- Home
- देश
-
अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद के गोमतीपुर इलाके में शनिवार शाम बुलडोजर के प्रहार के कारण दीवार गिरने से एक व्यक्ति और उसकी तीन साल की बेटी की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने पथराव किया, जिसमें बुलडोजर का चालक घायल हो गया। पुलिस निरीक्षक वी एस वंजारा ने कहा, ‘‘ एक हादसे में प्रकाश सलात (25) और उनकी बेटी सीमा (3) की उस समय मौत हो गई, जब एक सहकारी हाउसिंग सोसाइटी की अहाते की दीवार एक बुलडोजर की चपेट में आने से उन पर गिर गई। वे दीवार के पास खड़े थे, जबकि बुलडोजर को कुछ सिविल कार्यों के लिए तैनात किया गया था। ” उन्होंने कहा कि बुलडोजर के चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
-
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में शनिवार को काल बैसाखी ने अपना कहर बरपाया, जिससे कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी। राज्य आपदा प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व बर्धमान जिले में दीवार के ढह जाने से एक व्यक्ति की जान चली गयी, जबकि नदिया जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गयी। आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद अहमद खान ने बताया कि कोलकाता में तेज आंधी-तूफान के कारण कई पेड़ उखड़ गये, जिससे यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि काल बैसाखी के कारण राज्य के कई हिस्सों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। एक अधिकारी के मुताबिक यहां महानायक उत्तम कुमार एवं नेताजी स्टेशन के बीच मेट्रो रेल ट्रैक पर एक पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे करीब 50 मिनट तक यातायात बाधित हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘ शाम को चार बजकर 40 मिनट से साढ़े पांच बजे तक (मेट्रो) सेवाएं प्रभावित रहीं।
-
नयी दिल्ली. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा ईंधन की कीमतों में बड़ी कटौती की घोषणा किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार के लिए जनता सबसे पहले है। मोदी ने ट्वीट किया, "हमारे लिए हमेशा लोग पहले होते हैं! आज के फैसले, विशेष रूप से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में महत्वपूर्ण कमी से संबंधित, विभिन्न क्षेत्रों पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगे, हमारे लोगों को राहत प्रदान करेंगे और 'ईज ऑफ लिविंग' को आगे बढ़ाएंगे।" उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर 200 रुपये की सब्सिडी देने के निर्णय पर भी प्रधानमंत्री ने प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "उज्ज्वला योजना ने करोड़ों भारतीयों, खासकर महिलाओं की मदद की है। उज्ज्वला सब्सिडी पर आज के फैसले से परिवार के बजट में काफी आसानी होगी। उत्पाद शुल्क में कटौती से पेट्रोल पर 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दामों में सात रुपये प्रति लीटर की कमी आएगी।
-
दुमका . झारखंड के दुमका में शनिवार सुबह दुमका-रामपुरहाट रेल मार्ग पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के शहरजोरी गांव के पास एक लड़की सहित तीन नाबालिगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। शिकारीपाड़ा थाने के प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तीनों की उम्र 16 वर्ष के आसपास थी। लड़की लखनपुर तथा दो लड़के शहरजोरी गांव के रहने वाले थे। थाना प्रभारी ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि तीनों ने आत्महत्या की है या रेलवे लाइन पार करने के दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि घटना सुबह 5.30 के आसपास की है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जाँच की जा रही है। -
जालना. महाराष्ट्र के जालना जिले में कम से कम 103 फर्जी चिकित्सक और 166 अन्य अपंजीकृत चिकित्सक अवैध रूप से काम करते पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 433 चिकित्सक हैं, जिनमें से 267 चिकित्सक महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (एमएमसी) में पंजीकृत और 166 चिकित्सक पंजीकृत नहीं हैं। इसके अलावा 103 चिकित्सक ऐसे पाए गए हैं जिनके पास वैध डिग्री नहीं थी और उन्हें फर्जी घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह फर्जी चिकित्सक ग्रामीण और झुग्गी बस्ती वाले इलाकों में लोगों का इलाज कर लोगों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे जालना के रहने वाले हैं और जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विवेक खटगांवकर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने फर्जी चिकित्सकों और अपंजीकृत चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। -
