अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे 51 राज्यसभा सांसद
नई दिल्ली। राज्यसभा से भाजपा और कांग्रेस समेत कई दलों के 51 सांसद अप्रैल में सेवानिवृत्त हो रहे है। इसके साथ ही अप्रैल में होने वाले चुनाव में इन दोनों दलों के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को ज्यादा सीटें मिलने की संभावना है। भाजपा के लिए यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि राज्यसभा में उसे अभी भी बहुमत नहीं है। राज्यसभा में भाजपा के 82 सांसद हैं। पार्टी को उम्मीद है कि अप्रैल में होनेवाले चुनाव में उसे 13 सीटें मिल सकती है। राज्यसभा में फिलहाल 245 सांसद हैं। ओडिशा में राज्य सभा की तीन सीटों में से बीजू जनता दल (बीजद) को दो और भाजपा को एक सीटें जबकि आंध्र प्रदेश की सभी 4 सीटें वाईएसआर कांग्रेस को मिलने की उम्मीद है। भाजपा को हिमाचल और हरियाणा से एक-एक सीटें मिलने की उम्मीद है। राज्यसभा में कांग्रेस के 46 सांसद हैं और उसे 10 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस के 11 सदस्य अप्रैल में रिटायर होंगे।
Leave A Comment