दुष्कर्म के बाद मासूम बच्ची की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार
लखीमपुर । उप्र के लखीमपुर-खीरी में मासूम के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना ईसानगर थाना क्षेत्र के पकरिया गांव की है। एसपी लखीमपुर खीरी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 13 वर्षीय बालिका का शव ईसानगर क्षेत्र में एक खेत में पाया गया था। आज उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। इस मामले में केस दर्ज करने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह बालिका शुक्रवार सुबह खेतों की ओर शौच के लिए गई थी , लेकिन, उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसके काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की तो गांव में ही गन्ने के खेत में बालिका का शव मिला। घटना के बाद शनिवार को एसपी सत्येंद्र कुमार ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पीडि़त परिवार से बातचीत की। बालिका के पिता की शिकायत पर गांव के ही दो आरोपियों संतोष यादव और संजय गौतम के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
इस बीच दुष्कर्म के बाद दलित बच्ची की हत्या के मामले में परिवार के लोगों का कहना है कि हत्या के दौरान उसकी आंखें फोड़ी गई और जुबान काटने की कोशिश हुई।
एडिशनल एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हत्या से पहले किशोरी से दुष्कर्म किया गया था। उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गई। उन्होंने लड़की की आंखें फोडऩे और जुबान काटने की बात को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और धारा 376 (डी) (सामूहिक दुष्कर्म ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Leave A Comment