पुणे. महाराष्ट्र के पुणे में चोरी की कोशिश के दौरान आभूषण की एक दुकान के मालिक पर हमला करने के आरोप में 25 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार दोपहर यहां के अंबेगांव बुद्रुक इलाके में स्थित आभूषण की एक दुकान में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी सोने की चेन खरीदने के बहाने दुकान में घुसा और जब आसपास कोई नहीं था तो उसने कुछ गहने चुराने की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने दुकान के मालिक पर धारदार हथियार से हमला किया और हाथापाई के दौरान उसके हाथ और माथे पर चोटें आईं। उन्होंने बताया असफल प्रयास के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन शुक्रवार को इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
- -
नई दिल्ली। केरल में अगले पांच दिन के दौरान बिजली चमकने और तेज हवा के साथ वर्षा होने की आशंका है। मौसम विभाग ने रायलसीमा और आसपास के इलाकों पर बने चक्रवाती दबाव से केरल के मध्य और उत्तरी भाग में आज तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। अलपुझा, कोट्टायम, अर्णाकुलम, इदुक्की, त्रिशुर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिले में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। कन्नूर में आज के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। अगले कुछ दिनों तक तेज हवा चलने का अनुमान लगाया गया है। केरल और लक्षद्वीप के तटों पर अगले आदेश तक मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है।
-
जम्मू. जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के मुख्य पुजारी अमीर चंद का शनिवार को उनके आवास पर निधन हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि 85 वर्षीय ‘प्रथम पुजारी' की उनके कटरा स्थित आवास पर दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई । उपराज्यपाल एवं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एमएमवीडीएसबी) के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने पुजारी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उपराज्यपाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘माता वैष्णो देवी जी के मुख्य पुजारी श्री अमीर चंद जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। मैं उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोक संतप्त परिवार और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ओम शांति। - पटियाला (पंजाब)। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को पटियाला केंद्रीय कारागार की बैरक संख्या 10 में रखा गया है। सिद्धू को ‘रोड रेज' मामले में एक साल की सजा सुनाई गई है। उन्होंने जेल में पहली रात खाना नहीं खाया। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सिद्धू को बैरक में चार अन्य कैदियों के साथ रखा गया है। उन्होंने बताया कि सिद्धू ने जेल में पहली रात खाना नहीं खाया क्योंकि वह पहले ही खाना खाकर आए थे। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष सिद्धू कारागार में कैदी संख्या 1,37,683 हैं। क्रिकेट की दुनिया से राजनीति में आए 58 वर्षीय सिद्धू ने शुक्रवार को अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था, जहां से उन्हें पटियाला जेल भेज दिया गया था। उच्चतम न्यायालय ने वर्ष 1988 के ‘रोड रेज' के एक मामले में सिद्धू को एक साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सिद्धू को सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है, इसलिए उन्हें कारागार में काम भी करना होगा।शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया भी पटियाला जेल में बंद हैं जिन्हें मादक पदार्थ से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। मजीठिया ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में सिद्धू को अमृतसर पूर्वी सीट से चुनौती दी थी लेकिन दोनों आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशी जीवन ज्योत कौर से हार गए थे। गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने 34 साल पुराने मामले में गुरुवार को सिद्धू को एक साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी।
- कौशांबी (उत्तर प्रदेश),। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त तहसीलदार की सड़क हादसे में मौत हो गई है। थानाध्यक्ष गणेश प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रयागराज जनपद निवासी संतोष सोनकर (63) सेवानिवृत्त तहसीलदार थे। सिंह के मुताबिक संतोष शनिवार दोपहर प्रयागराज से जिले की सिराथू तहसील के शहजादपुर गांव स्कूटी द्वारा जा रहे थे। उन्होंने कहा कि सकाढ़ा गांव के पास गति अवरोधक पर स्कूटी अनियंत्रित हो जाने के कारण संतोष सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिंह ने बताया कि इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
