्रा ने मानवता के लिए एक नए आदर्श के आगमन की शुरुआत की है और आध्यात्मिक प्रगति के एक नए युग की शुरुआत की है। एक समारोह में सार्वजनिक नेतृत्व के लिए 25वां एसआईईएस (साउथ इंडियन एजुकेशन सोसाइटी) ‘श्री चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती नेशनल एमिनेंस अवार्ड 2022' प्राप्त करते हुए नायडू ने कहा, ‘‘उनकी शिक्षा लोगों के जीवन में व्याप्त है और उनके विचारों और कार्यों में उनका मार्गदर्शन करती है।'
-
गांधीनगर। गुजरात में भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे। हाल में संपन्न गुजरात विधानसभा चुनाव में भारी जीत के साथ सत्ता बरकरार रखने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल ने शनिवार को मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को औपचारिक रूप से अपना नेता चुना। विधायक दल की बैठक के बाद पटेल ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से राजभवन जाकर मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। पटेल ने सरकार बनाने का दावा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने और 182 सदस्यीय सदन की 156 सीटों पर जीत दर्ज करने के दो दिन बाद किया है। राज्यपाल ने पटेल को शनिवार अपराह्न दो बजे सरकार के गठन और शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया है।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि पटेल राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर गांधीनगर स्थित नए सचिवालय के नजदीक हैलीपैड मैदान में 12 दिसंबर को पद की शपथ लेंगे जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इस बीच, नयी सरकार में मंत्रियों के नामों को लेकर गहन विचार विमर्श चल रहा है।
पटेल और गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल शनिवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना हुए और उम्मीद की जा रही है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित शीर्ष नेतृत्व से विचार विमर्श करेंगे। विधायक कनू देसाई, राघवजी पटेज, ऋषिकेश पटेल, हर्ष सांघवी, शंकर चौधरी, पुरनेश मोदी, मनीषा वकील और रमन पाटकर वे नेता हैं जिनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा मंत्रियों को चुनने के दौरान जातिगत और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व में संतुलन स्थापित करने की कोशिश करेगी। भाजपा की गुजरात इकाई के मुख्यालय ‘कमलम' में विधायक दल की बैठक होने के बाद संवादाताओं से बातचीत करते हुए पटेल ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने सहित भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करना उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी। पार्टी ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ नव निर्वाचित विधायकों की आज ‘कमलम' में बैठक हुई, जहां पर भूपेंद्र पटेल का नाम गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रस्तावित किया गया जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।'' पटेल के नाम का प्रस्ताव विधायक कनू देसाई ने किया जिसका समर्थन विधायक शंकर चौधरी, पुरनेश मोदी, मनीषा वकील, रमन पाटकर और पार्टी के मुख्य सचेतक पंकज देसाई ने किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, बीएस येदियुरप्पा और अर्जुन मुंडा विधायकों की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे। भाजपा नेता भरत पांड्या ने कहा, ‘‘राजनाथ सिंह ने घोषणा की कि पटेल भाजपा विधायक दल के नेता बने रहेंगे। सिंह ने पटेल के सौम्य एवं मृदुल व्यवहार एवं मुख्यमंत्री के तौर पर किए गए उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जनता और भाजपा विधायक पटेल के व्यवहार को पसंद करते हैं और सर्वसम्मति से विधायक दल नेता के तौर पर उनके नाम की घोषणा की।'' यह लगातार सातवीं बार है जब गुजरात में भाजपा ने विधानसभा चुनाव जीता है।
पटेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुजरात ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है और भाजपा के प्रति अपना भरोसा जताया है।'' लगातार दूसरी बार अहमदाबाद की घाटलोडिया विधानसभा सीट से जीते पटेल ने 1.92 लाख मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी है। पिछले साल सितंबर में विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद राज्य की कमान पटेल को मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की गुजरात को विकसित देश की लीग में शामिल करने की प्रतिबद्धता का एहसास सभी विधायकों और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सीआर पाटिल को है। सरकार और पार्टी प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के मार्गदर्शन में प्रभावी तरीके से काम करेगी।'' भाजपा के समान नागरिक संहिता लागू करने के चुनावी वादे के बारे में पूछे जाने पर पटेल ने कहा, ‘‘ हमने (समान नागरिक संहिता) समिति बनाई है और उसकी अनुशंसा पर कार्य करेंगे। भाजपा किसी वादे को अधूरा नहीं छोड़ेगी और अनुच्छेद-370 (जम्मू-कश्मीर से हटाने) और अयोध्या में राममंदिर निर्माण के वादे को पूरा किया है।'' भाजपा ने आतंकवादी खतरों को खत्म कर उन्हें नेस्तानाबूत करने के लिए ‘कट्टरपंथी रोधी प्रकोष्ठ' बनाने का भी वादा किया है। पटेल (60) ने शुक्रवार को अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ शु्क्रवार को इस्तीफा दे दिया था ताकि राज्य में नयी सरकार का रास्ता साफ हो सके। -
आगरा। आगरा जिला जेल के अधिकारियों ने जेल में बंद महिला कैदियों के बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करने तथा उनके भविष्य को संवारने के लिये पहल की है। जेल के अधिकारियों ने इन बच्चों के भविष्य निर्माण के लिये कारा परिसर में 'किड्स कॉर्नर जोन' बनाया है जहां शिक्षक बच्चों को कक्षा में व्यस्त रखने के लिए कैरम और लूडो जैसे बोर्ड गेम भी खेलते हैं। जिला जेल अधिकारी के अनुसार कारा में अभी 146 महिला कैदी हैं और शून्य से छह साल के बीच की उम्र के छह बच्चे हैं । इनमें से केवल तीन को जिला जेल में बने जोन में शिक्षित किया जा रहा है । अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, आगरा के बेसिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षक 18-21 वर्ष की आयु के 41 युवाओं को पढ़ा रहे हैं । आगरा के जिला जेल अधीक्षक पी डी सलोनिया ने बताया, ‘‘महिला कैदियों के तीन बच्चों को जिला जेल परिसर में स्थित क्रेच में शिक्षित किया जा रहा है। महिला कैदियों के साथ कुल छह बच्चे हैं। इन बच्चों को प्रशिक्षित करने के लिए किड्स कॉर्नर जोन में बेसिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षकों को नियुक्त किया गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस जोन में बच्चों के लिए खिलौने, कैरम बोर्ड और लूडो गेम हैं, दीवार पर चित्र आदि लगाये गये हैं। उन्हें फलों और अक्षरों के चित्रों की मदद से पढ़ाया जाता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसका उद्देश्य बच्चों को अक्षरों तथा सामान्य जागरूकता की मदद से प्रशिक्षित करना तथा उन्हें भविष्य के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार करना है।'' जेल परिसर में पढ़ाने वाली शिक्षिका रितु गर्ग ने बताया कि शिक्षण को प्रभावशाली बनाने के लिए पाठ्यचर्या संबंधी गतिविधियां भी कराई जाती हैं।
-
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में बदमाशों ने एक स्टील फैक्ट्री से वहां के सुपरवाइजर को बंधक बना कर 38 लाख रुपये मूल्य का कबाड़ और ट्रांसफार्मर लूट कर ले गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सुपरवाइजर प्रेम कुमार शर्मा को बंधक बनाकर बदमाशों ने अपने साथ लाए गए ट्रक में कंपनी में रखा 30 लाख रुपये कीमत का ट्रांसफार्मर और आठ लाख रुपये का कबाड़ तथा अन्य सामान ट्रक में लाद लिया तथा मौके से फरार हो गये । शर्मा के हवाले से पुलिस ने बताया कि दोपहर में पहुंचे बदमाशों ने सुपरवाइजर को बातों में उलझाकर बंद पड़ी फैक्ट्री का मुख्य गेट खुलवाया और मोबाइल छीनकर उसे बंधक बना लिया। उन्होंने बताया कि उसके बाद सुपरवाइजर ने फैक्ट्री के बाहर स्थित एक दुकानदार का मोबाइल लेकर मालिक को इसकी सूचना दी। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन बदमाशों की पहचान कर ली गई है और ट्रक के नंबर के आधार पर उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है।
