- Home
- देश
- मुंबई । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम को उदार बनाने से अभियान की रफ्तार बढ़ेगी और उत्पादकों को भी क्षमता बढ़ाने का प्रोत्साहन मिलेगा। स्थानीय उद्योग संगठन आईएमसी द्वारा आयोजित एक समारोह में हषवर्धन ने स्वीकार किया कि यह तनावपूर्ण समय है और बदलते हालात के साथ सरकार की नीतियां आकार ले रही हैं। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की तेज रफ्तार के लिए सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों को श्रेय दिया। मंत्री ने दावा किया कि भारत करीब 12 करोड़ टीका खुराक सबसे अधिक तेजी से देने वाला देश है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई एक बैठक में मंत्री ने कहा था कि कोविड-19 टीकों की खरीद, मूल्य और इन्हें लगाने में ढील देने का फैसला किया गया है जिसमें 18 साल से अधिक उम्र के सभी नागरिक एक मई से टीका लगवा सकेंगे। हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘इससे हमारे टीकाकरण अभियान की रफ्तार और बढ़ेगी वहीं देश में उत्पादन बढ़ाने के लिए मौजूदा और नये निर्माताओं को प्रोत्साहन मिलेगा।'' स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस संकट ने हमें अंदर तक हिला दिया है लेकिन मिलकर चुनौती से निपटने के हमारे संकल्प को भी मजबूत किया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज भारत में अनेक राज्यों में कोविड-19 की एक और लहर दिखाई दे रही है। इतना अधिक संक्रमण फैलाने वाले वायरस को रोकना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है क्योंकि हमारे जैसे देश में बड़े शहरों और कस्बों में बहुत अधिक जनसंख्या घनत्व है।'' हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार 2020 की तुलना में बेहतर तरीके से तैयार है और संकट पर काबू पाने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है जिनमें संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए समय पर उपाय करना तथा टीकाकरण अभियान का विस्तार करना शामिल है। उन्होंने एक ‘स्टेच्यू ऑफ इम्युनिटी' बनाने के तथा प्रतिरक्षा क्षमता में अध्ययन के लिए केंद्र बनाने के सुझावों का स्वागत किया।
- नयी दिल्ली । उद्योग मंडल एसोचैम ने कहा है कि सरकार का एक मई से 18 साल से अधिक की आयु के सभी लोगों के लिए कोविड टीकाकरण को खोलने से मुश्किलों से जूझ रहे लोगों का भरोसा कायम करने में मदद मिलेगी। एसोचैम ने मंगलवार को बयान में कहा कि टीकाकरण तेज होने से कोविड-19 के मामले घटेंगे और अर्थव्यवस्था का पुनरुद्धार रफ्तार पकड़ सकेगा। इससे लोगों की आजीविका को बचाने में मदद मिलेगी। चैंबर ने कहा कि और वैक्सीन ‘कैंडिडेट' को मंजूरी की प्रक्रिया तेज करना टीकाकरण को व्यापक करने की दृष्टि से एक निर्णायक उपाय है। एसोचैम ने कहा, ‘‘टीकाकरण की आयु को घटाकर 18 साल करने से मुश्किल हालात का सामना कर रहे लोगों का भरोसा कायम किया जा सकेगा।-file photo
- इंदौर। कोविड-19 के इलाज के दौरान यहां एक निजी अस्पताल में दम तोड़ने वाले 40 वर्षीय एक प्रवासी भारतीय का 24 घंटे से ज्यादा वक्त तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका क्योंकि उसका परिवार हजारों किलोमीटर दूर चीन में है। बाद में उक्त व्यक्ति के परिवार के निवेदन पर प्रशासन ने मंगलवार को एक स्वयंसेवक से उसका अंतिम संस्कार कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रशांत चौबे ने बताया कि प्रवासी भारतीय मनोज कुमार शर्मा (40) की शहर के श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) में कोविड-19 के इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि शर्मा चीन के एक बैंक में काम करते थे और वह भारत में अपने एक बीमार परिजन की देखभाल के दौरान संक्रमण की चपेट में आ गए थे। चौबे ने बताया, "जब हमें पता चला कि शर्मा का शव अंतिम संस्कार के इंतजार में मुर्दाघर में रखा है, तो हमने उनकी चीन में मौजूद पत्नी विनीला शर्मा से सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से सहमति पत्र लिया। इस पत्र के आधार पर औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद अस्पताल से उनके शव को दाह संस्कार के लिए एक स्थानीय श्मशान ले जाया गया।" शहर के पंचकुइयां मुक्तिधाम में शर्मा का अंतिम संस्कार करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता यश पाराशर ने बताया, "शर्मा के पार्थिव शरीर को अग्नि के हवाले करना मेरे लिए एक भावुक क्षण था और उस वक्त मैं उनके परिवार की पीड़ा महसूस कर रहा था।" पाराशर ने बताया कि शर्मा के दाह संस्कार के दौरान चीन में मौजूद शर्मा की पत्नी ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनके अंतिम दर्शन किए और उन्हें अश्रुपूरित नयनों से आखिरी विदाई दी। इन मार्मिक क्षणों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
- लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी अधिनियम 2020 में आठवां संशोधन किया है। संशोधन के मुताबिक घर से बाहर बिना मास्क या गमछा के निकलने पर पहली बार पकड़े जाने पर एक हज़ार रुपये और दोबारा पकड़े जाने पर दस हज़ार रुपये जुर्माना का प्रावधान किया गया है। मंगलवार को जारी नए आदेश में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने यह जानकारी दी। आदेश के मुताबिक किसी व्यक्ति द्वारा किसी सार्वजनिक स्थान पर अथवा घर से बाहर मास्क, गमछा, रुमाल या दुपट्टा ना पहनने पर पहली बार उसे 1000 रुपये का जुर्माना देना होगा। प्रसाद के मुताबिक दूसरी बार बिना मास्क, गमछा, रुमाल या दुपट्टा के पाए जाने पर व्यक्ति को 10000 रुपये का जुर्माना देना होगा। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति के सार्वजनिक स्थलों पर अथवा घर से बाहर थूकने पर उसे 500 रुपये के जुर्माना से दंडित किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभी हाल में मास्क न पहनने पर पहली बार पकड़े जाने पर एक हज़ार रुपये और दोबारा पकड़े जाने पर दस गुना ज़्यादा जुर्माना लगाने का निर्देश दिया था।-file photo
- मुंबई । महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को फैसला किया कि राज्य में एक मई तक किराना और खाद्य सामग्री की दुकानें सुबह सात बजे से पुर्वाह्न 11 बजे तक ही खुली रहेंगी। सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। नयी पाबंदियां मंगलवार रात आठ बजे से एक मई सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेंगी।राज्य में पिछले दो सप्ताह से रोजाना औसतन संक्रमण के 50,000 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। राज्य के ‘ब्रेक द चेन' कार्यक्रम के तहत पहले से ही कई अन्य पाबंदियां प्रभावी हैं। नया आदेश राज्य के आपदा प्रबंधन और राहत और पुनर्वास विभाग ने दिया है।आदेश के अनुसार, किराना, सब्जी, फल, डेयरी, बेकरी, कंफेक्शनरी, चिकन, मटन, मांस, मछली अंडा सहित तमाम प्रकार की खाद्य सामग्री, कृषि क्षेत्र से जुड़ी वस्तुओं की दुकानें, पालतू पशुओं के भोजन से जुड़ी दुकानें, बारिश के मौसम से जुड़ी सामान की दुकानें'' सुबह सात से पुर्वाह्न 11 बजे तक खुलेंगी। उसमें कहा गया है कि ऐसी दुकानों से होम डिलीवरी सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक की जा सकेगी, लेकिन स्थानीय प्रशासन आवश्यकतानुसार समय में बदलाव कर सकता है।
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने मंगलवार को सभी केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी कि कोविड के उपयुक्त व्यवहार को कड़ाई से लागू करें जिसमें आवाजाही पर पाबंदियां एवं बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध हो। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र शासित प्रदेशों से कहा गया है कि कोविड-19 पर योजना बनाते समय अगले तीन हफ्ते के लिए पहले से उपाय किए जाएं और जांच में तेजी लाई जाए तथा अस्पताल के ढांचे को उन्नत किया जाए। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये उपाय सुझाए गए हैं। कोविड-19 की स्थिति और उसके उपाय के लिए समीक्षा बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और सभी केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव भी शामिल हुए। बयान में बताया गया कि वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी. के. पाल, डीएचआार के सचिव और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव भी मौजूद थे। इसमें सभी केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक भी मौजूद रहे। बयान के मुताबिक, बैठक में केंद्र शासित प्रदेशों को यह भी सलाह दी गई कि रैपिड एंटीजन जांच के साथ आरटी-पीसीआर जांच में भी तेजी लाई जाए। इसमें क्लीनिकल प्रबंधन की तुरंत समीक्षा की अनुशंसा की गई, साथ ही जांच में तेजी लाने और अस्पताल के ढांचे को उन्नत करने का भी परामर्श दिया गया। भल्ला ने पूरे देश में कोविड-19 के मामलों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी का भी जिक्र किया।बयान में बताया गया कि भारत में एक जनवरी को कोविड-19 के 20 हजार मामले सामने आए थे जो 15 अप्रैल तक बढ़कर करीब दस गुना (दो लाख से अधिक मामले) हो गए। इसमें कहा गया कि पिछले 11 दिनों में नए मामले लगभग दोगुने हो गए हैं। नौ अप्रैल को जहां संक्रमितों के 1.31 लाख मामले आए वहीं 20 अप्रैल को बढ़कर ये 2.73 लाख हो गए।
