पूर्व केंद्रीय मंत्री, भाजपा नेता कबींद्र पुरकायस्थ का निधन
हैलाकांडी,। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कबींद्र पुरकायस्थ का बुधवार को वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं के कारण निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे। सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक चिकित्सक ने पत्रकारों को बताया, “पुरकायस्थ को कुछ दिन पहले उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। कुछ समय पहले उनका निधन हो गया।” उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। उनके बेटे कणाद पुरकायस्थ असम से राज्यसभा सदस्य हैं। कबींद्र पुरकायस्थ 1998-99 के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी की पहली सरकार के दौरान केंद्रीय संचार राज्य मंत्री थे। वह 1991 में पहली बार सिलचर सीट से लोकसभा के लिए चुने गए। वह 1998 और 2009 में फिर से सांसद बने।
साल 1931 में सिलहट के कमरखाल में जन्मे पुरकायस्थ असम की बराक घाटी में भाजपा के कद्दावर नेता थे।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि पुरकायस्थ सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "एक प्रखर बुद्धिजीवी, एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता - वह अपने आप में एक संस्था थे, ऐसे व्यक्ति जिन्होंने क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी और इसे असम की पसंदीदा राजनीतिक पार्टी के रूप में विकसित होने में मदद की।" असम भाजपा ने दिवंगत नेता के सम्मान में बृहस्पतिवार को सभी निर्धारित गतिविधियों को निलंबित कर दिया है।

.jpg)




.jpg)
.jpg)

Leave A Comment