-
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ करने के आरोपी को महिला थाना सेंट्रल ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । महिला थाना सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक गीता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम शीशपाल है जो फरीदाबाद के ओल्ड एरिया का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ महिला थाना सेंट्रल में पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है । पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया । उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
-
बिजनौर । बिजनौर जिले के नूरपुर थाना इलाके में शनिवार की शाम एक ट्रक से कुचलकर मोटरसाइकिल सवार दो वर्षीय बच्चे सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नीरज शर्मा ने बताया कि आज शाम धामपुर मार्ग पर सेवक फार्म के सामने शफीकुद्दीन की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी और तभी सामने से आ रहे ट्रक ने शफीकुद्दीन की पत्नी रोशन जहां (38), उसके पुत्र अरहान (दो) और शफीक के साढ़ू की बेटी जोया (16) को कुचल दिया। उनके अनुसार शफीक बच गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि शफीक पत्नी और बेटे के साथ साढ़ू के घर नींदड़ गया था और वहां से लौटते हुए जोया भी उनके साथ आ रही थी। एसएचओ ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
-
इंदौर । केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि इंदौर में जनवरी 2023 के दौरान आयोजित प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन और वैश्विक निवेशक सम्मेलन के मद्देनजर छह विशेष उड़ानें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ये उड़ानें मध्यप्रदेश के इस शहर का दक्षिण भारत से हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की गुजारिश मंजूर करते हुए चलाई जाएंगी। सिंधिया ने दोनों अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की तैयारियों को लेकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ इंदौर में समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं को बताया,‘‘प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन और वैश्विक निवेशक सम्मेलन को देखते हुए इंदौर के लिए छह विशेष उड़ानें चलाई जाएंगी। ये उड़ानें दोनों आयोजनों की अवधि में चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि और तिरुअनंतपुरम से इंदौर के बीच चलेंगी।'' सिंधिया ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य जन प्रतिनिधियों ने उनका ध्यान इस ओर खींचा था कि प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन और वैश्विक निवेशक सम्मेलन के मद्देनजर दक्षिण भारत से इंदौर का हवाई संपर्क मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। नागरिक उड्डयन मंत्री ने यह भी बताया कि दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के चलते इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने के साथ ही सजाया-संवारा जा रहा है। गौरतलब है कि इंदौर में अगले साल आठ से 10 जनवरी के बीच प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार इसके तत्काल बाद 10 और 11 जनवरी को वैश्विक निवेशक सम्मेलन ‘‘इन्वेस्ट एमपी'' का आयोजन करेगी, ताकि अन्य निवेशकों के साथ ही प्रवासी भारतीय समुदाय के उद्योगपतियों को भी को राज्य में निवेश के लिए आकर्षित किया जा सके।
-
ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे शहर के मुंब्रा में एक गर्भवती महिला का कथित तौर पर पीछा करने और उसके साथ यौन दुर्व्यवहार करने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है और आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
मुंब्रा थाने की सहायक पुलिस निरीक्षक कृपाली बोर्से ने बताया कि जब पीड़िता अपनी ससुराल से मायके जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपी कथित तौर पर उसका पीछा करने लगा और उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि युवक ने महिला को धमकी भी दी और फिर मौके से भाग गया।