- अगरतला । त्रिपुरा में एक राहत शिविर से 400 से अधिक ब्रू लोग सोमवार को करीब 100 किमी दूर एक नए स्थान के लिए रवाना हो गए जहां वे सरकार द्वारा दी गयी जमीन पर नया घर बनाएंगे। वे लोग दो दशक से अधिक समय से राहत शिविर में रह रहे थे और यही उनका घर था। सरकार ने समुदाय की समस्या का स्थायी हल करने के लिए किए गए उपायों के तहत लोगों को जमीन देने का फैसला किया है। हजारों ब्रू आदिवासी 1997 से ही त्रिपुरा में राहत शिविरों में रह रहे हैं। वे जातीय संघर्ष के कारण अपनी मातृभूमि मिजोरम से भाग कर आए थे। आंतरिक रूप से विस्थापित ऐसे लोगों की संख्या अब 30,000 से अधिक हो गई है और 4,400 से अधिक परिवार हैं। एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर त्रिपुरा जिले के कंचनपुर उपखंड में नैसिंहपाड़ा शिविर में रह रहे 92 परिवारों के 426 लोगों को 18 बसों से धलाई जिले में हादुकुलुक ले जाया गया। पिछले साल जनवरी में समुदाय, केंद्र और त्रिपुरा तथा मिजोरम की सरकारों के प्रतिनिधियों के बीच एक समझौता हुआ था और उसके बाद ये लोग त्रिपुरा के एक अन्य स्थान पर पुनर्वासित होने वाला पहला जत्था है। अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक पुनर्वासित ब्रू परिवार को 1200 वर्ग फुट का भूखंड आवंटित किया गया है और उन्हें अब सरकार द्वारा प्रदत्त 1.5 लाख रुपये से एक घर बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक उनके घर नहीं बन जाते, वे लोग तब तक टेंट में रहेंगे। इस समझौते के तहत प्रत्येक परिवार के लिए चार लाख रुपये की सावधि जमा राशि के अलावा दो साल तक मुफ्त मासिक राशन और 5,000 रुपये की मासिक राशि और तथा स्कूलों की सुविधा होगीं सरकारी अधिकारियों ने हादुकुलुक में पहले जत्थे का स्वागत किया और उन्हें जलपान के साथ ही फूल भेंट किए गए।-file photo
- नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी की स्थिति को देखते हुए अगले महीने होने वाली यू जी सी की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा - नेट को स्थगित कर दिया गया है। एक आदेश में, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी एनटीए ने कहा है कि परीक्षा के लिए संशोधित तारीखों की घोषणा परीक्षा से कम से कम 15 दिन पहले कर दी जाएगी।इससे पहले शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कोविड -19 के प्रकोप के दौरान उम्मीदवारों और परीक्षा लेने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 2021 मई में आयोजित होने वाली नेट की परीक्षा को स्थगित करने की सलाह दी है।
- नई दिल्ली। भारतीय रेलवे कोविड-19 की रोकथाम के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस रेलगाडिय़ां चलाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुंबई मंडल ने फ्लैट वैगन से टैंकरों को लादने और उतारने की सुविधा के लिए कलंबोली माल यार्ड पर रैंप का निर्माण किया है। कलंबोली माल यार्ड से कल शाम विशाखापट्टनम इस्पात संयंत्र के लिए 7 खाली टैंकरों के साथ रो-रो सेवा को भेजा गया।रेलवे ने पिछले साल लॉकडाउन के दौरान भी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की थी और इस श्रृंखला को बनाए रखा था। रेलवे आपातस्थिति में देश की सेवा में तत्पर है। विभिन्न राज्यों द्वारा ऑक्सीजन की आपूर्ति के अनुरोध पर रेलवे ने लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति की संभावनाएं तलाशी और इसके लिए प्रायोगिक परीक्षण किए हैं।---
