भारतीय जलक्षेत्र में पहली बार गोबी मछली देखी गई
ब्रह्मपुर. वैज्ञानिकों के एक समूह ने भारतीय जलक्षेत्र में पहली बार गोबी मछली (बैथीगोबियस मेगेटी) होने का पता लगाया है। यह गोबी मछली ओडिशा के गंजम जिले में गोपालपुर के पास आर्यपल्ली में देखी गयी है। गोपालपुर स्थित भारतीय प्राणि सर्वेक्षण (जेडएसआई) के मुहाना जीवविज्ञान क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अनिल महापात्रा ने बताया कि हालांकि मछली की यह प्रजाति जापान, ऑस्ट्रेलिया, पूर्वी अफ्रीका और फारस की खाड़ी सहित भारत-पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में पाई जाती है, लेकिन इससे पहले भारत में इसके पाए जाने की कोई सूचना नहीं थी। पिछले वर्ष दिसंबर में आर्यपल्ली के कृत्रिम चट्टानी ज्वारीय क्षेत्र से तीन जीवित नमूने एकत्र किए गए थे। आर्यपल्ली मछली पालन पर आधारित एक प्रमुख गांव है। विस्तृत अध्ययन के बाद, वैज्ञानिकों ने इस प्रजाति की पहचान गोबी मछली के रूप में की और कहा कि यह भारत में पहली बार पाई गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्र में पाई जाने वाली बैथीगोबियस मेगेटी पर एक रिपोर्ट सोमवार को अंतरराष्ट्रीय पत्रिका नेशनल एकेडमी साइंस लेटर्स में प्रकाशित हुई।''

.jpeg)








Leave A Comment