ब्रेकिंग न्यूज़

सरगुजा ओलंपिक:  एमसीबी में ब्लॉक एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं की तिथियां घोषित

 -तीन विकासखंडों में 9 से 13 अक्टूबर तक होंगी ब्लॉक स्तरीय स्पर्धाएं

- 23-24 अक्टूबर को सद्भावना स्टेडियम नई लेदरी में जिला स्तरीय मुकाबले

--एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित 12 खेलों में दमखम दिखाएंगे जूनियर और सीनियर खिलाड़ी

रायपुर । सरगुजा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान, प्रोत्साहन और अपनी क्षमता प्रदर्शन के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में ब्लॉक एवं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की तिथियों घोषण कर दी गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस खेल महाकुंभ में जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाडि़यों के शामिल होने की उम्मीद है। 12 प्रमुख खेल विधाओं में होगी जोरदार प्रतिस्पर्धा सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत कुल 12 प्रमुख खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कुश्ती एवं रस्साकशी शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो तथा 4×100 मीटर रिले रेस आयोजित होगी। तीरंदाजी में इंडियन राउंड के अंतर्गत 30 मीटर एवं 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। इसी तरह कराते में विभिन्न आयु एवं भार वर्ग के अनुसार मुकाबले होंगे। फुटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल में भी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। हॉकी एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं केवल जिला स्तर पर आयोजित होंगी। कुश्ती में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले होंगे। वहीं रस्साकशी प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में केवल सीनियर महिला वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। मनेन्द्रगढ़ में 9-10 अक्टूबर को ब्लॉक स्तरीय मुकाबले मनेन्द्रगढ़ विकासखंड की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 09 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक सद्भावना स्टेडियम, नई लेदरी में आयोजित की जाएंगी। जनकपुर विकासखंड की प्रतियोगिताएं 12 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 तक इंद्रप्रस्थ स्टेडियम, जनकपुर में होंगी। वहीं खड़गवां विकासखंड की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 तक मिनी स्टेडियम, खड़गवां में आयोजित की जाएंगी। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर चयनित एवं पात्र खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। 23-24 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय आयोजन सरगुजा ओलंपिक का जिला स्तरीय आयोजन 23 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक सद्भावना स्टेडियम, नई लेदरी में किया जाएगा। जिला स्तर पर खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा में शामिल होंगे। विशेष रूप से हॉकी एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर ही आयोजित की जाएंगी। 14 से 17 वर्ष के खिलाड़ी जूनियर वर्ग में होंगे शामिल सरगुजा ओलंपिक में प्रतियोगिताओं का आयोजन दो प्रमुख वर्गों में किया जाएगा। जूनियर वर्ग में 14 वर्ष से 17 वर्ष तक के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। वहीं सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाडि़यों के लिए आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। इससे जिले के किशोर खिलाडि़यों के साथ-साथ विभिन्न आयु वर्ग के अनुभवी एवं उभरते खिलाडि़यों को भी अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एक खिलाड़ी एक एकल और एक सामूहिक खेल में ले सकेगा भाग प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिभागियों के लिए आवश्यक नियम एवं दिशा-निर्देश भी निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक खिलाड़ी केवल एक एकल खेल एवं एक सामूहिक खेल में ही भाग ले सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाडि़यों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। वहीं मैदान पर उपस्थिति दर्ज कराते समय प्रत्येक खिलाड़ी को अपना पहचान पत्र (आधार कार्ड) तथा बैंक पासबुक की फोटोकॉपी अनिवार्य रूप से साथ लानी होगी। खेल प्रतिभाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्थानीय प्रशासन ने जिले के सभी युवा खिलाडि़यों, खेल प्रतिभाओं एवं खेल प्रेमियों से सरगुजा ओलंपिक में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाडि़यों को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। सरगुजा ओलंपिक 2026-27 जिले के खिलाडि़यों के लिए अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल को साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english