प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जापान रवाना
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में सम्मिलित होने के लिए तोक्यो रवाना हो गए हैं। आज एक ट्वीट में, प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और श्री आबे की पत्नी के प्रति सभी भारतीयों की ओर से हार्दिक संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने शिंजो आबे को अपन प्रिय मित्र और भारत-जापान मैत्री का एक महान शुभ चिंतक और समर्थक बताया। श्री मोदी ने कहा कि शिंजो आबे की परिकल्पना के अनुरूप भारत-जापान संबंधों को सुदृढ करने का काम जारी रहेगा। एक चुनाव प्रचार के दौरान इस वर्ष 8 जुलाई को शिंजो आबे की हत्या कर दी गई थी। भारत ने शिंजो आबे के सम्मान में 9 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी।
इससे पहले, नई दिल्ली में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने बताया कि शिज़ो आबे का राजकीय अंतिम संस्कार बुदोकान एरिना में होगा, जिसके बाद तोक्यो के अकासाका पैलेस में अभिनन्दन समारोह का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधि और बीस से अधिक राष्ट्राध्यक्ष इसमें भाग लेंगे। इनमें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री तथा, अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस शामिल हैं।
अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात करेंगे। विदेश सचिव ने कहा कि भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता का ये एक अवसर होगा। प्रधानमंत्री मोदी की जापान यात्रा इस वर्ष मार्च में जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की भारत जापान शिखर बैठक के लिए भारत यात्रा और मई में क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी की जापान यात्रा के बाद हो रही है। इन बैठकों में दोनों नेताओं ने भारत-जापान संबंधों को सुदृढ करने की दिशा में निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने बताया कि जापान भारत के सबसे विश्वसनीय और मूल्यवान साझेदारों में से एक है। दोनों ही देश प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं इसमें व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और बुनियादी ढांचा शामिल हैं।







.jpg)
.jpg)

Leave A Comment