- कोलकाता। पूर्व रेलवे ने मंगलवार को कहा कि 90 ड्राइवरों और गार्ड के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उसने अभी तक सियालदह संभाग की 56 लोकल ट्रेनें रद्द की हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक हावड़ा संभाग की ट्रेनें रद्द करने पर कोई फैसला नहीं किया गया है। पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया, स्थिति बहुत गंभीर है। कोविड-19 के कारण 90 ड्राइवर और गार्ड ड्यूटी पर आने में अक्षम हैं। हमें 56 लोकल ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं ताकि मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवा पर असर ना पड़े। उन्होंने कहा, जहां तक संभव है, ‘नॉन पीक आवर्स' (ऐसा समय जब भीड़ कम होती है) की ट्रेनों को रद्द किया गया है ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के कारण सात महीने से ज्यादा वक्त तक बंद रहने के बाद 11 नवंबर, 2020 से लोकल ट्रेन सेवा बहाल की गयी थी। कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भारतीय रेल ने हाल ही में घोषणा की है कि रेलवे के परिसरों और ट्रेन के भीतर मास्क नहीं लगाने पर यात्री को 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा।file photo
- सहारनपुर। कोरोना वायरस के कारण जाने माने गीतकार राजेन्द्र राजन की मृत्यु होने के चार दिन बाद संक्रमण के कारण उनकी पत्नी की भी मृत्यु हो गई। साहित्यकार डॉ. वीरेन्द्र आजम ने बताया कि अपने गीतों से देश, विदेश में ख्याति प्राप्त गीतकार राजेन्द्र राजन की विगत 15 अप्रैल को कोविड-19 से जंग लड़ते हुए मृत्यु हो गई थी जिससे साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। आजम ने बताया कि सोमवार रात को राजन की पत्नी विभा मिश्रा की भी संक्रमण के कारण मृत्यु हो गई। 62 वर्षीय विभा मिश्रा भी कवयित्री थीं। ऑक्सीजन का स्तर कम होने पर मिश्रा को उपचार के लिये मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
- सहारनपुर। सहारनपुर लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और उतर प्रदेश के पूर्व मंत्री जगदीश राणा का सोमवार रात को फरीदाबाद में निधन हो गया। 74 वर्षीय राणा पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे। राणा के परिवार की ओर से बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें फरीदाबाद के एशियन अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां कल रात को उनका निधन हो गया। जगदीश राणा के भाई पूर्व विधायक महावीर राणा ने यह जानकारी दी। राणा, मुलायम सिंह यादव के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री थे।
- ग्वालियर। प्रवासी मजदूरों से भरी एक बस मंगलवार की सुबह ग्वालियर के पास पलट गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गये। हादसा ग्वालियर-झांसी राजमार्ग पर जौरासी घाटी के पास एक मोड़ पर सुबह करीब नौ बजे हुआ। दिल्ली में लॉकडाउन होने के बाद बस प्रवासी मजदूरों को लेकर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ होते हुए छतरपुर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। ग्वालियर जिले के पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ग्वालियर-झांसी राजमार्ग के जौरासी घाटी मोड़ पर यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। बस दिल्ली से प्रवासी मजदूरों को लेकर टीकमगढ़-छतरपुर जा रही थी। उन्होंने कहा कि इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हुई है और करीब आठ लोग घायल हुए हैं। इन सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांघी ने बताया कि अन्य यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा, इस बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे, इसकी जांच की जाएगी। लेकिन, फिलहाल घायलों के इलाज और सभी मजदूरों को घर भेजने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसी बीच, हादसे के तुरंत बाद मध्य प्रदेश के अपर परिवहन आयुक्त अरविंद सक्सेना मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद विभाग तुरंत कदम उठाया है और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से कहा है कि लॉकडाउन के कारण जिन बसों से प्रवासी मजदूर घर वापस जा रहे हैं, उनकी जानकारी विभाग को दी जाए, ताकि राज्य की सीमा में उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके।
- नयी दिल्ली।दिल्ली में मंगलवार की सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे जिससे न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सुबह नौ बजे शहर की वायु गुणवत्ता 193 दर्ज की गई जो मध्यम श्रेणी में आती है। उन्होंने बताया कि सापेक्ष आर्द्रता 43 फीसदी दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि दिन में धूल की आंधी आने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
