सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का अरब सागर में सफल परीक्षण
नई दिल्ली। आवाज से भी अधिक रफ्तार से उड़ान भरने वाली सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल का आज भारतीय नौ सेना के विध्वंसक पोत आईएनएस चेन्नई से सफल परीक्षण किया गया।
परीक्षण के दौरान ब्रह्मोस ने अरब सागर स्थित ठिकाने पर अचूक निशाना लगाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफलता के लिए डीआरडीओ, ब्रह्मोस कंपनी और भारतीय नौसेना को शुभकामनाएं दी हैं। रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉक्टर जी. सतीश रेड्डी ने भी इस उपलब्धि के लिए वैज्ञानिकों और इस प्रक्षेपास्त्र के निर्माण से जुडे सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दी हैं।
डीआरडीओ के अध्यक्ष ने कहा है कि ब्रह्मोस मिसाइल से भारतीय सशस्त्र बलों की क्षमता में कई तरह से बढोतरी होगी। ब्रह्मोस भारत का प्रमुख प्रहार प्रक्षेपास्त्र है जो समुद्र की सतह पर सुदूर ठिकानों को निशाना बना सकता है। इससे हमारी नौ सेना के विध्वंसक पोतों को एक और घातक अस्त्र मिल गया है। विभिन्न प्रकार से काम में लायी जा सकने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का डिजायन तैयान करने, विकास और निर्माण का कार्य भारत और रूस ने मिलकर किया है।
Leave A Comment