उच्चतम न्यायालय ने अपनी संविधान पीठ की कार्यवाही का आज पहली बार सीधा प्रसारण किया
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने अपनी संविधान पीठ की कार्यवाही का आज पहली बार सीधा प्रसारण किया। वर्ष 2018 में तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने संवैधानिक महत्व के मामलों की महत्वपूर्ण कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने का ऐतिहासिक निर्णय दिया था। उच्चतम न्यायालय की कार्यवाही का प्रसारण webcast.gov.in/scindia पर उपलब्ध है।
प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के पास जल्द ही अपनी कार्यवाही के सीधे प्रसारण के लिए अपना प्लेटफॉर्म होगा। प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता में उच्चतम न्यायालय ने न्यायमूर्ति मिश्रा के निर्णय के चार वर्ष बाद आज से सभी संविधान पीठ की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने का निर्णय लिया है।
इस बीच, उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने आज 103वें संवैधानिक संशोधन को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रखा। इसके अन्तर्गत शिक्षा और सार्वजनिक रोजगार में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की शुरुआत की गई थी।न्यायालय ने आज निर्वाचन आयोग को एकनाथ शिंदे समूह के असली शिवसेना के दावे के बारे निर्णय करने से रोकने से मना कर दिया।
Leave A Comment