अविवाहित माता ने अपने नवजात बच्चे को सीएम आवास के पास छोड़ा, कुछ घंटे बाद पकड़ी गयी
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आधिकारिक आवास 'ओकओवर' के पास अपने नवजात बच्चे को छोड़कर गयी एक अविवाहित माता को घटना के कुछ घंटे बाद पकड़ लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस महिला का पता लगाने में कामयाब रही और उसके घर पहुंच गयी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार तड़के महिला ने कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) के पास अपने नवजात बेटे को छोड़ दिया था जो यहां मुख्यमंत्री आवास से बेहद करीब है। मुख्यमंत्री के सुरक्षा बल के एक सदस्य ने परित्यक्त नवजात बालक के रोने की आवाज सुनी और पुलिस को सूचित किया। छोटा शिमला पुलिस थाना से पुलिस ने बच्चे को इलाज के लिए यहां के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब पांच घंटे के भीतर महिला को पकड़ लिया गया। इसके बाद महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (भादसं) की धारा 317 (12 साल से कम उम्र के बच्चे का परित्याग) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले में जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक रंजना शर्मा ने बताया कि महिला को केएनएच इलाज के भर्ती कराया गया है। ठीक होने के बाद उसे सक्षम अदालत में पेश किया जायेगा। file photo










Leave A Comment