ब्रेकिंग न्यूज़

 सेवा सेतु अभियान: ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में महज 17 दिन के शिशु का बना जाति प्रमाण पत्र

-किसी को मिली पक्के आवास की चाबी, तो किसी को आबादी पट्टा और सहायता राशि
-कटरा में जिला स्तरीय शिविर बना ग्रामीणों तक योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने का सशक्त माध्यम
 रायपुर । सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की परिकल्पना जीपीएम जिले के मरवाही विकासखंड की ग्राम पंचायत कटरा में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में साकार होती दिखाई दी। शिविर में एक ओर महज 17 दिन के शिशु का जाति प्रमाण पत्र तैयार कर परिवार को महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज उपलब्ध कराया गया, वहीं दूसरी ओर वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई। किसी को आबादी पट्टा मिला, किसी को आर्थिक सहायता तो जरूरतमंदों को स्वास्थ्य संबंधी सहायक सामग्री और आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर से कटरा सहित आसपास की 14 ग्राम पंचायतों कटरा, बेलझिरिया, उषाड़, धुम्माटोला, बरौर, टिकठी, बगरार, तेंदूमूड़ा, कछार, चनाडोंगरी, चंगेरी, परासी, धनौरा एवं मनौरा के ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला।
विधायक श्री मरपची ने कहा कि सेवा संकल्प के तहत आयोजित यह शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए आवास, शौचालय और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शासन की मंशा है कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों में विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उनका नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवेदकों को उनके आवेदन की अद्यतन स्थिति और की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। विधायक, कलेक्टर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की जानकारी ली।
17 दिन के शिशु से लेकर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा योजनाओं का लाभ
शिविर की विशेष उपलब्धि रही कि राजस्व एवं स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से प्राथमिक विद्यालय के 23 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं महज 17 दिन के शिशु का भी जाति प्रमाण पत्र तैयार किया गया। इतनी कम उम्र में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो जाने से भविष्य में शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में परिवार को सहूलियत होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। स्वामित्व योजना के तहत 8 हितग्राहियों को आबादी पट्टा प्रदान किया गया। इसी तरह आकाशीय बिजली गिरने से दम्पत्ति की मृत्यु होने पर आरबीसी 6-4 के तहत मृतकों के पुत्र को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जरूरतमंदों को मौके पर सहायता उपलब्ध कराते हुए 5 हितग्राहियों को चश्मे, 5 हितग्राहियों को छड़ी तथा 4 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा 3 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड दिए गए।
गोद भराई और अन्नप्राशन ने जोड़ा आत्मीयता का रंग
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 5 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय अपने गांव के नजदीक ही आवेदन प्रस्तुत करने, समस्याएं बताने और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला। इस तरह कटरा में आयोजित जिला स्तरीय शिविर ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को धरातल पर उतारते हुए जनसुविधा, त्वरित समाधान और सेवा प्रदाय का प्रभावी माध्यम बना।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर सुश्री आकांक्षा पांडेय, एसडीएम मरवाही सुश्री निकिता मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बूंद कुवर मास्को सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english