प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट के लिए विश्व के नेताओं का स्वागत किया
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां भारत मंडपम में जारी 'एआई इम्पैक्ट समिट' में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित विश्व के नेताओं का स्वागत किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे का स्वागत ढोल, नादस्वरम और तानपुरा सहित पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन से किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोशी से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लई, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो उन नेताओं में शामिल थे, जिनका मोदी ने भव्य रूप से सजाये गए भारत मंडपम में स्वागत किया। यूनान के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस और गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव भी उन नेताओं में शामिल थे, जिनका प्रधानमंत्री ने स्वागत किया। इस शिखर सम्मेलन में दुनियाभर के 500 से अधिक एआई दिग्गज, करीब 100 सीईओ एवं संस्थापक, 150 शिक्षाविद एवं शोधकर्ता और 400 मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ), उपाध्यक्ष तथा धर्मार्थ कार्य करने वाले व्यक्ति शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भी भाग लेंगे जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष एवं शासन-प्रमुख तथा करीब 60 मंत्री एवं उप मंत्री शामिल हैं।









Leave A Comment