शिवराज सिंह ने मंत्रियों को किया विभागों का बंटवारा
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के मंत्रिमंडल में 5 मंत्रियों के शामिल होने के बाद आज उन्हें विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया है।
नरोत्तम मिश्रा को गृह और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। तुलसी सिलावट जल संसाधन विभाग का काम संभालेंगे। गोविंद सिंह राजपूत सहकारिता और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग देखेंगे। कमल पटेल कृषि मंत्री बनाए गए हैं। मीना सिंह आदिम जाति कल्याण विभाग देखेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि अभी हमने विभागों का बंटवारा कोरोना को ध्यान में रखते हुए किया है। महामारी को नियंत्रित करने के लिए जितने विभाग जरूरी थे, उन्हें ही बनाया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कोरोना से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंत्रियों को प्रदेश के संभागों का प्रभार दिया गया है। नरोत्तम मिश्रा को भोपाल और उज्जैन संभाग, तुलसी सिलावट को इंदौर एवं सागर संभाग, कमल पटेल को जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग, गोविंद सिंह राजपूत को चंबल एवं ग्वालियर संभाग और मीना सिंह को रीवा एवं शहडोल संभाग का प्रभार सौंपा गया है।
मंत्रिमंडल के नए सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट किया-मंत्रिमंडल के सभी साथियों को अपने-अपने विभागों का पदभार ग्रहण करने पर मेरी शुभकामनाएं। हम सब मिलकर मध्यप्रदेश की सेवा करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नये भारत के विजऩ को प्रदेश में साकार करेंगे।
---








.jpg)

Leave A Comment