- Home
- देश
- ऋषिकेश। यहां एम्स ऋषिकेश के एक जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर ने अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली । ऋषिकेश पुलिस के प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि 26 वर्षीय डॉ शिवानंद बौन कर्नाटक के जिला बिदर का रहने वाला था और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष का छात्र था । मृतक बौन के शव को पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही एम्स स्टॉफ ने शवगृह में रखवा दिया ।नेगी ने बताया कि मौके पर पहुंच कर छात्रावास के कमरे का निरीक्षण करने पर वहां कुछ दवाइयां व इंजेक्शन मिले हैं जिन्हें पुलिस ने सील कर दिया है । मौत की सही वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है । एम्स ऋषिकेश की तरफ से कानून अधिकारी प्रदीप पांडे ने पुलिस को यह सूचना दी ।
- नयी दिल्ली । उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर में छत गिरने की घटना में नौ महीने के एक बच्चे की मौत के कुछ दिनों बाद उसकी मां की भी यहां एक अस्पताल में चोटों के कारण मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान आंचल (20) के रूप में हुई है। उसकी सोमवार रात को मौत हुई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को स्वरूप नगर पुलिस थाने को सूचना मिली कि एक मकान की छत गिर गयी है और एक महिला तथा उसका बच्चा मलबे में दब गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला। उन्हें बुराड़ी में स्थित कपिल अस्पताल ले लाया गया, जहां से उन्हें एनएलजेपी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। एनएलजेपी में नक्श को मृत घोषित कर दिया गया। उसकी मां आंचल को गंभीर चोटें आयी थीं, लेकिन उसकी हालत स्थिर थी। सिद्धि (9) को भी कुछ चोटें आयी थीं। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।-file photo
- अहमदाबाद। शहर में वेजीटेबल पफ बनाने के कारखाने में काम करने वाले तीन मजदूरों की वहां रात में जमा धुएं में दम घुटने से मौत हो गयी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह कारखाना अहमदाबाद के घटलोदिया में भीड़-भाड़ वाली आवासी क्षेत्र केके नगर में एक स्कूल के पास स्थित है। पुलिस निरीक्षक वीआर वाघेला ने बताया कि कारखाने का मेन गेट सुबह बंद मिलने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी। दमकल अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस को तीन लोग फर्श पर बेहोश अवस्था में मिले। पुलिस ने परिसर में गैस रिसाव की आशंका की जांच करने के लिए तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। खाड़िया ने बताया कि बाद में तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। दमकल विभाग ने मौके का जायजा लेने के बाद बताया कि परिसर में रात को कोई गैस लीक नहीं हुआ और ना ही वहां आग जल रही थी। जोन-1 के पुलिस उपायुक्त रविन्द्र पटेल ने बताया कि शुरुआती जांच से लगता है कि कारखाने में ही रहने वाली तीनों मजदूरों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई है। पुलिस ने बताया कि मृत मजदूरों की पहचान इब्राहीम, असलम और हसन के रूप में हुई है।-file photo
- हमीरपुर (उप्र) । हमीरपुर जिला मुख्यालय में बेतवा नदी के पुल पर मंगलवार को साइकिल सवार एक छात्रा को कथित रूप से बालू से भरे डंपर ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम कर दी। सदर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) अनुराग सिंह ने बताया कि हेलापुर गांव की रहने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा मानसी (13) मंगलवार सुबह करीब नौ बजे साइकिल से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पढ़ने जा रही थी, तभी उसे बेतवा नदी के पुल पर बालू से भरे डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने पुल के पास कुछ देर सड़क जाम की, जिससे वाहनों की कतार लग गयी। हालांकि बाद में छात्रों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया। सीओ ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
