बालिका गृह से छह लड़कियां लापता, एक का पता चला
कोझिकोड (केरल)। कोझिकोड के वेल्लीमदुकुन्नू में केरल सरकार के नियंत्रण वाले एक बालिका गृह से छह लड़कियां लापता हो गईं और उनमें से एक बेंगलुरु में मिल गई है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस की एक टीम बुधवार शाम लापता हुई अन्य लड़कियों का पता लगाने के लिए बेंगलुरु रवाना होगी। मामले की जांच कर रही चेवायूर पुलिस ने कहा कि छह लड़कियों में से एक का बेंगलुरु में मादीवाला के एक होटल में पता लगाया गया। बालिका गृह के अधिकारियों ने दो बहनों सहित अन्य लड़कियों के लापता होने की सूचना दी थी, जिसके बाद से पुलिस मामले की बारीकी से निगरानी कर रही है। चेवायूर थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘एक टीम अन्य पांच लड़कियों का पता लगाने के लिए बेंगलुरु जाने वाली है।'' खबरों के आधार पर राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने एक मामला दर्ज किया है। पुलिस को आशंका है कि लड़कियां बाहरी लोगों के सहयोग से भाग निकलीं और बुधवार रात ट्रेन या बस से बेंगलुरु पहुंचीं। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि लड़कियां बाहरी लोगों की मदद से सीढ़ी लगाकर बालिका गृह से भाग निकलीं।
Leave A Comment