कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 90.85 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली। भारत ने कोविड-19 से लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कोविड से स्वस्थ होने की दर 90.85 प्रतिशत हो गई है। इसके साथ ही कोविड-19 महामारी से स्वस्थ लोगों की संख्या करीब 72 लाख 60 हजार हो गई है। देश में इस रोग से स्वस्थ हुए लोगों की संख्या संक्रमितों से करीब 12 गुणा ज्यादा हो गई है।
पिछले 24 घंटे में करीब 59 हजार रोगी स्वस्थ हुए। इस दौरान करीब 44 हजार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस समय 6 लाख 10 हजार 803 मरीजों का इलाज चल रहा है जो कुल संक्रमित लोगों का करीब 7.64 प्रतिशत है। रोजाना स्वस्थ हो रहे लोगों की संख्या बढऩे, इलाज करा रहे मरीजों की संख्या लगातार घटने और मृत्युदर कम बनी रहने के कारण भारत में कोविड मरीजों की संख्या कम होने में मदद मिली है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि देशभर में स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे में सुधार, राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में केन्द्र के मानक उपचार प्रोटोकॉल को लागू करने और डॉक्टरों, अन्य स्वास्थ्यकर्मियों तथा अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के समर्पण और प्रतिबद्धता से स्वस्थ लोगों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। इस समय देश में मृत्यु दर 1.5 प्रतिशत है। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 508 लोगों की मृत्यु हुई, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत 10 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में हैं। पिछले 24 घंटे में 10 लाख 66 हजार से अधिक कोविड जांच की गईं। अब तक लगभग 10 करोड़ 55 लाख जांच की गई है।
Leave A Comment