- पोर्ट ब्लेयर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सितंबर अंत में अंडमान निकोबार द्वीप समूह का दौरा करेंगे और वहां सबसे लंबे पुल का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनी के उप महाप्रबन्धक सुनील ने कहा कि 1.45 किलोमीटर लंबा ‘हम्फ्रे स्ट्रेट पुल' गांधी और उत्तर फेरी घाटों के बीच दक्षिण और मध्य अंडमान को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि 202 करोड़ रुपये की लागत से दो साल में इसका निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड के कारण लागू प्रतिबंधों के बावजूद पिछले कुछ महीने में परियोजना का काम चलता रहा और 99 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। अधिकारी ने कहा, “केंद्र शासित क्षेत्र का यह सबसे लंबा पुल है। आने वाले दिनों में प्रायोगिक आधार पर यातायात की अनुमति दी जाएगी जिसके बाद एनएचआईडीसीएल परियोजना के पूर्ण होने की घोषणा करेगा।
- तिरुवनंतपुरम। केरल में रविवार को रात्रि कर्फ्यू और कड़े लॉकडाउन उपायों को हटाने के बाद, मंगलवार को राज्य सरकार ने फैसला किया कि अब से शनिवार कार्य दिवस होगा। गौरतलब है कि राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिये रात्रि कर्फ्यू और लॉकडाउन जैसे उपाय किये गए थे। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया, "तदनुसार सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे शनिवार को ड्यूटी के लिए आएं।" आदेश में कहा गया है कि चार अगस्त को सभी सरकारी कार्यालयों, अर्ध सरकारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, कंपनियों, स्वायत्त निकायों और आयोगों को सोमवार से शुक्रवार तक पूरी उपस्थिति के साथ काम करने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने कहा, "वर्तमान कोविड-19 परिदृश्य और राज्य में लगाए गए प्रतिबंधों का आकलन करने के बाद, सरकार ने शनिवार को भी कार्य करने की अनुमति दे दी है।'' कोविड-19 प्रतिबंधों में ढील को देखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी, अर्ध-सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों के लिए 16 सितंबर से बायोमेट्रिक प्रवेश प्रणाली को बहाल करने का भी फैसला किया है। सरकार ने कहा कि कर्मचारी बायोमेट्रिक प्रवेश प्रणाली के लिए अपने पहचान पत्र का उपयोग कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) इस महीने से सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए केंद्र सरकार को ‘निष्क्रिय' पोलियो टीके (आईपीवी) की आपूर्ति शुरू करने के साथ ऐसा करने वाली पहली स्वदेशी कंपनी बन जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल में आईपीवी टीके की 54 लाख खुराकों के लिए एसआईआई को खरीद का ऑर्डर दिया है। अब तक सरकार सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम में आईपीवी की आपूर्ति के लिए विदेशी दवा कंपनी सनोफी पर निर्भर थी। एसआईआई में सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने हाल में स्वास्थ्य मंत्रालय को सूचित किया, ‘‘मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि हमारी कंपनी ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को इनएक्टिवेटेड पोलियोमाइलाइटिस वैक्सीन (आईपीवी) की आपूर्ति करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है जो हमारे देश के बच्चों को पोलियोमाइलाइटिस रोग से बचाएगी।'' एसआईआई की आईपीवी को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से दुनिया के विभिन्न देशों में आपूर्ति के लिए पूर्व अनुमति मिली हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सनोफी को भी आईपीवी की 36 लाख खुराक की आपूर्ति का ऑर्डर दिया है। सिंह ने अपने पत्र में कहा है, ‘‘यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि कोविड-19 टीकों के अलावा कई अन्य जीवन रक्षक टीकों के साथ-साथ, हमारा देश अब आईपीवी में भी आत्मनिर्भर है और हम प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत' अभियान की तर्ज पर आगे बढ़ रहे हैं।'' स्वास्थ्य मंत्रालय की आवश्यकता के अनुसार टीकाकरण कार्यक्रम के लिए शीघ्र ही आईपीवी की पहली खेप जीएमएसडी (सरकारी मेडिकल स्टोर डिपो) को आपूर्ति की जाएगी। भारत को आधिकारिक तौर पर 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया था, लेकिन देश में टीकाकरण कार्यक्रम जारी है। आईपीवी को नवंबर 2015 में शुरू में छह राज्यों में पेश किया गया था, जिसे अप्रैल 2016 तक पूरे देश में विस्तारित किया गया था।
- लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले की देवनी तहसील के ग्रामीणों और जिला परिषद शिक्षकों ने अपने क्षेत्र में स्कूलों के पुनरुद्धार के लिए 40.78 लाख रुपये एकत्र किये हैं। ब्लॉक विकास अधिकारी मनोज राउत ने मंगलवार को कहा कि जिला परिषद के 261 शिक्षकों और बहुत से गांव वालों ने लोगों को दान देने के लिए मनाया। राउत ने कहा, “वे तहसील के हर गांव में गए, अभिभावकों के साथ बैठकें कीं, ग्राम पंचायत स्तर से चुने हुए प्रतिनिधियों को शामिल किया और जिला परिषद के स्कूलों के पुनरुद्धार के लिए 40.78 लाख रुपये एकत्र किये।” उन्होंने बताया कि वागनलवाड़ी गांव में ऐसी ही एक बैठक के दौरान लोगों ने तत्काल 75 हजार रुपये बक्से में डाल दिए। एक अधिकारी ने बताया कि तहसील में 54 गांव और 45 ग्राम पंचायत हैं जिसमें 65 जिला परिषद स्कूल हैं। इनमें से 60 स्कूलों का पुनरुद्धार किया जाना है। उन्होंने कहा कि एकत्र किये गए 40 लाख रुपये में से 23 लाख रुपये ग्रामीणों ने दिए और बाकी का प्रबंध शिक्षकों ने किया। राउत ने बताया कि ‘बाला परियोजना' के तहत जिला पंचायत कार्यकारी अधिकारी अभिनव गोयल के अधीन पुनरुद्धार किया जा रहा है। देवनी पंचायत समिति के उपाध्यक्ष शंकरराव पाटिल तालेगांवकर ने बताया कि पुनरुद्धार के बाद जिला परिषद स्कूलों में और अधिक बच्चे आ रहे हैं जिनमें वह बच्चे भी हैं जो अंग्रेजी माध्यम के स्कूल छोड़कर आए हैं। उन्होंने कहा कि देवनी के जिला परिषद स्कूलों में छात्रों की संख्या में 5.80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।-file photo
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता किशोर दत्त ने निजी वजहों का हवाला देते हुए मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया और राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा मंजूर कर लिया है। राजभवन ने यह जानकारी दी।राज्यपाल ने ट्वीट किया, संविधान के अनुच्छेद 165 के अनुसार पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता, वरिष्ठ वकील किशोर दत्त का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।फरवरी 2017 में प्रभार संभालने वाले किशोर दत्त पश्चिम बंगाल के चौथे महाधिवक्ता हैं जिन्होंने ममता बनर्जी के शासन के दौरान पद से इस्तीफा दिया है। तृणमूल कांग्रेस के 2011 में सत्ता में आने के बाद सबसे पहले अनिंद्य मित्रा ने महाधिवक्ता का पदभार ग्रहण किया था और बाद में इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद इस पद पर आने वाले बिमल चटर्जी और जयंत मित्रा ने भी इस्तीफा दे दिया था।---
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून से पहले सर्वेक्षण में उत्तर दिल्ली में करीब 700 इमारतों को खतरनाक घोषित किया गया था । एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी । उत्तर दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में चार मंजिली इमारत के गिरने की घटना के बाद पुरानी इमारतों एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा की ओर ध्यान आकृष्ट हुआ है । इमारत गिरने की घटना में सात एवं 12 साल के दो लड़कों की मौत हो गयी थी । अधिकारी ने बताया कि सोमवार को गिरी यह इमरात पुराने रॉबिन सिनेमा के सामने स्थित