ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री मोदी ने गुवाहाटी-एनजेपी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

गुवाहाटी.  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को गुवाहाटी से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के लिये रवाना किया। प्रधानमंत्री ने स्क्रीन पर प्रतीकात्मक रूप से हरी झंडी दिखा कर गुवाहाटी स्टेशन से ट्रेन रवाना की, जहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्वोत्तर में पर्यटन, शिक्षा, व्यापार एवं रोजगार को बढ़ावा देगी। गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) के बीच चलाई गई अर्द्ध उच्च गति की यह ट्रेन असम एवं पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क सेवा को मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ट्रेन असम में कामाख्या मंदिर, काजीरंगा और मानस राष्ट्रीय उद्यान और पोबितोरा के साथ-साथ मेघालय में शिलांग और चेरापूंजी और अरुणाचल प्रदेश में तवांग और पासीघाट के लिए पर्यटन क्षमता को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने इस सप्ताह अपने कार्यकाल के नौ साल पूरे किए हैं और ‘पिछले नौ साल नए विकास की असाधारण यात्रा' के रहे हैं। मोदी ने कहा कि देश को रविवार को एक नया और भव्य संसद भवन मिला है जो देश की समृद्ध लोकतांत्रिक विरासत को आधुनिक लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ेगा। उन्होंने कहा, “कई ऐसी उपलब्धियां हैं, जिनकी 2014 से पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मकान, शौचालय, अस्पताल, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे उपलब्ध कराकर तेजी से विकास की नींव रखी और गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री ने कहा, “यह ढांचागत सुविधाएं हैं जो गरीबों, दलितों और समाज के पिछड़े वर्ग को मजबूत करती हैं। बुनियादी ढांचा बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए है, जो सच्चे सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता को दर्शाता है।” उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों के दौरान पूर्वोत्तर में अभूतपूर्व ढांचागत विकास हुआ है।
मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों ने पूर्व में हुई लापरवाही की भारी कीमत चुकाई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को रेल, सड़क और हवाई अड्डे की सुविधाओं की कमी के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार इस बात का उदाहरण है कि “लोगों की सेवा करने के इरादे से विकास किए जाने पर, अभूतपूर्व विकास कैसे हो सकता है।'' प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेलवे के विस्तार के लिए बजट आवंटन में चार गुना वृद्धि की गई है और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की राजधानियों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने का काम चल रहा है। मोदी ने इस बात का भी उल्लेख किया कि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन देश का पहला ऐसा स्टेशन है जहां एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति द्वारा प्रबंधित चाय की एक दुकान है। इसे उन्होंने समाज के अब तक उपेक्षित वर्ग को गरिमा और सम्मान देने की दिशा में एक कदम बताया। उन्होंने कहा, “आज का दिन रेल संपर्क के क्षेत्र में असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर के लिए एक बड़ा दिन है।” अत्याधुनिक ट्रेन क्षेत्र के लोगों को इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने के अलावा गति और आराम से यात्रा करने का साधन प्रदान करेगी। गुवाहाटी- न्यूजलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस सफर को पांच घंटे 30 मिनट में तय करेगी, जबकि इस मार्ग पर वर्तमान सबसे तेज ट्रेन उसी यात्रा को तय करने में छह घंटे 30 मिनट का समय लेती है। प्रधानमंत्री ने 182 किलोमीटर लंबे मार्ग के नए विद्युतीकृत खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित किया और असम के लुमडिंग में नवनिर्मित डेमू/मेमू शेड का भी उद्घाटन किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english