अधिकारी के मुताबिक, महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग), 354 डी (पीछा करना), 504 (जानबूझकर बेइज्ज़त करना) और 506 (धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बोर्से ने कहा, “पुलिस ने आरोपी का पता लगाने के लिए कुछ दलों का गठन किया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुंब्रा के अमृत नगर इलाके का रहने वाला है। -
पणजी। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) ने विभिन्न महाद्वीपों में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए क्यूबा के चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए है और सहयोगी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए पांच और वर्षों के लिए रोजेनबर्ग यूरोपियन आयुर्वेद अकादमी (आरईएए), जर्मनी के साथ समझौते को आगे बढ़ाया है। इन समझौतों पर नौवीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और आरोग्य एक्सपो के दौरान हस्ताक्षर किए गए।
हवाना स्थित चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन पर भारत में क्यूबा के राजदूत अलेजांद्रो सीमांकास मारिन और एआईआईए के निदेशक डॉ तनुजा एम नेसारी के बीच हस्ताक्षर किए गए। आरईएए के साथ सहयोग का विस्तार अकादमी के निदेशक मार्क रोजेनबर्ग और डॉ नेसरी ने शुरू किया था।
डॉ. नेसारी ने कहा कि इन सहयोगों के साथ दिल्ली स्थित आयुष मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन एआईआईए के 15 अंतरराष्ट्रीय साझेदार और 35 राष्ट्रीय साझेदार हैं। डॉ नेसारी ने कहा, ‘‘ये साझेदारी ऐसे समय में हुई है जब दुनिया भर में आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक कल्याण प्रणालियों को बड़े पैमाने पर स्वीकृति मिल रही है। मुख्य उद्देश्य उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान, साक्ष्य-आधारित अध्ययन और नैदानिक परीक्षण, विनिमय कार्यक्रम और रोगी देखभाल को बढ़ावा देना है।'' डॉ नेसरी ने कहा कि एआईआईए पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक उपकरणों और प्रौद्योगिकी के बीच तालमेल लाकर भविष्य के आयुर्वेद को बढ़ावा देना चाहता है। -
नयी दिल्ली। देश में अचानक मौत के बढ़ते मामलों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने शनिवार को केंद्र और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर इन मौतों की जांच के लिए गठित किसी भी समिति का ब्योरा मांगा है। आयोग ने कहा, ‘‘इन घटनाओं ने गंभीर चिंता पैदा की है और अनुमान है कि कहीं मौत के इन मामलों का संबंध कोविड-19 से तो नहीं है।'' मीडिया में आई खबरों का हवाला देते हुए, डीसीडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि हाल में लखनऊ में अपने विवाह समारोह के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से एक दुल्हन की मृत्यु हो गई। इसी तरह, 16 वर्षीय एक किशोर की क्रिकेट खेलते समय मौत हो गई और मध्य प्रदेश में मंदिर की परिक्रमा करते हुए एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इस संबंध में डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने केंद्र के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक के साथ-साथ दिल्ली सरकार को भी नोटिस जारी किया है। आयोग ने मामले में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) को भी नोटिस जारी किया है। नोटिस के जरिए डीसीडब्ल्यू ने कहा कि उसने इन मौतों की जांच के लिए संबंधित हितधारकों द्वारा गठित किसी भी समिति का ब्योरा मांगा है। इसने ऐसी मौत के कारणों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए उठाए गए कदमों के साथ-साथ उन सावधानियों की भी मांग की है, जिन्हें लोगों को लेने की सलाह दी जानी चाहिए। डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, ‘‘देश के सामने अचानक हुई मौत की कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं। इसको दर्शाने वाले कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें युवा और बुजुर्गों को नियमित कार्यों के दौरान अचानक मौके पर ही दम तोड़ते देखा जा सकता है। ऐसी मौत के कारणों की तत्काल जांच की जानी चाहिए।
