राष्ट्रीय कामधेनु आयोग ने कामधेनु दीपावली मनाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया
- दीपावली के दौरान 11 करोड़ घरों में गाय के गोबर से बने 33 करोड़ दीये पहुंचाने का लक्ष्य
नई दिल्ली। राष्ट्रीय कामधेनु आयोग ने दीपावली त्योहार के अवसर पर इस साल कामधेनु दीपावली मनाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से कामधेनु आयोग दीपावली के दौरान गाय के गोबर और इससे बने उत्पादों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहा है। इस साल दीपावली से पहले ही गाय के गोबर से बने दीये, धूप बत्तियां, स्वास्तिक, पेपर वेट, हवन सामग्री और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां बनना शुरू हो गई हैं।
मत्स्य, पशुपालन और डेरी विकास मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि कामधेनु आयोग ने दीपावली के दौरान 11 करोड़ घरों में गाय के गोबर से बने 33 करोड़ दीये पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अब तक इस काम की उत्साहजनक प्रतिक्रियाएं मिली हैं और अकेले धर्मनगरी अयोध्या में ही तकरीबन तीन लाख दीये जलाए जाएंगे और एक लाख दीए शिव की नगरी वाराणसी में जलाए जाएंगे।
गौवंश आधारित हजारों उद्यमों के लिए अवसर सृजित होने के अलावा गाय के गोबर से बने उत्पादों के इस्तेमाल से स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा। इसके साथ ही गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी। पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम करने के साथ ही चीन आयातित दीओं का पर्यावरण अनुकूल विकल्प प्रदान कर इस अभियान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया कार्यक्रम और स्वदेशी आंदोलन को बढ़ावा मिलेगा।
---
Leave A Comment