थी, उसके आस पास 75 साल पुरानी और छोटी इमारतें स्थित हैं । अधिकारी ने बताया कि ऐसी संरचनाओं की पहचान करने और उपचारात्मक कार्रवाई करने के लिए मई-जून में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सभी छह जोनों में एक मॉनसून पूर्व सर्वेक्षण किया गया था। उत्तर दिल्ली नगर निगम के अधिकारी ने बताया, ‘‘इस सर्वेक्षण के दौरान 699 संरचनाओं को खतरनाक स्थिति में पाया गया था और 444 ऐसे इमारतों की पहचान की गयी जिनमें आवश्यक मरम्मत करना था । उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण में सिविल लाइंस जोन में 89 ऐसी इमारतों की पहचान की गयी जो खतरनाक थी, इसके अलावा वार्ड नंबर 13 में 20 ऐसी इमारतों की पहचान की गयी जो खतरनाक थी । उन्होंने बताया कि इसी वार्ड में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुयी है।
- गुवाहाटी। बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (पूर्वी कमान) वाई बी खुरानिया ने सोमवार को गुवाहाटी में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बल के सीमावर्ती मुख्यालय का दौरा किया और विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की। अर्धसैनिक बल द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, महानिरीक्षक (पूर्वी सीमांत) एस एस गहलोत ने यात्रा के दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति से अवगत कराया। खुरानिया ने कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए बीएसएफ गुवाहाटी फ्रंटियर द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में सराहनीय कार्य कर रहा है। बाद में, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत से मुलाकात की और सीमा प्रबंधन के कुछ पहलुओं पर चर्चा की। विज्ञप्ति में कहा गया है कि खुरानिया अगले दो दिनों में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा प्रभुत्व का आकलन करेंगे और जमीनी स्तर के सैनिकों व कमांडरों से बातचीत करेंगे। इसके मुताबिक, वह तैनात सैनिकों के सामने निश्चित समय पर आने वाली समस्याओं का मूल्यांकन करेंगे।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के कई निजी स्कूल मांग कर रहे हैं कि कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए भी विद्यालय जल्द से जल्द खोले जाएं। दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन (डीएसपीएसएमए) ने कहा है कि अगर 24 सितंबर तक कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल नहीं खोले गए तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। डीएसपीएसएमए के प्रमुख आरसी जैन ने कहा, “ कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं और अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। निजी स्कूल बस सेवाएं देना शुरू कर दें तो उपस्थिति में और सुधार होगा, क्योंकि सभी स्कूल बस सेवा नहीं दे रहे हैं।' उन्होंने एक बयान में कहा, “ अब कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को खोलने में क्या हर्ज है? हम इस पर सरकार के आदेश का इंतजार कर रहे हैं और 24 सितंबर तक इन कक्षाओं के लिए स्कूलों को खोलने का फैसला नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।” राष्ट्रीय राजधानी में कोविड -19 की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार के बाद, दिल्ली सरकार ने एक सितंबर से कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल तथा कॉलेज और कोचिंग संस्थान खोल दिए हैं।
