ससुराल जा रहा था युवक, हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा तो गई जान
समस्तीपुर। समस्तीपुर के बंगरा थाना क्षेत्र में रविवार की रात नीलगाय से बचने के दौरान तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृत युवक की पहचान श्रीचंदरपुर कोठिया वार्ड संख्या पांच निवासी प्रीतम सिंह के पुत्र पंकज कुमार सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों का कहना है कि युवक ससुराल जा रहा था, तभी हादसा हुआ।
इधर, घटना की सूचना की मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस को दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बंगरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के चचेरे भाई कपिलदेव सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि मृतक बाइक से अपने ससुराल मुजफ्फरपुर के सकरा गांव जा रहा था। इसी दौरान बंगरा थाना के समीप ही विपरीत दिशा से आ रही एक नीलगाय उसके बाइक के सामने आ गई। इससे बचने के क्रम में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तभी वाहन कुचलते हुए फरार हो गया। जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया। वहीं परिवार व ससुराल के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Leave A Comment