- कौशांबी (उप्र)। कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन स्थित भरवारी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। भरवारी रेलवे स्टेशन के आरपीएफ चौकी प्रभारी आरएस ध्यानी ने बताया कि थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव के निवासी रामचंद्र सेन (60) का रक्तरंजित शव आज सुबह ग्रामीणों ने रेलवे पटरी पर देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
- बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के हरैया थाना क्षेत्र में आग लगने से 17 मकान जल कर राख हो गए और इसी दौरान घर में रखी नकदी को आग से बचाने के प्रयास में एक बुजुर्ग महिला की जलकर मौत हो गई। उपजिलाधिकारी (सदर) अरुण कुमार गोड़ ने मंगलवार को बताया कि हरैया थाना क्षेत्र के भवानीडीह गाँव में सोमवार की रात में आग लगने से गाँव के 17 मकान जल गए। गोड़ ने बताया कि घर के अंदर रखी दो हजार रुपये नकदी को बचाने के प्रयास में जल रहे मकान में गयी वृद्ध महिला राजरानी (70) आग की चपेट में आ गयी और उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट मिलते ही पीड़ितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।-file photo
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा- हम सब आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं राहुल जी।नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, हल्के-फुल्के लक्षण दिखने के बाद जांच कराया, जिसमें मेरे कोरोना से संक्रमित होने का पता चला।राहुल गांधी ने कहा, हाल के दिनों में मेरे संपर्क में आए लोग सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुसरण करें और सुरक्षित रहें।'' कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने 50 वर्षीय राहुल गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, मुझे राहुल गांधी जी की सेहत को लेकर चिंता है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, हम सब आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं राहुल जी। इस संकट के समय में देश को आपके मार्गदर्शन की आवश्यकता है। आप जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटें। देश अपने जननेता का इंतजार कर रहा है।'' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा, राहुल गांधी के कोरोना से संक्रमित होने के बारे में पता चला। बहुत चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया, कामना करता हूं कि राहुल गांधी जी कोविड से शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ हों।'' इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराए गए थे। हाल के दिनों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दिग्विजय सिंह भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं।
- नयी दिल्ली । रेलवे ने सोमवार को कहा कि उसने कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर दिल्ली में सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तत्काल प्रभाव से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दी है। उत्तरी रेलवे की इस घोषणा से कुछ घंटे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में छह दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी, जो आज रात दस बजे से शुरू होकर 26 अप्रैल सुबह पांच बजे खत्म होगा। केजरीवाल ने कहा कि कोविड-19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर लॉकडाउन लगाना जरूरी था क्योंकि दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली पर इसकी क्षमता से अधिक भार पड़ा है। रेलवे के संभागीय प्रबंधन आर एन सिंह ने ट्वीट किया, ''दिल्ली क्षेत्र के नयी दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार आदि प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री रोक दी गई है।'' उन्होंने लिखा, ''उत्तरी रेलवे के दिल्ली संभाग ने कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है ताकि प्लेटफॉर्मों और स्टेशन परिसरों में यात्रियों के प्रवेश को नियंत्रित किया जा सके।'' दिल्ली में लगभग हर दिन 25,500 मामले सामने आ रहे हैं, जिससे शहर की स्वास्थ्य प्रणाली पर भार बढ़ गया है। रेलवे ने कहा कि ट्रेनें चल रही हैं और इनका संचालन जारी रहेगा। रेलवे के प्रवक्ता डी जे नारायण ने कहा, ''रेलवे यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिये तैयार है। काफी सारी ट्रेनें चल रही हैं। सभी ट्रेनें इसी तरह चलती रहेंगी।