- अगरतला। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को तकनीकी खराबी आने के बाद शनिवार को हेलीकॉप्टर से उतरना पड़ा। देब किसी सरकारी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए खोवाई जिले के लिए उड़ान भरने वाले थे, बाद में वह सड़क मार्ग से वहां पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजकर 15 मिनट पर अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे से एक हेलीकॉप्टर में सवार हुए। जब पायलट ने इंजन चालू किया, तो उन्हें हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी मिली और उन्होंने देब से हेलीकॉप्टर से उतरने का अनुरोध किया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बाद में ट्रायल रन किया गया।उन्होंने कहा "हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका इसलिए उसे खड़ा कर दिया गया। विमानन क्षेत्र में इस तरह की तकनीकी खराबी आम है।"
-
मोडासा। गुजरात में मोडासा जिले के आलमपुर गांव के पास आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां दो ट्रक और एक कार के बीच एक्सीडेंट हो गया, जिससे तीनों वाहनों में आग लग गई। घटना में वाहनों में अंदर लोग फंसे रह गए और जिंदा जल गए। मौके पर वाहनों में लगी आग को काफी देर तक बुझाया नहीं जा सका था। घटना मोडासा के आलमपुर के पास की है।
पुलिस के के अनुसार दो ट्रकों की आमने-सामने से टक्कर हुई और इनकी चपेट में एक कार भी आ गई। एक ट्रक में कैमिकल भरा था, जिसके चलते तीनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी थी। मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें हालात पर काबू पाने की कोशिशों में जुटी रही। -
असम, बिहार और कर्नाटक में मौसम की मार से लोग बेहाल
नई दिल्ली। गर्मी के साथ-साथ कई इलाकों में बारिश का कहर है। बिहार में शुक्रवार को आंधी तूफान और बिजली गिरने से 16 जिलों में 33 लोगों की मौत हो गई। इस बीच, असम के चार जिलों- नागांव, होजई, कछार और दरांग में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अब तक यहां बाढ़ और बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं 15 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। करीब 500 लोग रेलवे ट्रैक पर रहने को मजबूर हैं।
बिहार में शुक्रवार को आंधी तूफान और बिजली गिरने से 16 जिलों में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई। सीएम नीतीश कुमार ने घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4 -4 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया। राज्य मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार को कुछ हिस्सों में आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसकी वजह है कि यहां प्री-मानसून गतिविधियां अब सक्रिय हो गई हैं।
कर्नाटक में प्री-मानसून की दस्तक से हालात बदतर हैं। जलभराव से हुए हादसों के कारण नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। - चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री 81 वर्षीय तोता सिंह का शनिवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। सिंह लंबे समय से बीमार थे। सिंह शिअद के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि और शिक्षा मंत्री थे। वह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और शिअद की कोर कमेटी के सदस्य थे। सिंह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी थे। सिंह 1997 में पहली बार मोगा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उन्हें उस समय प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली सरकार में शिक्षा मंत्री के रूप में शामिल किया गया था।वह 2002 के विधानसभा चुनावों में मोगा से फिर से चुने गए लेकिन 2007 में वह हार गए। सिंह 2012 में धर्मकोट विधानसभा सीट से चुने गए और कृषि मंत्री बने। सिंह हालांकि, 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव हार गए। शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने सिंह के निधन पर दुख जताया है। बादल ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह जी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। जत्थेदार साहब मेरे लिए पिता तुल्य थे और हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उनकी अमूल्य सलाह और परामर्श हमेशा याद रहेगा। दुख की इस घड़ी में मैं बराड़ परिवार के साथ हूं।’’कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी तोता सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। वडिंग ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अनुभवी अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह जी के दुखद निधन पर मेरी संवेदनाएं।’’
