छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोप में कोचिंग सेंटर का निदेशक गिरफ्तार
अकोला (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के अकोला सिटी में पुलिस ने रविवार को एक जाने-माने कोचिंग सेंटर के निदेशक को एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़खानी करने एवं बातचीत के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर गिरफ्तार किया। सिविल लाइंस थाने के प्रभारी विलास पाटिल ने बताया कि चौधरी कोचिंग क्लासेज चलाने वाले आरोपी वासिम चौधरी को गिरफ्तार किया गया है एवं उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (भादसं) की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से उसपर हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग करना) तथा बाल यौन अपराध संरक्षण कानून की संबंधित धाराएं लगायी गयी हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के अनुसार 20 मई को आरोपी ने छात्रा को अपने कमरे में बुलाकर उसके साथ छेड़खानी की। बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को इस घटना के बारे में बताया जिन्होंने पुलिस में शिकायत की। आरोप है कि चौधरी ने पहले भी टेलीफोन पर छात्रा के साथ बातचीत में अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया था।










Leave A Comment