- नई दिल्ली। कोविड-19 रोधी टीका लगाने की उम्र सीमा 18 साल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम टीका उत्पादक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।वीडियो कॉन्फ्रेंस से होने वाली यह बैठक शाम छह बजे होगी और इसमें जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से एक प्रस्तुति भी दी जाएगी। टीका उत्पादक कंपनियों के साथ भी यह विभाग समन्वय करेगा। बैठक में भारत के साथ ही विदेशों की भी शीर्ष दवा निर्माता कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिन कंपनियों के टीकों को भारत सरकार की मंजूरी मिली हुई है, उनके भी इस बैठक में शामिल होने की संभावना है। अभी तक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश-स्वीडिश कंपनी एस्ट्रोजेनेका द्वारा विकसित 'कोविशील्ड' और भारत बायोटेक कंपनी द्वारा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान के साथ साझेदारी में विकसित 'कोवैक्सीन' टीके भारत में दिए जा रहे हैं। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने कुछ शर्तों के साथ कोविड-19 के रूसी टीके 'स्पूतनिक वी' के देश में आपात इस्तेमाल को पिछले दिनों मंजूरी दे दी। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी के अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में सरकार ने एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग कोविड-19 से रोकथाम के लिए टीका लगाने को मंजूरी दे दी।
- धार । मध्य प्रदेश के धार जिले के एक गांव में कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर एक विवाह समारोह में जोर से बज रहे संगीत के साथ सैकड़ों की संख्या में लोगों के थिरकने के आरोप के मामले में दूल्हे सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। यह घटना धार जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर कुक्षी तहसील के दही ब्लॉक के ग्राम ठेन्चा में रविवार रात को हुई। इसका घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। इस वीडिया में सैकड़ों की संख्या में लोग थिरकते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कई लोगों ने ना तो मास्क पहने थे और ना ही सामाजिक दूरी के नियमों का पालन कर रहे हैं। कुक्षी के उप संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विवेक कुमार ने सोमवार को बताया, ‘‘सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद हमने दूल्हे, उसके पिताजी एवं डीजे संचालक के विरूद्ध रविवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की है।'' उन्होंने कहा कि इनके अलावा, पंचायत के सरपंच सचिव एवं कोटवार के विरूद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है, क्योंकि उनकी भी जिम्मेदारी थी कि प्रशासन को सही समय पर सूचित करें एवं यह सुनिश्चित करें कि कोविड दिशा-निर्देशों की पूरी तरह से पालन करवाया जाए। कुमार ने बताया, ‘‘तहसीलदार एवं पुलिस की संयुक्त टीम को वहां पर भेजा गया और जांच उपरांत यह पाया गया की शिकायत सही है।
- -उपसचिव स्तर, उनके समकक्ष तथा ऊपर के सभी अधिकारियों को नियमित कार्यालय आना होगानयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अपने कर्मियों के लिए सरकारी कार्यालयों में अलग-अलग पालियां निर्धारित करने, अवर सचिव और उनके नीचे के स्तर के कर्मियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत तक सीमित करने समेत सोमवार को कई दिशा-निर्देशों की घोषणा की ।