-
नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाएगी। यह अभियान 30 मई से शुरू होगा। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे और योजनाओं के संबंध में प्रतिक्रिया लेंगे। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने शुक्रवार को जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद कहा कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी लाभार्थियों के घरों में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री तावड़े ने कहा कि इस समय तीन बयान जारी किए गए हैं। पहला बयान नरेन्द्र मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर केंद्रित है, जिसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं।
बैठक में हाल में चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर बयान जारी किया गया है। श्री तावड़े ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का वोट प्रतिशत 39 से बढ़कर 42 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने मोदी सरकार की लोकप्रिय नीतियों पर भरोसा जताया है। तीसरा बयान राजस्थान सरकार और उसके कामकाज से संबंधित था। भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि राजस्थान विकास के मामले में अन्य राज्यों से पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं और युवाओं के विरूद्ध काम किया है। श्री राठौर ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे खराब है। उन्होंने कहा कि सात लाख से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। -
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर परिसीमन आयोग का चुनाव क्षेत्रों से संबधित आदेश लागू हो गया है। केन्द्र सरकार की ओर से कल इस संबध में अधिसूचना जारी की गई थी। केन्द्रीय कानून मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार परिसीमन आयोग का आदेश 20 मई से लागू माना जाएगा।
परिसीमन आयोग की अध्यक्षता सेवानिवृत न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई ने की। आयोग में पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चन्द्र और जम्मू-कश्मीर के चुनाव आयुक्त के. के. गुप्ता भी शामिल थे।जम्मू-कश्मीर में चुनाव क्षेत्रों के पुनर्गठन के अन्तर्गत आयोग ने प्रदेश में 90 विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन किया है जिनमें से 47 कश्मीर संभाग में और 43 जम्मू संभाग में हैं। पहली बार नौ सीटें अनुसूचित जनजाति और सात अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित की गई हैं। दो सीटों पर कश्मीर पंडित समुदाय के सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा। विशेष बात यह है कि दोनों मनोनीत सदस्यों को निर्वाचित सदस्यों के समान ही मतदान का भी अधिकार प्राप्त होगा। आयोग ने पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के लिए आरक्षित 24 सीटों का परिसीमन नहीं किया है। -
नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय और तटरक्षक बल के संयुक्त अभियान में, लक्षद्वीप द्वीप समूह के तट से दो नावों से 218 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1526 करोड रूपये है। राजस्व खुफिया निदेशालय और तटरक्षक बल के अधिकारियों ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की। उन्हें यह जानकारी मिली कि अरब सागर में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ प्राप्त करने के लिए तमिलनाडु तट से दो नाव रवाना होंगी। उन्होंने पिछले कुछ दिनों से कड़ी निगरानी रखी और लक्षद्वीप द्वीप समूह के पास संदिग्ध नौकाओं को रोका। नावों को कोच्चि लाया गया और गहन तलाशी के बाद नशीले पदार्थ बरामद किये गये।आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है और जांच की जा रही है।
