उत्तर प्रदेश में ‘नया इतिहास' रचा जा रहा है: भाजपा
नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में सत्ता में वापसी करती दिख रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को पार्टी के इस प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल को श्रेय दिया और कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ‘‘नया इतिहास'' रचा जा रहा है। केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा के सह-प्रभारी अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की छवि और उनकी कल्याणकारी नीतियों के भाजपा शासित राज्यों द्वारा किए गए प्रभावी क्रियान्वयन ने पार्टी को जीत दिलाई। ठाकुर ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और जनता को सुरक्षा प्रदान करने के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने आवास योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन किया तथा बिजली आपूर्ति को और मजबूती दी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा की जीत ‘‘राष्ट्रवाद, विकासवाद और कामवाद'' की जीत है।
विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए सिंह ने कहा कि किसानों के विरोध जैसे मुद्दों के जरिए उन्होंने वातावरण को प्रदूषित करने की कोशिश की लेकिन जनता ने मोदी पर भरोसा जताया। चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन पर ट्वीट करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष ने कहा, ‘‘चार राज्यों में भाजपा की जीत के पीछे यदि कोई एक कारक है तो वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्रियों के सहयोग से केंद्रीय योजनाओं एवं नीतियों का सफल क्रियान्वयन है।'' भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है। त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में कम से कम 300 सीट जीतेगी और यह स्पष्ट है कि देश के सबसे बड़े सूबे में एक नया इतिहास रचा जा रहा है। भाजपा अगर उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतती है तो यह पहली बार होगा जब पांच साल तक पूर्ण बहुमत की सरकार का नेतृत्व करने के बाद कोई मुख्यमंत्री फिर से बहुमत से सत्ता में लौटेगा। भाजपा के कई नेताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने कल्याणकारी नीतियों का प्रभावी कार्यान्वयन किया तथा एक प्रभावी एवं साफ सुथरा शासन दिया। पार्टी के कई नेताओं ने शुरुआती रुझानों को देखते हुए ‘‘जय श्री राम'' के ट्वीट किए।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट किया, ‘‘चुपचाप रहने वाले भाजपा के मतदाताओं ने मतगणना के दिन सबसे बड़ा संदेश दिया है।'' उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त बनाए हुए है। राज्य विधानसभा की 403 में से 393 सीट के प्राप्त शुरुआती रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 217 सीट पर आगे चल रही है और समाजवादी पार्टी 158 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। बहुजन समाज पार्टी 10, कांग्रेस पांच सीट पर जबकि अन्य दल तीन सीट पर आगे चल रहे हैं।






.jpg)
.jpg)

.jpg)
Leave A Comment