चालू खरीफ मौसम में एक हजार 95 लाख हैक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसल बुआई का कीर्तिमान बना
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आज कहा कि चालू खरीफ मौसम में 1,095 लाख हैक्टेयर से अधिक इलाके में विभिन्न फसलें बोई गई हैं जो एक रिकॉर्ड है। धान की बुआई अब भी जारी है जबकि दलहनों, मोटे अनाज, बाजरा और तिलहनों की बुआई का काम लगभग पूरा हो चुका है।
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया है कि आज की तारीख तक खरीफ की फसल के क्षेत्र में बढ़ोतरी होने पर कोविड-19 महामारी का असर पडऩे का कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर बीज, कीटनाशक, उर्वरक, मशीनरी और ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने से काफी बड़े इलाके में खरीफ की फसलों की बुआई संभव हुई है। श्री तोमर ने कहा कि किसानों को इस बात का श्रेय दिया जाना चाहिए, कि उन्होंने समय रहते नई टेक्नोलॉजी को अपनाया और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का फायदा उठाने के लिए आगे आए।
कृषि मंत्रालय ने कहा है कि धान की बुआई 396 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 365 लाख हैक्टेयर पर धान की फसल बोई गई थी। इस साल दलहनों की खेती 136 लाख हैक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हुई है, जबकि पिछले साल 130 लाख हैक्टेयर में दलहनी फसलें बोई गई थीं।
---
Leave A Comment