- नई दिल्ली। 34 साल पुराने रोड रेज मामले में सुप्रीम कोर्ट के सजा सुनाने के बाद शुक्रवार शाम को पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने पटियाला की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि इससे पहले सिद्धू ने अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट में क्यूरेटिव पिटीशन दायर करते हुए आत्मसमर्पण के खातिर एक सप्ताह का समय मांगा लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया।सिद्धू ने शाम करीब चार बजे पटियाला में चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट अमित मल्हन की कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शाम करीब चार बजकर 50 मिनट पर सिद्धू को कड़ी सुरक्षा के बीच मेडिकल के लिए पंजाब पुलिस की बस में माता कौशल्या सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां से सिद्धू को एक आम कैदी की तरह गाड़ी में पटियाला की सेंट्रल जेल ले जाया गया। इस मौके पर जेल के बाहर सिद्धू के समर्थकों की भीड़ जमा थी। सिद्धू के मीडिया सलाहकार सुरिंदर डल्ला ने कहा कि सिद्धू को लीवर की समस्या है और पिछले समय में उनकी सर्जरी भी हुई है। अभी भी इलाज चल रहा है। वह गेहूं के आटे से बनी रोटी या अन्य खाद्य पदार्थ नहीं खा सकते हैं। स्पेशल डाइट का सेवन करते हैं। सिद्धू को जेल में कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं चाहिए। केवल वहां उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें और उनकी खुराक का ध्यान रखा जाए।क्या था मामला27 दिसंबर 1988 की शाम सिद्धू अपने दोस्त रुपिंदर सिंह संधू के साथ पटियाला के शेरवाले गेट की मार्केट में पहुंचे थे। मार्केट में पार्किंग को लेकर उनकी 65 साल के बुजुर्ग गुरनाम सिंह से कहासुनी हो गई। बात हाथापाई तक जा पहुंची। इस दौरान सिद्धू ने गुरनाम सिंह को मुक्का मार दिया। पीडि़त को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में सिद्धू को मात्र एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद पीडि़त पक्ष ने इस पर पुनर्विचार याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश को 15 मई 2018 को दरकिनार कर दिया था जिसमें रोडरेज के मामले में सिद्धू को गैरइरादतन हत्या का दोषी ठहराते हुए तीन साल कैद की सजा सुनाई थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने सिद्धू को एक 65 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक को जानबूझकर चोट पहुंचाने का दोषी माना था लेकिन उन्हें जेल की सजा नहीं दी थी और 1000 रुपये का जुर्माना लगाया था। भारतीय दंड संहिता की धारा 323 के तहत इस अपराध के लिए अधिकतम एक साल जेल की सजा या 1000 रुपये जुर्माने या दोनों का प्रावधान है।
-
नई दिल्ली। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेन का विनिर्माण तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने आज चेन्नई में एकीकृत कोच फैक्ट्री में आधुनिक रेलगाडियों के विनिर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने एलएचबी किस्म के 12 हजारवें डिब्बे को रवाना किया जिसे एकीकृत कोच फैक्ट्री में बनाया गया है। रेलमंत्री ने फैक्ट्री के कर्मियों के साथ बातचीत की। बाद में एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि विनिर्माण की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
इससे पहले रेलमंत्री ने चेन्नई में एगमोर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि भारतीय रेल, लोगों को विश्व स्तरीय सेवा प्रदान करने के लिए बडे पैमाने पर बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को सक्रिय बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात में गांधी नगर स्टेशन और मध्यप्रदेश में रानी कमलापत्ति स्टेशन की लाइनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। अन्य लाइनों का भी पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें तमिलनाडु में चेन्नई एगमोर, कन्याकुमारी, मदुरई, रामेश्वरम, कटपडी स्टेशनों पर पहले चरण में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पांच स्टेशनों का पुनर्विकास दो हजार करोड रुपए की लागत से किया जाएगा। श्री वैष्णव ने कहा कि विरासत से परिपूर्ण विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करते समय एगमोर स्टेशन की मौलिक छवि बनाई रखी जाएगी। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण सीसीपीए ने दो ऑनलाइन यात्री सेवा कम्पनियों ओला और उबर को अनुचित व्यापार प्रक्रियाओं और उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन के लिए नोटिस जारी किए हैं। प्राधिकरण ने भेजे गए नोटिस में समुचित उपभोक्ता शिकायत निवारण व्यवस्था, सेवा में खामियों सेवा रद्द करने के गैर वाजिब शुल्क की वसूली और भाड़ा वसूलने के तरीके समेत विभिन्न मुद्दे उठाए हैं। राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के डेटा के अनुसार पहली अप्रैल 2021 से पहली मई 2022 के बीच ओला के खिलाफ उपभोक्ताओं ने दो हजार चार सौ बयासी और उबर के खिलाफ सात सौ सत्तर उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कीं।
उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पिछले सप्ताह के बयान में बताया गया कि ओला, उबर, रेपिडो, मेरू कैब्स, जुगनु कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ इस विषय पर एक बैठक आयोजित की गई थी। इन कम्पनियों को निर्देश दिया गया है कि वे राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन में भागीदार बनें ताकि उपभोक्ताओं के लिए बेहतर शिकायत निवारण सम्भव हो सके और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 और ई-कॉमर्स नियमों का पालन किया जा सके। -
नई दिल्ली। भारत के पहले समर्पित खगोल विज्ञान अभियान-एस्ट्रोसैट दूरबीन ने आज तड़के पांच सौवीं बार ब्लैक होल बनते हुए देखा। ब्लैक होल, दुनिया भर के खगोलविदों की गहन जांच का विषय रहा है। हालांकि, भारतीय वैज्ञानिक स्वदेशी रूप से निर्मित अंतरिक्ष दूरबीन- एस्ट्रोसैट का उपयोग करके ब्लैक होल के जन्म का अध्ययन करने में काफी प्रगति कर रहे हैं।
कैडमियम जिंक टेलुराइड इमेजर-सीजेडटीआई के वर्तमान प्रधान अन्वेषक प्रोफेसर दीपांकर भट्टाचार्य ने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।28 सितंबर 2015 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से एक हजार पांच सौ 15 किलोग्राम के साथ एस्ट्रोसैट का प्रक्षेपण किया गया था। यह दुनिया की सबसे संवेदनशील अंतरिक्ष दूरबीन है। जो पांच उपकरणों से मिलकर बनी है। यह एक साथ पराबैंगनी, ऑप्टिकल और एक्स-रे विकिरण में ब्रह्मांड का अध्ययन कर सकती है। इनमें से एक उपकरण कैडमियम जिंक टेलुराइड इमेजर-सीजेडटीआई है, जो ब्लैक होल के जन्म का पता लगाता है। सीजेडटीआई का एक अनूठा पहलू एक्स-रे के ध्रुवीकरण को मापने की क्षमता है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बम्बई के एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर वरुण भालेराव ने कहा कि इसरो के एस्ट्रोसैट ने एक बार फिर इस क्षेत्र में भारत के कौशल को सिद्ध किया है। file photo -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जाति और धर्म के आधार पर देश को बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए देश में द्वेष फैला रहे हैं।प्रधानमंत्री ने आज वीडियो कांफ्रेंस से जयपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का उद्घाटन करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया।श्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से देश के विकास के लिए काम करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश के विकास के मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जाएगा लेकिन अपने संकल्प पर अडिग रहना है।
श्री मोदी ने कहा कि पार्टी को अगले 25 वर्षों के लिए राष्ट्रीय लक्ष्यों पर काम करने की जरूरत है और लक्ष्यों को पूरा करने का उनके पास यह सबसे अच्छा समय है। उन्होंने कहा कि हम सबको देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों से लड़ने की जरूरत है और पूरी दुनिया उम्मीद भरी नजर से भारत की ओर देख रही है। हमारा मंत्र है 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास'।श्री मोदी ने कहा कि देश के लिए 21वीं सदी महत्वपूर्ण है और पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। श्री मोदी ने कहा कि आज हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। ऐसे समय देश को अगले 25 वर्षों के लिए योजना बनानी होगी।प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि 18 राज्यों में भाजपा की सरकार है, एक हजार तीन सौ से अधिक विधायक हैं और चार सौ से अधिक सांसद हैं। इन सफलताओं के बाद हर एक को यह लगता है कि यह काफी है, लेकिन कार्यकर्ताओं को चैन से नहीं बैठना है क्योंकि पार्टी का उद्देश्य देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है, जिसका सपना दशकों पहले स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था।प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीतिक दलों ने वंशवाद की राजनीति करके देश का अमूल्य समय गंवा दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विकास की राजनीति की है। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एन डी ए सरकार के आठ वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये आठ वर्ष दृढ़ संकल्प और उपलब्धियों भरे रहे। उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल गरीबों के कल्याण और देश के हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पित रहा।देश का विकास करते समय सामाजिक न्याय और अधिकारिता तथा देश की माताओं, बहनों और बेटियों को सम्मान दिलाने पर विशेष ध्यान दिया गया। देश के इतिहास में बदलाव की बात करते हुए श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि लोगों ने लम्बे समय से राजनीतिक व्यवस्था में उम्मीद और विश्वास करना छोड़ दिया था लेकिन 2014 के बाद देश की सोच में बदलाव आया है और केंद्र अब अधिक सजग और जवाबदेह हो गया है। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड़्डा ने बताया कि बैठक में तीन वक्तव्य जारी किए जाएंगे। पार्टी के सभी उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष, सभी मोर्चा के अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और कई पूर्व मुख्यमंत्री बैठक में मौजूद हैं। -