- अयोध्या। आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने सोमवार को यहां राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत की। दोनों नेता मंगलवार को फैजाबाद में आम आदमी पार्टी की तिरंगा यात्रा का भी नेतृत्व करेंगे जो 18वीं सदी के नवाब शुजाउद्दौला के मकबरे से शुरू होकर शहर के गांधी पार्क में समाप्त होगी। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री सिसोदिया और आप के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी सिंह ने मंत्रोच्चार के बीच प्रार्थना की। उन्होंने सरयू नदी में पवित्र स्नान भी किया और साधुओं के साथ भोजन किया। सिसोदिया ने कहा, ‘‘मैंने उत्तर प्रदेश में राम राज्य की स्थापना के लिए भगवान राम से प्रार्थना की।'' सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर आप को आशीर्वाद के लिए हनुमानगढ़ी मंदिर में भगवान हनुमान से प्रार्थना की ताकि राज्य के लोगों को ‘‘दिल्ली की तरह'' अच्छी शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली, पानी और रोजगार मिल सके। इस मौके पर दोनों नेताओं ने हनुमानगढ़ी मंदिर में ‘हनुमान चालीसा' का पाठ भी किया।आप के नेताओं ने उन संतों से भी मुलाकात की जिन्होंने उन्हें ‘बड़ा स्थान' मंदिर में आमंत्रित किया। सिसोदिया और सिंह ने अयोध्या के साधुओं के साथ भोजन भी किया।
-
नयी दिल्ली। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) एडवांस्ड के लिए पंजीकरण जेईई-मेन्स परिणामों की घोषणा में देरी के कारण सोमवार को फिर से स्थगित कर दिया गया। इसके आधार पर आईआईटी में दाखिले होते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया पिछले सप्ताह शुरू होनी थी, लेकिन परिणाम में देरी के कारण इसे सोमवार तक के लिए टाल दिया गया। सोमवार को भी पंजीकरण शुरू नहीं हो सका। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर, इस साल जेईई एडवांस्ड की परीक्षा आयोजित कर रहा है और इसने पंजीकरण के लिए नई तारीख की घोषणा नहीं की है और विद्यार्थियों से इंतजार करने को कहा है। जेईई-एडवांस्ड की परीक्षा तीन अक्टूबर को होनी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “ जेईई-मेन्स का परिणाम कल (मंगलवार) या बुधवार तक घोषित किया जाएगा।”
इस साल से, जेईई-मेन्स का आयोजन साल में चार बार किया जा रहा है ताकि छात्रों को अपने अंकों में सुधार करने का मौका मिल सके। पहला चरण फरवरी में और दूसरा मार्च में आयोजित किया गया था। अगले चरण अप्रैल और मई के लिए निर्धारित किए गए थे, लेकिन कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के विनाशकारी प्रभाव को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था। तीसरा चरण 20-25 जुलाई तक आयोजित किया गया था जबकि चौथा संस्करण 26 अगस्त से दो सितंबर तक आयोजित किया गया था। - नयी दिल्ली। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने संपत्ति खरीदने वालों को गलत दस्तावेज से सुरक्षा देने के लिये कदम उठाया है। उसने साधारण बीमा कंपनियों से संशोधित प्रारूप में संपत्ति खरीद से जुड़े दस्तावेज यानी बैनामा के जोखिम से बचाव के लिये यथाशीघ्र बीमा पॉलिसी पेश करने को कहा है। बैनामा बीमा क्षतिपूर्ति बीमा का एक रूप है। यह संपत्ति के संभावित मालिक को वास्तविक संपत्ति के बैनामा में गड़बड़ियों के कारण वित्तीय नुकसान से बचाता है। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने गलत बैनामे के कारण नुकसान को लेकर कंपनियों (डेवलपर) के साथ-साथ व्यक्तियों की विधि के अनुसार देनदारी को ‘कवर' करने के लिये बैनामा बीमा उत्पाद लाने के बारे में सुझाव देने को लेकर कार्यकारी समूह का गठन किया था। समूह की सिफारिश के आधार पर इरडा ने साधारण बीमा कंपनियों से संपत्ति की खरीद दस्तावेज को लेकर बीमा पॉलिसी लाने को कहा है।
- नयी दिल्ली। भारत रक्षा प्रदर्शनी-2022 के साथ-साथ आयोजित होने वाली अगली भारत-अफ्रीका रक्षा वार्ता में अफ्रीकी देशों के रक्षा मंत्रियों की मेजबानी करेगा जो अगले साल मार्च में गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होगी। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, '' यह निर्णय लिया गया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले भारत-अफ्रीका रक्षा वार्ता में अफ्रीकी राष्ट्रों के रक्षा मंत्रियों की मेजबानी करेंगे।'' बयान के मुताबिक, इस बार भारत-अफ्रीका रक्षा वार्ता का व्यापक विषय ''भारत-अफ्रीका: रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और तालमेल के लिए रणनीति अपनाना'' होगा। रक्षा प्रदर्शनी अगले साल 11 से 13 मार्च के लिए प्रस्तावित है।
