ब्रेकिंग न्यूज़

 धान की कमाई से बदली किसान की तकदीर, पिता ने खरीदा ट्रैक्टर, बेटा बना खेती का नया सारथी

0- धान बेचकर मिली आमदनी को बनाया समृद्धि का आधार, आधुनिक खेती की ओर बढ़ा किसान रामरतन साहू का परिवार
0- 47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे किसान, ऑनलाइन  टोकन और खरीदी व्यवस्था से मिली सहूलियत
धमतरी। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कृषक हितैषी योजनाओं से प्राप्त आर्थिक संबल अब किसानों के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रहा है। इसकी प्रेरक मिसाल धमतरी जिले के ग्राम बोरिदखुर्द के किसान श्री रामरतन साहू हैं, जिन्होंने धान की कमाई से ट्रैक्टर खरीदकर न केवल खेती को आधुनिक बनाया, बल्कि अपने बेटे को भी खेती-किसानी से जोड़कर परिवार की समृद्धि का नया रास्ता तैयार किया है।
पिता ने मेहनत से खरीदा ट्रैक्टर, बेटे के हाथों में खेती की नई उम्मीद
किसान रामरतन साहू की सफलता की कहानी मेहनत, सही आर्थिक निर्णय और शासन की योजनाओं से मिले संबल की कहानी है। लगभग ढाई एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले रामरतन साहू ने पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त आमदनी का उपयोग कृषि कार्यों को बेहतर बनाने में किया। उन्होंने अपनी कमाई से ट्रैक्टर खरीदा, जो आज उनके परिवार के लिए आत्मनिर्भरता और प्रगति का प्रतीक बन गया है
रामरतन साहू बताते हैं कि पहले खेती के अनेक कार्यों के लिए दूसरे लोगों के कृषि यंत्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब अपना ट्रैक्टर होने से खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्यों में सुविधा हो रही है। सबसे बड़ी खुशी यह है कि उनका बेटा स्वयं ट्रैक्टर चलाकर खेती में सहयोग कर रहा है। वे गर्व से कहते हैं कि धान बेचकर मिली कमाई से ट्रैक्टर खरीदना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। अब मेरा बेटा ट्रैक्टर चलाता है और खेती में मेरा हाथ बंटाता है। अपनी मेहनत की कमाई जब परिवार की तरक्की का साधन बनती है, तो उससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।
47 क्विंटल धान लेकर पहुंचे खरीदी केंद्र, चेहरे पर दिखी मेहनत की मुस्कान
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी प्रारंभ होते ही रामरतन साहू ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर अपनी पहली खेप में 47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे। अपनी मेहनत से उपजाई फसल का विक्रय करने पहुंचे रामरतन साहू के चेहरे पर संतोष और भविष्य के प्रति विश्वास साफ दिखाई दिया।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष लगभग ढाई एकड़ खेत में धान की फसल ली है। अच्छी पैदावार और शासन की खरीदी व्यवस्था से उन्हें खेती में आगे बढ़ने का उत्साह मिला है। धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों को अगली फसल की तैयारी, कृषि उपकरणों की व्यवस्था और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है।
शासन की योजनाओं से घर का खर्च हुआ कम, खेती में निवेश की बढ़ी क्षमता
रामरतन साहू के परिवार को खेती से होने वाली आमदनी के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। महतारी वंदन योजना से परिवार की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से रसोई का काम सुविधाजनक हुआ है। वहीं सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन कार्ड से प्रतिमाह 35 किलो चावल मिलने से घरेलू खर्च में राहत मिली है।
रामरतन साहू बताते हैं कि इन योजनाओं से परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है। घरेलू खर्च में होने वाली बचत का उपयोग खेती और अन्य आवश्यक कार्यों में किया जा सकता है। उनके अनुसार, शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है।
ऑनलाइन टोकन से धान बिक्री हुई आसान, खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से संतुष्ट
सोरम धान उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए रामरतन साहू ने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से निर्धारित तिथि पर धान बेचने की सुविधा मिल रही है। केंद्र में पेयजल, बारदाने और तौल की समुचित व्यवस्था होने से किसानों को सहूलियत हो रही है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। इससे किसान अपनी उपज का विक्रय व्यवस्थित ढंग से कर पा रहे हैं।
कृषक उन्नति योजना सहित किसान हितैषी योजनाओं के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
खेतों में दौड़ता ट्रैक्टर बना किसान परिवार की समृद्धि का प्रतीक
रामरतन साहू की कहानी केवल धान बेचकर ट्रैक्टर खरीदने की उपलब्धि तक सीमित नहीं है। यह उस बदलाव की कहानी है, जिसमें किसान अपनी मेहनत से अर्जित आय को पुनः खेती में निवेश कर भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है। पिता के अनुभव और बेटे की मेहनत से खेती को नई दिशा मिल रही है।
कल तक जिन खेतों में कृषि कार्यों के लिए दूसरों के साधनों का इंतजार करना पड़ता था, आज उन्हीं खेतों में परिवार का अपना ट्रैक्टर चल रहा है। बेटे के हाथों में ट्रैक्टर की कमान और पिता के चेहरे पर संतोष की मुस्कान ग्रामीण समृद्धि की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करती है। किसान की मेहनत को उचित मूल्य और परिवार को शासन की योजनाओं का संबल मिले, तो खेतों से केवल फसल ही नहीं, खुशहाली और आत्मनिर्भरता के नए सपने भी आकार लेते हैं।
-- 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english