यह पता लगाया जाना चाहिए कि क्या ये मामले कहीं कोविड-19 से तो नहीं जुड़े हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को ऐसे मामलों से निपटने के लिए एक रणनीति बनानी चाहिए और लोगों को उन सावधानियों के बारे में सूचित करने के लिए सलाह जारी की जानी चाहिए, जो उन्हें बरतनी चाहिए।
-
नोएडा(उप्र)। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर 50 की एक सोसाइटी में रहने वाले आईटी इंजीनियर को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। नोएडा सेक्टर 49 पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर- 50 स्थित एक सोसायटी में रहने वाले आईटी इंजीनियर योगेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल फोन पर एक वीडियो कॉल आया , जिसे उठाते ही दूसरी ओर मौजूद महिला ने अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक इस घटना के कुछ दिन बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को दिल्ली पुलिस व केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो का अधिकारी बताया और धमकाते हुए कहा कि महिला ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सिंह ने बताया कि शिकायत के मुताबिक उस व्यक्ति ने यूट्यूब के तथाकथित अधिकारी का नंबर दिया तथा उससे बात करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि तथाकथित यू ट्यूब अधिकारी ने वीडियो प्रसारित होने की बात कही और उसे हटाने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की। प्राथमिकी के मुताबिक पीड़ित से 20 हजार रुपये लेने के बाद भी कथित यू ट्यूब अधिकारी ने कई बार रुपये लिए और कुल 3,28,699 रुपये की ठगी की। सिंह ने बताया कि इंजीनियर ने घटना की शिकायत बीती रात की, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
-
इंदौर। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 27 वर्षीय बेटे महानआर्यमन सिंधिया को आजीवन सदस्य के रूप में मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) में शामिल किया गया है। एमपीसीए के एक शीर्ष पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस साल अप्रैल में ग्वालियर के संभागीय क्रिकेट संगठन के उपाध्यक्ष बनाए गए महानआर्यमन, एमपीसीए में खासा रसूख रखने वाले पूर्व ग्वालियर राजवंश की तीसरी पीढ़ी के नुमाइंदे हैं जो अब औपचारिक तौर पर इस संगठन का हिस्सा हो गए हैं। इससे पहले, उनके दिवंगत दादा माधवराव सिंधिया और पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया एमपीसीए के शीर्ष पदों पर रह चुके हैं। एमपीसीए के अध्यक्ष अभिलाष खांडेकर ने इंदौर स्थित संगठन की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) के बाद संवाददाताओं को बताया,‘‘एजीएम से पहले नियमित प्रक्रिया के तौर पर एमपीसीए में शामिल किए गए छह नये सदस्यों में महानआर्यमन सिंधिया शामिल हैं। इनमें से महानआर्यमन को आजीवन सदस्य बनाया गया है।'' खांडेकर ने कहा कि महानआर्यमन ग्वालियर संभाग क्रिकेट संगठन के उपाध्यक्ष हैं और संभाग में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए पिछले छह-सात सालों से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमपीसीए की सदस्यता के लिए अन्य लोगों के अलावा केंद्रीय मंत्री के बेटे का आवेदन भी ‘‘पिछले कई दिनों से लम्बित'' था। एमपीसीए की होलकर स्टेडियम में आयोजित एजीएम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया संगठन के सदस्य के तौर पर शामिल हुए। महानआर्यमन को एमपीसीए की सदस्यता दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने अपने बेटे के नाम का उल्लेख किए बगैर कहा,‘‘जिन लोगों में खेल-कूद और क्रिकेट के प्रति रुचि है, हमें ऐसे सभी लोगों को एमपीसीए से जोड़कर संगठन को आगे ले जाना है। हमने एमपीसीए प्रबंधन से निवेदन किया है कि वे सभी नये-पुराने सदस्य जो खेल के विकास में पूर्ण रूप से योगदान करना चाहते हैं, उनका इस क्षेत्र में पूरा इस्तेमाल होना चाहिए।'' गौरतलब है कि लोढ़ा समिति की सिफारिशों के चलते ज्योतिरादित्य सिंधिया और संजय जगदाले सरीखे वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासकों को एमपीसीए के अपने अहम ओहदे जनवरी 2017 में छोड़ने पड़े थे