- जयपुर। जयपुर के हसनपुरा क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी युवक को सोमवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात की है। सदर थानाधिकारी पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि आरोपी दीपू को हिरासत में ले लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो महीने पहले आरोपी दीपू का महिला से विवाद हुआ था। बीती रात वह महिला के घर गया और उस पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि आरोपी से अपराध में इस्तेमाल देशी पिस्तौल बरामद कर ली गई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
- भुवनेश्वर। पूूर्वी तट रेलवे के अंगुल-तालचर रोड मार्ग पर चलने वाली एक मालवाहक ट्रेन के कम से कम छह डिब्बे सोमवार देर रात पटरी से उतर गए और नदी में गिर गए।अधिकारियों ने बताया कि गेंहू से लदे छह डिब्बे देर रात करीब ढाई बजे पटरी से उतर गए और नदी में गिर गए। लोको पायलट और अन्य कर्मचारियों के सुरक्षित होने और इंजन के पटरी पर ही होने की खबर मिली है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव से हुई भारी बारिश के कारण नंदीरा नदी पर बने पुल पर हादसा होने का संदेह है। हादसा उस समय हुआ, जब मालवाहक ट्रेन फिरोजपुर से खुर्दा रोड की ओर जा रही थी। तालचर में सोमवार को 160 मिमी और अंगुल (74 मिमी) बारिश दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद पूर्वी तट रेलवे ने 12 ट्रेनें रद्द कर दीं, आठ के मार्ग बदल दिए और कई अन्य को बीच में ही रोक दिया।
- नयी दिल्ली। प्रमुख ई-फार्मेसी कंपनी फार्मईजी अपने जल्द शुरू होने वाले हैदराबाद, पुणे और एनसीआर क्षेत्रों के विकास केंद्रों में 200 से अधिक इंजीनियरों की नियुक्ति करेगी। कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि वह बाह्यरोगी स्वास्थ्य सेवा की चुनौतियों को हल करने के लिए एक बड़ा पारिस्थितिकी तंत्र बना रही है। फार्मईजी के सह-संस्थापक हार्दिक देधिया ने कहा, ''हमारी टीम आधुनिक और डिजिटल-फस्र्ट भारत के लिए स्वास्थ्य सेवा पारिस्थितिकी तंत्र बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। हमें ऐसे प्रतिभाशाली और प्रेरक लोगों की तलाश है जो इस मिशन को लेकर समर्पित हों।'' कंपनी ने कहा कि इस समय प्रौद्योगिकी प्रमुख जरूरत है। ऐसे में कंपनी प्रौद्योगिकी कामकाज के लिए अपनी नियुक्तियों को मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
- इंदौर। मध्यप्रदेश के हजारों वाहन चालकों को अपने पक्के ड्राइविंग लायसेंस का नवीनीकरण कराने के लिए परिवहन विभाग के दफ्तर के चक्कर काटने से जल्द ही मुक्ति मिल सकती है। विभाग इस काम को अपनी ऑनलाइन सुविधाओं की फेहरिस्त में शामिल करने की तैयारी में जुटा है। राज्य के परिवहन आयुक्त मुकेश जैन ने सोमवार को इंदौर में संवाददाताओं को बताया, "हम पक्के ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण के साथ ही इसकी नकल प्रदान करने और इसमें धारक का पता बदलने की ऑनलाइन सुविधा जल्द ही शुरू करेंगे।" उन्होंने बताया कि इस सुविधा को शुरू करने से पहले राज्य के लाइसेंसधारी वाहन चालकों की तमाम जानकारी संकलित की जा रही है और यह प्रक्रिया पखवाड़े भर में पूरी होने की उम्मीद है। जैन ने बताया कि परिवहन विभाग ने राज्य में लर्निंग लाइसेंस बनवाने की ऑनलाइन सुविधा अगस्त के पहले सप्ताह में शुरू की थी और इसके जरिये अब तक 67,000 लोग घर बैठे परीक्षा उत्तीर्ण कर लर्निंग लाइसेंस बनवा चुके हैं। उन्होंने कहा, "हमारा अनुमान है कि राज्य में हर साल करीब 10 लाख युवाओं को ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाएंगे।" जैन ने यह भी बताया कि परिवहन विभाग ने सूबे में सड़क हादसों और इनमें होने वाली जनहानि रोकने के लिए "विजन जीरो" अभियान शुरू किया है और इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य सरकारी महकमों की भी मदद ली जाएगी। परिवहन आयुक्त ने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य भर में सड़कों के ऑडिट के जरिये उन स्थानों की पहचान की जाएगी जहां हादसे अधिक होते हैं और संबंधित मार्गों की इंजीनियरिंग में सुधार किया जाएगा। जैन, राज्य के इंदौर और उज्जैन संभागों के परिवहन अधिकारियों की बैठक के लिए इंदौर आए थे।