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों ने उन्हें उपलब्ध सुविधाओं और विशेषाधिकारों में कमी लाने का स्वैच्छिक निर्णय लिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने पंद्रह मई को अपना नया पदभार संभालने के बाद निर्वाचन आयोग की पहली बैठक में निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद पांडेय की उपस्थिति में पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में आयोग ने अन्य मुद्दों के अलावा मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को उपलब्ध आयकर छूट और व्यय सम्बंधी भत्ते समेत सुविधाओं और विशेषाधिकार की समीक्षा की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्त वर्तमान में मासिक व्यय सम्बंधी 34 हजार के भत्ते और इस भत्ते पर देय आयकर में पूरी छूट के लिए पात्र हैं। आयोग ने निजी पात्रताओं में कमी लाने की आवश्यकता महसूस की और सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्त उन्हें मिलने वाले आयकर की छूट का फायदा नहीं लेंगे। यह भी तय किया गया कि वे इस विषय में समुचित कार्रवाई के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजेंगे। इसके अलावा वे उन्हें वर्तमान में मिलने वाले तीन एलटीसी के स्थान पर वर्ष में केवल एक बार एलटीसी की सुविधा का लाभ उठाएंगे। - देहरादून । यमुनोत्री हाईवे शुक्रवार को फिर भूधंसाव से बंद हो गया। इस दौरान यहां हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 250 से 300 वाहन यहां फंसे। हाईवे को सुचारु करने में जुटी एनएच की टीम ने छोटे वाहनों को बमुश्किल निकाला, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई।शुक्रवार को हाईवे पर भूधंसाव के कारण यहां लगभग 7 हजार यात्री फंस गए। हाईवे खोलने की प्रयास किया गया, लेकिन आखिर में प्रशासन ने लोगों से पहले गंगोत्री जाने की अपील की। घंटों यहां फंसे रहने के बाद कई यात्रियों ने गंगोत्री का रुख किया। वहीं स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए तीन दिन हाईवे को बंद कर दिया है। यमुनोत्री हाईवे पर बड़े-बड़े वाहनों की बाद पाली गाड़ से लेकर स्याना चट्टी तक लगभग पांच किमी जाम लग गया। छोटे वाहनों की आवाजाही भी यहां जोखिम भरी है। मजदूरों ने भी जोखिम देखते हुए काम करने से मना कर दिया है। राणा चट्टी के समीप अवरुद्ध हुए यमुनोत्री हाईवे को यातायात के लिए खोलना किसी चुनौती से कम नहीं है। हाईवे की दीवार जहां धंसी थी, वहां नीचे गहरी खाई थी। जबकि हाईवे के ऊपर कठोर चट्टानें हैं।दरअसल बुधवार शाम छह बजे राणा चट्टी के समीप यमुनोत्री हाईवे की दीवार धंस गई थी, जिससे यहां बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया था। एनएच खंड के कर्मियों ने बुधवार रात से ही मरम्मत का कार्य शुुरू कर दिया था। मरम्मत कार्य के दौरान एनएच के अधिशासी अभियंता राजेश पंत, एक सहायक व एक अवर अभियंता व 12 मजदूरों ने 25 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद हाईवे को खोला, लेकिन फिर शुक्रवार को भूधंसाव के कारण हाईवे बंद हो गया। सीओ बड़कोट सुरेंद्र भंडारी ने बताया कि यात्रियों को छोटे वाहनों से यमुनोत्री भेजा जा रहा है। इसके लिए दोबटा में छोटे वाहनों की व्यवस्था की गई है।सीओ ने बताया कि तीन दिन के भीतर एनएच पर दीवार लगाने का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। संभावना है कि तीन दिन बाद हाईवे को पूर्ण रूप से खोल दिया जाएगा ।
-
नई दिल्ली। दक्षिणी-पश्चिमी मानसून अपने समय से पांच दिन पहले ही, इस महीने की 27 तारीख को केरल पहुंच सकता है। आमतौर पर मानसून एक जून को केरल पहुंचता है। मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान असानी के असर के कारण इस बार मानूसन समय से पहले केरल पहुंच रहा है। वर्ष 2009 में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन में मानसून दक्षिण भारत के कुछ और हिस्सों तथा बंगाल की खाड़ी के मध्य और दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है।









.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)






.jpg)


.jpg)

.jpeg)