कार्मिक मंत्रालय के एक बयान के अनुसार उपसचिव स्तर, उनके समकक्ष तथा ऊपर के सभी अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालय आना होगा। बयान के अनुसार उपसचिव एवं उनके समकक्ष तथा उनसे नीचे स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति 50 फीसद तक सीमित कर दी गयी है। बयान में कहा गया, ''सचिव/विभागाध्यक्ष अधिकारियों की उपस्थिति विनियमित कर सकते हैं या प्रशासनिक आधार पर अधिक अधिकारियों को कार्यालय आने को कह सकते हैं।'' मंत्रालय ने कहा कि दिव्यांग और गर्भवती महिलाओं को कार्यालय आने से छूट प्राप्त होगी लेकिन उन्हें अगले आदेश तक घर से काम करना होगा। कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कोविड-19 के मामले अप्रत्याशित रूप से बढऩे के मद्देजनर जारी किये गये ''ये दिशा-निर्देश तत्काल प्रभाव में आ जायेंगे और 30 अप्रैल, 2021 तक या अगले आदेश तक प्रभाव में बने रहेंगे।'' उन्होंने उम्मीद जतायी कि इन सभी निर्देशों का सभी नागरिकों, सरकारी कर्मियों एवं उनके परिवारों के हित में अक्षरश: पालन किया जाएगा। बयान के अनुसार सिंह ने आशा प्रकट की कि राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश सरकार भी इन दिशा-निर्देशों पर विचार करेंगी। कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि कार्यालयों में भीड़ कम करने के लिए सुबह नौ से अपराह्न पांच बजे, सुबह साढे नौ बजे से शाम छह बजे और पूर्वाह्न दस बजे से शाम साढ़े छह बजे की पालियों का अधिकारी एवं कर्मी पालन करेंगे। इसने कहा, '' जो अधिकारी किसी खास दिन कार्यालय नहीं आते हैं, उन्हें अपने घर पर पूरे वक्त टेलीफोन या अन्य संचार माध्यमों से अपने आप को उपस्थित रखना होगा और घर से काम करना होगा। '' सरकार ने कहा कि जो अधिकारी निषिद्ध क्षेत्र में रहते हैं, उन्हें तब तक कार्यालय आने से छूट प्राप्त होगी जब तक कि उनके क्षेत्र से निषिद्ध क्षेत्र की अधिसूचना हटा नहीं ली जाती है। मंत्रालय ने कहा कि कार्यालय आने वाले सभी अधिकारियों/कर्मियों को मास्क लगाना, आपस में दूरी रखना, सैनिटाइजर का उपयोग करना, बार-बार हाथ धोने समेत कोविड-19 उपयुक्त आचरण का कड़ाई से करना होगा। साथ ही, सीढिय़ों, गलियारे, साझा क्षेत्रों आदि स्थानों पर भीड़ नहीं लगानी होगी। सरकार ने कहा कि बैठकें यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होंगी एवं बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह बंद होगा। मंत्रालय ने कहा कि बायोमीट्रिक उपस्थिति निलंबित रहेगी और उपस्थिति पंजिका अगले आदेश तक उपयोग में लायी जाएगी।
- बेहरामपुर। ओडिशा के गंजाम जिले में सोमवार को एक स्टोन क्रशर इकाई में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि घटना बेहरामपुर सदर थानांतर्गत कुकुडाखांडी गांव में हुई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान कुकुडाखांडी निवासी संतोष कुमार (37) और फदरीपल्ली निवासी सुरेश कुमार पात्रा (40) के रूप में हुई।पुलिस ने कहा कि एक घायल को एम्स -भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है और दो अन्य का यहां एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि उनकी हालत नाजुक बताई गई है। उन्होंने कहा कि घायल लोग भी कुकुडाखांडी और इसके आसपास के निवासी हैं। पुलिस ने कहा कि संदेह है कि स्टोन क्रशिंग में इस्तेमाल होने के लिये एक घर की टिन की छत पर रखी जिलेटिन की छड़ों और डेटोनेटरों जैसे विस्फोटकों में धमाका हुआ। पुलिस ने कहा कि धमाके की तीव्रता बहुत अधिक रही होगी क्योंकि घर में रखे दोनों गैस सिलिंडर फट गए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
- सागर (मध्य प्रदेश)। कोरोना वायरस संक्रमण के अधिक बढ़ने के बाद 40 वर्षीय कोरोना योद्धा चिकित्सक को एयर एंबुलेंस से बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद ले जाया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर प्रदेश सरकार के द्वारा उपलब्ध कराई गई एयर एंबुलेंस से उन्हें हैदराबाद भेजा गया। डॉ. सत्येंद्र मिश्रा का इलाज कर रहे क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ जैन ने सोमवार को बताया कि हैदराबाद के चिकित्सकों की टीम रविवार आधी रात को सागर पहुंची और उन्होंने डॉ. मिश्रा को वेंटिलेटर पर रखकर संपूर्ण परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसके कुछ ही घंटे बाद तड़के पांच बजे सड़क मार्ग से 175 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें भोपाल हवाईअड्डे ले जाया गया, जहां से एयर एंबुलेंस से उन्हें हैदराबाद ले जाया गया। जैन ने बताया कि डॉ. सत्येंद्र मिश्रा सोमवार सुबह साढ़े दस बजे हैदराबाद के अस्पताल पहुंचे और उनका इलाज शुरू हो गया है। मालूम हो कि डॉ. सत्येंद्र मिश्रा के फेंफड़ों में संक्रमण बहुत ज्यादा फैलने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें प्रतिरोपण की सलाह देते हुए सर्जरी के लिए हैदराबाद जाने की सलाह दी। हैदराबाद में इलाज को लेकर डॉक्टर की आर्थिक सहायता के लिए सागर के भाजपा विधायक शैलेन्द्र जैन व जिला कलेक्टर दीपक सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अवगत कराया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री की पहल पर उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से भेजा गया। डॉ. सत्येंद्र मिश्रा बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर क्षय एवं छाती रोग विभाग में पदस्थ हैं।