- नयी दिल्ली। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का व्यापारियों को नहीं बल्कि लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे इस बात को सुनिश्चित करने के लिए पहली बार केंद्र ने धान की खरीद से पहले जमीन का रिकॉर्ड देखने का फैसला किया है। खाद्य सचिव सुधांशु पांडे ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि असम, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर को छोड़कर अधिकांश खरीद वाले राज्य इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने इस मकसद से केंद्र की शीर्ष खरीद एजेंसी भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के साथ डिजिटल भूमि रिकॉर्ड साझा कर लिया है। पांडे ने जोर देते हुये कहा कि यह नया तंत्र किसानों के हित में है और किसानों द्वारा अपनी जमीन में या किराए की जमीन में की जाने वाली खेती की फसल सरकार द्वारा खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘किसानों के लिए जमीन का मालिक होना या न होना जरूरी नहीं है। अगर किसानों ने किसी भी जमीन पर खेती की है, तो उसे खरीद लिया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि पूरी सोच इस बात को जांचने के लिए है कि कितने क्षेत्र में कितनी खती की गई है और तदनुसार इसकी खरीद की जायेगी। इसे ध्यान में रखते हुये डिजिटल भूमि रिकॉर्ड को एफसीआई के साथ केंद्रित रूप से जोड़ा गया है जो खरीद प्रक्रिया के दौरान मदद करेगा। इस पूरी प्रणाली को अपनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य यह है कि सरकार वास्तविक किसानों से ही फसल खरीदे व्यापारियों से नहीं। सचिव के मुताबिक, ''पंजाब समेत ज्यादातर राज्य पूरी तरह तैयार हैं.'' हर राज्य चाहता है कि किसानों को खरीद प्रक्रिया से लाभ मिले न कि व्यापारियों को। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सुनिश्चित करेगी कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) किसानों तक पहुंचे न कि व्यापारियों तक। मीडिया ब्रीफिंग में मौजूद कृषि सचिव संजय अग्रवाल ने कहा कि सरकार का इरादा यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक किसानों को एमएसपी खरीद का लाभ मिले, जिसे सरकार ने पिछले पांच वर्षों में काफी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि विपणन वर्ष 2020-21 (अक्टूबर-सितंबर) में रिकॉर्ड 879.01 लाख टन धान 1,65,956.90 करोड़ रुपये के एमएसपी मूल्य पर खरीद की गई, जबकि विपणन वर्ष 2020-21 (अप्रैल-मार्च) में रिकॉर्ड 389.93 लाख टन गेहूं की 75,060 करोड़ रुपये के एमएसपी मूल्य पर की गई है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास पिछले पांच वर्ष में केवल किसानों के हित में किए जा रहे हैं और सरकार चाहती है कि एमएसपी का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे।
- नयी दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की अंतरिक्ष एजेंसी के उप प्रमुख एंथनी मर्फेट ने सोमवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारत के गगनयान मिशन में कोकोस कीलिंग द्वीप से निगरानी करने में सहयोग करेगा। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन में मर्फेट ने कहा कि दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष सहयोग बढ़ रहा है और भारत तथा ऑस्ट्रेलिया की अंतरिक्ष एजेंसियों ने हाल में अपने समझौता ज्ञापन को अद्यतन किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम ऑस्ट्रेलिया के क्षेत्र कोकोस कीलिंग द्वीप के जरिए निगरानी करके गगनयान मिशन में सहयोग करेंगे।'' इस साल की शुरुआत में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख के. सिवन ने कहा था कि इसरो ऑस्ट्रेलिया की अंतरिक्ष एजेंसी के साथ गगनयान मिशन के लिए कोकोस कीलिंग द्वीप समूह में एक ‘ग्राउंड स्टेशन' बनाने के लिए भी बातचीत कर रहा है। कक्षा में उपग्रह अपनी जानकारी को पृथ्वी पर स्थित स्टेशन तक नहीं पहुंचा सकते हैं यदि उनके पास जमीनी स्टेशन का स्पष्ट दृश्य नहीं हो। उपग्रह की सूचनाओं को डेटा रिले उपग्रह प्रसारित करने का कार्य करता है। ‘ब्लाइंड स्पॉट' के कारण कई बार सिग्नल नहीं पहुंचते हैं। कोकोस कीलिंग द्वीप से डेटा रिले उपग्रह की निगरानी से इन मुद्दों के समाधान में मदद मिलेगी। गगनयान भारत का महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन है जिसका उद्देश्य तीन भारतीयों को पृथ्वी की निचली कक्षा (लीओ) में ले जाना है।-file photo
- उज्जैन (मप्र)। मध्यप्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने उज्जैन जिले के एक सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात लेखाकार को सोमवार को एक डॉक्टर से 16 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी लेखाकार दीपक राठौर (45) ने जिले के समुरखेड़ा सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ रीमा जायसवाल से 70 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। उन्होंने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राठौर को तराना ब्लॉक कार्यालय से रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने बताया कि पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे जांच कर रही है।
- शहडोल । मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में सड़क नहीं होने के कारण 68 वर्षीय एक बीमार महिला को उसके परिजनों द्वारा खाट पर अस्पताल ले जाना पड़ा। सोमवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें चार पुरुष एक महिला को अपने कंधे पर खाट पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बीमार महिला के बेटे मन्नू बैगा ने बताया कि उनके गांव बेम्होरी से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक कोई मोटर चलने योग्य सड़क नहीं है, इसलिए उसकी 68 वर्षीय मां को बीमार होने पर परिवार के सदस्य एक खाट पर लिटाकर ले गए। बैगा ने बताया कि उसके गांव के निवासियों की यह एक नियमित समस्या है।इस संबंध में पूछे जाने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता एस. के. कुल्हाड़े ने बताया कि बेम्होरी से पटना गांव तक करीब 2.12 करोड़ रुपये की लागत से 3.40 किलोमीटर लंबी सड़क 2018 में स्वीकृत की गई थी और इस सड़क का एक हिस्सा निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि हालांकि सड़क अधूरी होने के कारण खराब स्थिति में है।
- फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। फतेहपर जिले के हुसेनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गयी और 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार को हैबतपुर गांव के रहने वाले 35 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रायबरेली जिले के गेगासो गंगाघाट स्नान करने गये थे। शाम करीब पांच बजे लौटते समय उनकी ट्रैक्टर ट्रॉली फतेहपुर-लखनऊ राजमार्ग में चंदीपुर गांव के नजदीक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में दबकर अमर सिंह लोधी (45) की मौके पर मौत हो गयी और शत्रुघ्न (16), रोशनी (13), श्रीकेशन (17), शिवदेवी (35), भिखनी (40), महेन्द्र (30), छोटे मौर्या (50), महाबीरा (50), सत्यम (8), भवनमती (60), दिनेश लोधी (50), चन्दावती (15), सुनीता (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि सभी घायल श्रद्धालुओं को जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।











.png)
.jpg)
.jpg)
.png)

.jpg)
.jpg)
.jpg)