क्योंकि तब दोनों को इस संगठन की प्रबंध समिति के अलग-अलग पदों पर रहते नौ साल से अधिक का समय हो गया था। नतीजतन वे लोढ़ा समिति की सिफारिशों के मुताबिक इस संगठन में पद संभालने के लिये अपात्र हो गए थे। इस बीच, एमपीसीए अध्यक्ष खांडेकर ने बताया कि एजीएम के दौरान संगठन की निवर्तमान कार्यकारिणी को तीन साल के एक और कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुना गया। उन्होंने कहा,‘‘हमारी कार्यकारिणी को एक और कार्यकाल दिया गया है जो एमपीसीए के लिए अच्छा संकेत है। एमपीसीए एक छोटा-सा परिवार है। इसमें चुनाव के चलते अनावश्यक तौर पर गुटीय राजनीति हावी हो जाती है और क्रिकेट की ओर से ध्यान हट जाता है।'' एमपीसीए की कार्यकारिणी में अध्यक्ष खांडेकर के अलावा जो लोग अपने पदों पर बरकरार हैं, उनमें उपाध्यक्ष रमणीक सिंह सलूजा, मानद सचिव संजीव राव, मानद कोषाध्यक्ष पवन कुमार जैन और मानद संयुक्त सचिव सिद्धयानी पाटनी शामिल हैं।
-
रीवा (मप्र) । केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि मंत्रालय पांच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रहा है, जिससे मध्यप्रदेश को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि इनमें से एक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इस हाइवे के बनने से दिल्ली से मुंबई तक सड़क मार्ग से केवल 12 घंटे में यात्रा की जा सकेगी। गडकरी ने रीवा जिले में 2443.89 करोड़ रुपये लागत की कुल 204.81 किलोमीटर लंबी सात सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण/ शिलान्यास करते हुए जिले के बरसैता गांव में यह बात कही। इस दौरान उन्होंने रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहनिया घाटी में 1004 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2.82 किलोमीटर लंबी सुरंग का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा, ‘‘खेती के विकास के साथ ही औद्योगिक विकास भी होना चाहिए। इसके लिए पानी, ऊर्जा, परिवहन एवं संचार जरूरी है। इसलिए हम (केंद्र सरकार) पांच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रहे हैं।'' गडकरी ने आगे कहा, ‘‘दिल्ली से मुंबई केवल 12 घंटे में आप जा सकेंगे। इस हाइवे का निर्माण लगभग दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे एक लाख करोड़ रुपये लागत वाला तथा 1,382 किलोमीटर लंबा है।'' उन्होंने कहा कि ये हाइवे मध्यप्रदेश के लिए बहुत उपयोगी होगा।
गडकरी ने कहा कि इसके साथ ही अटल प्रोग्रस हाइवे का काम भी जल्द शुरू होगा। इस हाइवे को पहले चंबल एक्सप्रेस हाइवे के नाम से जाना जाता था। उन्होंने कहा कि 15,000 करोड़ रुपये लागत वाला यह अटल प्रोग्रेस-वे 415 किलोमीटर लंबा होगा और यह उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश तथा राजस्थान के पिछड़े क्षेत्र से होकर गुजरेगा। इसकी लंबाई 306 किलोमीटर मध्यप्रदेश में, 37 किलोमीटर उत्तरप्रदेश में और 72 किलोमीटर राजस्थान में होगी। गडकरी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे चंबल नदी के साथ-साथ इटावा से भिंड, मुरैना एवं कोटा (राजस्थान) में जाकर दिल्ली-मुंबई हाइवे पर मिलेगा, जो मध्यप्रदेश के विकास के लिए बहुत उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस एक्सप्रेसवे को इटावा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा और यह कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इस कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी मौजूद थे।
गडकरी ने कहा कि इन पांच एक्सप्रेसवे के पास लॉजिस्टिक पार्क और औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदौर से हैदराबाद तक 687 किमी लंबा छह लेन का एक नया हाईवे बनाने जा रहे हैं, जो 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने चौहान की मांग पर नर्मदा परिक्रमा पथ के सभी अधूरे लिंक को पूरा करने की घोषणा की। साथ ही कहा कि प्रदेश के सभी सड़क परिवहन संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विशाल आर्थिक शक्ति बनेगा और उसमें मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान होगा।





.jpg)
.jpg)
.jpg)


















.jpeg)

