जिला अस्पताल में आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत
-राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया
-स्वास्थ्य मंत्री ने मृतक बच्चों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया
नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर के नजदीक भंडारा जिले में सरकारी अस्पताल में शनिवार देर रात आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई।
जिला अस्पताल के बच्चों के नवजात केयर यूनिट में देर रात करीब 2 बजे अचानक से आग लगने से यह दर्दनाक हादसा हो गया है। 7 शिशुओं को किसी तरह सुरक्षित बचा लिया गया है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी। मिली जानकारी के अनुसार देर रात अस्पताल के आउट बोर्न यूनिट में धुआं निकल रहा था। जब अस्पताल की नर्स ने दरवाजा खोला तो देखा आउट बॉर्न यूनिट में सब जगह धुआं ही धुआं था। नर्स ने तुरंत अस्पताल के अधिकारियों को बुलाया। आपातकाल विभाग और दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन 10 बच्चे इस हादसे के शिकार हो गए।
भंडारा के जिला कलेक्टर संदीप कदम ने बताया कि रात को करीब डेढ़ से दो बजे के बीच में सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट में आग लगने से 10 बच्चों की मौत हुई है और हमने 7 बच्चों को बचाया है। मामले में विस्तृत जांच की जाएगी और घटना का कारण पता लगाया जाएगा।
हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त करते हुए अपने ट्वीट में कहा-महाराष्ट्र के भंडारा में हुए अग्नि हादसे में शिशुओं की असामयिक मृत्यु से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस ह्रदय विदारक घटना में अपनी संतानों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (फाइल तस्वीर)
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में अपने ट्वीट में लिखा- महाराष्ट्र के भंडारा में दिल दहला देने वाली त्रासदी है, जहां हमने कीमती युवा जीवन को खो दिया। मेरे विचार सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे।
वहीं महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने अपने ट्वीट में कहा, 'भंडारा स्थित जिला सामान्य अस्पताल की नवजात देखभाल यूनिट में आग लगने से 10 नवजातों की मौत की खबर चौंकाने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने भंडारा पुलिस को घटना की पूरी जांच करने का आदेश दिया है। आज मैं खुद भंडारा जिला के इस अस्पताल में जा रहा हूं।' वहीं स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मृतक बच्चों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।
इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने अपने ट्वीट में कहा, मैं भंडारा जिला अस्पताल के सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट में आग लगने की घटना में तत्काल जांच की मांग करता हूं। मैंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा है।

.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
Leave A Comment