महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर का निधन
पुणे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर का आज निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार श्री निलंगेकर का पुणे में एक निजी अस्पताल में निधन हुआ।
वे जुलाई में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, लेकिन बाद में स्वस्थ हो गए थे और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। पुणे के अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा और साथ ही उनके गुर्दे ने अचानक काम करना बंद कर दिया था।
मराठावाड़ा क्षेत्र के लातुर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर जून 1985 से मार्च 1986 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। निलंगेकर ने अपनी बेटी और उसकी दोस्त की मदद के लिए 1985 में एमडी परीक्षा के नतीजों में छेड़छाड़ के आरोप लगने के कारण मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वे 2003 में सुशील कुमार शिंदे के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में राजस्व मंत्री बने। 2014 उन्हें अपने पोते संभाजी पाटिल निलंगेकर से हार का सामना करना पड़ा जो उस समय निलंगा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार थे। उससे पहले 1962 से शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर महाराष्ट्र की निलंगा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
---
Leave A Comment