- इंदौर (मप्र) ।कोविड-19 की दूसरी लहर के घातक प्रकोप के बीच यहां रेमडेसिविर दवा की कालाबाजारी पर रोक के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को अहम फैसला किया। प्रशासन ने तय किया है कि इस अपराध में शामिल लोगों को सख्त प्रावधानों वाले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। जिलाधिकारी मनीष सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, "ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि खासकर छोटे अस्पतालों के कर्मचारी रेमडेसिविर की कालाबाजारी कर रहे हैं। हम इस दवा की कालाबाजारी में शामिल लोगों को एनएसए के तहत जेल भेजेंगे।" उन्होंने कहा, " हम अस्पतालों में रेमडेसिविर के वितरण पर नजर रख रहे हैं। इस दवा की कालाबाजारी में शामिल पाए जाने पर अस्पताल संचालकों के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" जिलाधिकारी ने बताया कि राजेंद्र नगर पुलिस द्वारा रविवार को रेमडेसिविर की कथित कालाबाजारी में पकड़े गए आरोपियों में शामिल एक डॉक्टर और एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव पर रासुका लगाया जा रहा है। सिंह के मुताबिक, जिले में रेमडेसिविर की किल्लत का प्रमुख कारण मरीजों की बढ़ती मांग के मुकाबले दवा निर्माता कंपनियों की आपूर्ति घटना है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में इसकी आपूर्ति में इजाफे की उम्मीद है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक महामारी के कुल 91,015 मरीज मिले हैं। इनमें से 1,054 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।-file photo
- नयी दिल्ली ।कोविड-19 के मामलों में वृद्धि बीच दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने अपनी भौतिक ओपीडी सेवा को बंद करने और सामान्य मरीजों को भर्ती करने संबंधी सेवा को स्थगित करने का फैसला किया है, जिससे कि वायरस के प्रसार को रोका जा सके और संसाधनों को कोरोना वायरस से संक्रमित रोगियों के उपचार में लगाया जा सके। एम्स प्रशासन ने सोमवार को एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार, 22 अप्रैल से भौतिक ओपीडी सेवा, विशेषज्ञता क्लिनिक और सभी केंद्रों में रोगियों की भौतिक परामर्श सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर टेली परामर्श सेवा पर जाने का निर्णय किया गया है। इसमें कहा गया, ‘‘कोविड-19 महामारी के सामुदायिक प्रसार की संभावना को कमतर करने की बढ़ती आवश्यकता तथा मौजूदा श्रमशक्ति और संसाधनों को कोविड-19 के संदिग्ध/पुष्ट मामलों के रोगियों के उपचार में इस्तेमाल करने के मद्देनजर तथा दिल्ली सरकार द्वारा घोषित पूर्ण कर्फ्यू संबंधी स्थिति पर विचार करते हुए यह निर्णय किया गया है।'' प्रशासन ने कहा कि इसके अलावा सामान्य रोगियों को भर्ती करने संबंधी बिस्तरों का इस्तेमाल गंभीर रूप से बीमार आपातकालीन/अर्ध आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों के उपचार के लिए करने संबंधी आवश्यकता के मद्देनजर एम्स अस्पताल और सभी केंद्रों में सामान्य और निजी वार्ड में सामान्य रोगियों को भर्ती करने की सेवा को तत्काल दो सप्ताह की अवधि के लिए अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय किया गया है। इसने कहा कि इस अवधि के बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।परिपत्र में कहा गया है कि ऐसे रोगियों को भर्ती करने की सेवा जारी रहेगी जो आपातकालीन स्थिति वाले मरीज हैं और जिन्हें सामान्य वार्ड में भर्ती होने की आवश्यकता है या ऐसे रोगी जिन्हें आपातकालीन/अर्ध आपातकालीन स्थिति के चलते निजी वार्ड में भर्ती होने का परामर्श दिया गया है। इसमें कहा गया, ‘ईएचएस रोगियों को चिकित्सा आवश्यकता के अनुरूप भर्ती करने संबंधी सेवा जारी रहेगी।


.jpg)
















.jpg)







